L&T Tech Q2: एलएंडटी टेक्नोलॉजी सर्विसेज लिमिटेड ने आज 16 अक्टूबर को FY25 की दूसरी तिमाही के नतीजे जारी कर दिए हैं। जुलाई-सितंबर तिमाही में कंपनी का नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर करीब 2 फीसदी बढ़ गया है। कंपनी ने इस अवधि में 319.6 करोड़ रुपये का मुनाफा कमाया है। पिछले साल की समान तिमाही में कंपनी का नेट प्रॉफिट 315.40 करोड़ रुपये था। वहीं, कंपनी ने जून तिमाही में 313.60 करोड़ रुपये का नेट प्रॉफिट दर्ज किया था।
L&T Tech का रेवेन्यू 8 फीसदी बढ़ा
सितंबर तिमाही में कुल आय बढ़कर 2637.9 करोड़ रुपये हो गई, जो एक साल पहले 2427.7 करोड़ रुपये थी। तिमाही आधार पर इसने चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में 2524.1 करोड़ रुपये की कुल आय दर्ज की थी। कंपनी का कुल खर्च बढ़कर 2197.1 करोड़ रुपये हो गया, जबकि एक साल पहले इसी अवधि में यह 991.60 करोड़ रुपये था।
डिविडेंड के लिए रिकॉर्ड डेट
कंपनी ने अंतरिम डिविडेंड के पेमेंट के लिए रिकॉर्ड डेट भी तय की है। एक्सचेंज फाइलिंग में कंपनी ने कहा कि अंतरिम डिविडेंड का भुगतान कंपनी के उन इक्विटी शेयरधारकों को किया जाएगा, जिनके नाम सदस्यों के रजिस्टर या डिपॉजिटरी के रिकॉर्ड में इक्विटी शेयरों के बेनिफिशियल ओनर्स के रूप में शुक्रवार, 25 अक्टूबर, 2024 को दर्ज होंगे।
इस बीच कंपनी के शेयरों में आज 0.33 फीसदी की मामूली तेजी देखी गई और यह स्टॉक BSE पर 5336 रुपये के भाव पर बंद हुआ है। कंपनी का मार्केट कैप 56,474 करोड़ रुपये है।