KPIT Tech share : ईरान-इजरायल के सीजफायर ने बाजार में जोश भर दिया है। निफ्टी 300 अंकों से ज्यादा की तेजी के साथ 25300 के करीब कारोबार कर रहा है। बैंक निफ्टी भी 700 अंक उछलकर नए शिखर की दहलीज पर दिख रहा है। मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में जोरदार खरीदारी देखने को मिल रही है। लेकिन इस तेजी के बावजूद KPIT TECH के शेयरों में आज जोरदार गिरावट देखने को मिल रही है। इसके चलते आज शेयर पर सबकी नजरें बनी हुई है। दरअसल शेयर में करीब 5 फीसदी की गिरावट है।
KPIT टेक में गिरावट क्यों?
क्या है इस गिरावट की वजह इस पर नजर डालें तो कंपनी के मैनेजमेंट की कमजोर कमेंट्री ने निवेशकों को निराश कर दिया है। इसके चलते आज शेयर की भारी पिटाई हुई है। 5 फीसदी से ज्यादा की गिरावट के साथ ये शेयर आज वायदा का टॉप लूजर बना है। कंपनी ने कहा है कि डिमांड को लेकर अनिश्चितता कायम है। प्रोजेक्ट में देरी हो रही है। कारोबार को लेकर कंपनी के कमेंट्री से निराशा बाजार को निराशा हुई है। बढ़ते जियोपॉलिटिकल तनाव और टैरिफ से कारोबारी माहौल अनिश्चित है।
कंपनी के मैनेजमेंट ने कहा है कि डील पाइपलाइन अच्छी बनी हुई है। लेकिन कनवर्जन की रफ्तार उम्मीद से ज्यादा धीमी है। यूरोप में डिमांड का ट्रेंड पॉजिटिव दिख रहा है। लेकिन अमेरिका और एशिया में डिमांड अनिश्चित है। ऑर्डर पर काम की रफ्तार धीमी है। वित्त वर्ष 2026 की पहली छमाही में किसी एक-मुश्त कमाई की उम्मीद नहीं है। फॉरेक्स की चाल से अन्य आय पर दबाव देखने को मिल सकता है।
KPIT TECH पर ब्रोकरेज की राय
कोटक इंस्टीट्यूशनल इक्विटीज की इस स्टॉक में 1,000 रुपए के लक्ष्य के लिए बिकवाली की सलाह है। ब्रोकरेज ने कंपनी के वित्त वर्ष 2026-28 के अर्निंग अनुमान में 3-4 फीसदी की कटौती की है।
वहीं, जेपी मॉर्गन ने इस स्टॉक में ओवरवेट कॉल देते हुए 1500 रुपए का टारगेट दिया है। ब्रोकरेज का मानना है कि वित्त वर्ष 2026 की पहली तिमाही में गिरावट आ सकती है,उसके बाद दूसरी तिमाही में ग्रोथ की ओर वापसी होगी। वित्त वर्ष 2026 के ऑर्गेनिक ग्रोथ अनुमान में 4 फीसदी की कटौती की गई है। वहीं, वित्त वर्ष 2026-28 CAGR अनुमान को 16.5 फीसदी से घटाकर 14.5 फीसदी किया गया है।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए विचार एक्सपर्ट के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। यूजर्स को मनी कंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।