इंफ्रास्ट्रक्चर और कंस्ट्रक्शन सेक्टर की कंपनी लार्सन एंड टुब्रो (L&T) का शेयर 11 अगस्त को बीएसई पर लगभग 2 प्रतिशत बढ़त के साथ 3667.90 रुपये पर बंद हुआ। दिन में शेयर 3676 रुपये के हाई तक गया। कंपनी ने एक बयान में बताया है कि उसे अदाणी पावर से एक अल्ट्रा मेगा कॉन्ट्रैक्ट मिला है। ऐसे कॉन्ट्रैक्ट 15000 करोड़ रुपये से ज्यादा के होते हैं।
कॉन्ट्रैक्ट के तहत L&T को 800-800 MW क्षमता की 8 अत्याधुनिक थर्मल पावर यूनिट सेट अप करनी हैं। इन यूनिट्स की कुल पावर जनरेशन कैपेसिटी 6400 MW होगी। इस कॉन्ट्रैक्ट को L&T Energy- CarbonLite Solutions (LTECLS) एग्जीक्यूट करेगी। यह एडवांस्ड पावर और लो कार्बन टेक्नोलोजिज के लिए L&T का स्पेशलाइज्ड बिजनेस वर्टिकल है।
इस प्रोजेक्ट में LTECLS बॉइलर टर्बाइन जनरेटर पैकेजेस की डिजाइन, इंजीनियरिंग, मैन्युफैक्चरिंग, सप्लाई और कमीशनिंग देखेगी। साथ ही सहायक उपकरण, एसोसिएटेड मैकेनिकल, इलेक्ट्रिकल और कंट्रोल एंड इंस्ट्रूमेंटेशन (C&I) सिस्टम्स भी देखेगी।
L&T का शेयर 2 सप्ताह में 7 प्रतिशत मजबूत
L&T का मार्केट कैप 5 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा है। शेयर की फेस वैल्यू 2 रुपये है। शेयर 6 महीनों में 13 प्रतिशत और 2 सप्ताह में 7 प्रतिशत उछला है। कंपनी में पूरी 100 प्रतिशत हिस्सेदारी पब्लिक शेयरहोल्डर्स के पास है। Q1 नतीजों के बाद L&T के शेयर के लिए मॉर्गन स्टेनली ने "ओवरवेट" रेटिंग के साथ ₹4090 प्रति शेयर का टारगेट प्राइस दिया है। मोतीलाल ओसवाल ने "बाय" रेटिंग के साथ ₹4200 प्रति शेयर, जेफरीज ने "बाय" रेटिंग के साथ ₹4230 प्रति शेयर और CLSA ने "आउटपरफॉर्म" रेटिंग के साथ ₹4176 रुपये प्रति शेयर का टारगेट प्राइस दिया है। शेयर को कवर करने वाले 33 एनालिस्ट्स में से 28 ने "बाय" रेटिंग, 4 ने "होल्ड" और एक ने "सेल" रेटिंग दी है।
11 अगस्त को अदाणी पावर का शेयर 3 प्रतिशत बढ़त के साथ 593.70 रुपये पर बंद हुआ। कंपनी का मार्केट कैप 2.28 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा है। शेयर 2 साल में निवेशकों का पैसा डबल कर चुका है। 3 महीनों में 15 प्रतिशत से ज्यादा चढ़ा है।
जून तिमाही में मुनाफा 30% बढ़ा
L&T का अप्रैल-जून 2025 तिमाही में शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर 30% बढ़कर 3617 करोड़ रुपये हो गया, जो एक साल पहले 2786 करोड़ रुपये था। रेवेन्यू एक साल पहले से 15.5% की बढ़ोतरी के साथ 63678 करोड़ रुपये हो गया, जो जून 2024 तिमाही में 55119 करोड़ रुपये था। EBITDA 12.5% बढ़कर 6316 करोड़ रुपये दर्ज किया गया, जो एक साल पहले 5615 करोड़ रुपये था। EBITDA मार्जिन कम होकर 9.9% रह गया, जो जून 2024 तिमाही में 10.2% था।
Disclaimer: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।