Kotak Mahindra Bank का शेयर धड़ाम, RBI के एक्शन के बाद 11% टूटा

Kotak Mahindra Bank Share Price: RBI के प्रतिबंध के बाद कई ब्रोकरेजेस का कोटक महिंद्रा बैंक के शेयर में भरोसा घटा है। RBI के मुताबिक, वर्ष 2022 और 2023 के लिए बैंक की IT जांच से उत्पन्न महत्वपूर्ण चिंताओं और इन चिंताओं से समय पर व सही तरीके से निपटने में बैंक के लगातार नाकाम रहने के बाद यह कदम उठाना जरूरी हो गया था

अपडेटेड Apr 25, 2024 पर 4:46 PM
Kotak Mahindra Bank का मार्केट कैप गिरकर 3.26 लाख करोड़ रुपये पर आ गया है।

Kotak Mahindra Bank Share Price: कोटक महिंद्रा बैंक के शेयर में 25 अप्रैल को 11 प्रतिशत की बड़ी गिरावट आई। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने आईटी मानदंडों का बार-बार अनुपालन न करने की वजह से कोटक महिंद्रा बैंक को ऑनलाइन और मोबाइल बैंकिंग के जरिए नए ग्राहक जोड़ने और क्रेडिट कार्ड जारी करने से तत्काल प्रभाव से रोक दिया है। RBI ने एक बयान में कहा कि कोटक महिंद्रा बैंक के आईटी जोखिम प्रबंधन, सूचना सुरक्षा संचालन में गंभीर कमियां पाए जाने पर यह एक्शन लिया गया है। RBI के प्रतिबंध के बाद कई ब्रोकरेजेस का कोटक महिंद्रा बैंक के शेयर में भरोसा घटा है। कुछ ब्रोकरेज ने शेयर के लिए रेटिंग और टारगेट प्राइस घटा दिया है। इसके चलते भी शेयर में गिरावट आई है।

सुबह बीएसई पर कोटक महिंद्रा बैंक का शेयर लाल निशान में 1675 रुपये पर खुला। तुरंत ही यह पिछले बंद भाव से 10 प्रतिशत टूटकर 1658.75 रुपये के लो पर आया और लोअर प्राइस बैंड को टच कर गया। लेकिन लोअर सर्किट नहीं लगा। इसके बाद इंट्रा डे के लिए लोअर सर्किट लिमिट को बढ़ाकर 15 प्रतिशत कर दिया गया। अब शेयर के 1,566.60 रुपये के लो पर आने पर लोअर सर्किट लगेगा। इसके बाद शेयर 1620 रुपये के लो तक गया। कारोबार खत्म होने पर शेयर 10.85 प्रतिशत की गिरावट के साथ 1643 रुपये पर सेटल हुआ। बैंक का मार्केट कैप गिरकर 3,26,615 करोड़ रुपये पर आ गया है।

RBI का तर्क


RBI के बयान के मुताबिक, वर्ष 2022 और 2023 के लिए बैंक की सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) जांच से उत्पन्न महत्वपूर्ण चिंताओं और इन चिंताओं से समय पर व सही तरीके से निपटने में बैंक के लगातार नाकाम रहने के बाद यह कदम उठाना जरूरी हो गया था। RBI ने दिसंबर, 2020 में बार-बार टेक्निकल दिक्कतें सामने आने पर HDFC Bank पर भी नए कार्ड जारी करने और नई डिजिटल पहल शुरू करने पर रोक लगा दी थी। हालांकि मार्च, 2022 में यह रोक हटा दी गई थी।

Kotak Mahindra Bank के खिलाफ कार्रवाई के संबंध में RBI ने कहा, ‘‘आईटी डेटा मैनेजमेंट, यूजर एक्सेस मैनेजमेंट, विक्रेता जोखिम प्रबंधन, आंकड़ों की सुरक्षा और आंकड़ा लीक रोकथाम रणनीति, व्यापार निरंतरता और संकट के बाद पटरी पर लौटने की कवायद आदि क्षेत्रों में गंभीर कमियां और गैर-अनुपालन देखे गए।’’ ऐसी स्थिति में कोटक महिंद्रा बैंक को तत्काल प्रभाव से अपने ऑनलाइन और मोबाइल बैंकिंग के जरिए नए ग्राहक जोड़ने और नए क्रेडिट कार्ड जारी करने को रोकने का निर्देश दिया गया है। हालांकि, बैंक अपने मौजूदा ग्राहकों सहित क्रेडिट कार्ड धारकों को सेवाएं देना जारी रखेगा। आरबीआई की पूर्व-अनुमति के साथ बैंक द्वारा शुरू किए जाने वाले एक व्यापक बाहरी ऑडिट के पूरा होने पर इन पाबंदियों की समीक्षा की जाएगी।

Buzzing Stocks: कोटक महिंद्रा बैंक से लेकर HUL तक, आज इंट्राडे में इन 10 शेयरों पर रखें नजर

ब्रोकरेज का कोटक महिंद्रा बैंक शेयर पर रुख

Macquarie का कहना है कि RBI का प्रतिबंध कोटक महिंद्रा बैंक के लिए एक बड़ा झटका है। Citi के एनालिस्ट्स का भी मानना है कि RBI का एक्शन बैंक की ग्रोथ, नेट इंट्रेस्ट मार्जिन और फीस से होने वाली आय पर प्रतिकूल प्रभाव डालेगा। Citi ने कोटक महिंद्रा बैंक के शेयर के लिए 'न्यूट्रल' रेटिंग के साथ 2,040 रुपये प्रति शेयर का टारगेट प्राइस सेट किया है। Jefferies ने शेयर के लिए 'होल्ड' रेटिंग रखी है और टारगेट प्राइस 2050 रुपये से घटाकर 1,970 रुपये प्रति शेयर कर दिया है। ब्रोकरेज ने कहा है कि ऑडिट और रिजॉल्यूशन प्रोसेस के बाद भारतीय रिजर्व बैंक की ओर से लिए गए एक्शंस का पुनर्मूल्यांकन किया जाएगा।

Emkay Global के एनालिस्ट्स का मानना है कि ये प्रतिबंध कोटक बैंक के CASA रेशियो और नए कार्ड एक्वीजीशन समेत पूरी बिजनेस ग्रोथ पर असर डालेंगे। इससे मीडियम टर्म में बैंक की अर्निंग प्रभावित होगी। ब्रोकरेज ने कोटक बैंक शेयर के लिए रेटिंग को रिवाइज कर 'एड' से 'रिड्यूस कर दिया है। साथ ही मार्च 2025 के लिए टारगेट प्राइस 1950 रुपये प्रति शेयर से घटाकर 1750 रुपये प्रति शेयर कर दिया है।

CLSA का मानना है कि अगर प्रतिबंध लंबे वक्त तक नहीं रहता है तो इसका बैंक के मुनाफे पर प्रभाव हल्का ही रहेगा। ब्रोकरेज ने कोटक बैंक शेयर के लिए रेटिंग को 'आउटपरफॉर्म' रखा है और 2100 रुपये प्रति शेयर का टारगेट प्राइस दिया है।

Happiest Minds की होने वाली है PureSoftware Technologies, कितने करोड़ में होगा 100% इक्विटी का सौदा

Disclaimer: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।