L&T Stock: 5 दिन में 5% चढ़कर नए हाई पर, आगे के लिए क्या है अनुमान

जून तिमाही में L&T का कंसोलिडेटेड शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर 36 प्रतिशत बढ़कर 3,116.2 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। एक साल पहले की समान तिमाही में कंपनी का शुद्ध लाभ 2,293.01 करोड़ रुपये रहा था। वहीं कुल आय बढ़कर 49,027.93 करोड़ रुपये हो गई, जबकि एक साल पहले की समान अवधि में यह 36,547.92 करोड़ रुपये थी

अपडेटेड Sep 29, 2023 पर 1:30 PM
Story continues below Advertisement
NSE पर L&T शेयर सुबह 3040 रुपये पर खुला।

29 सितंबर का दिन भी L&T (Larsen & Toubro) के शेयरों के लिए अच्छा साबित हो रहा है। शुक्रवार को भी शेयर की तेजी बरकरार है और इसने 52 सप्ताह का नया रिकॉर्ड हाई बनाया है। इतना ही नहीं शेयर पिछले 5 कारोबारी सत्रों में 5 प्रतिशत चढ़ चुका है। जहां तक आज की बात है तो शुक्रवार सुबह शेयर BSE पर 3044.15 रुपये पर खुला। दोपहर होते-होते यह पिछले बंद भाव से 1.5 प्रतिशत की तेजी दर्शाता हुए 52 सप्ताह के उच्च स्तर 3057 रुपये पर पहुंच गया। 28 सितंबर को L&T शेयर 3011.85 रुपये पर बंद हुआ था और एक दिन पहले भी इसने 52 सप्ताह का हाई टच किया था।

NSE पर शेयर सुबह 3040 रुपये पर खुला। फिर इसने पिछले बंद भाव 3010 रुपये से 1.5 प्रतिशत की मजबूती दर्ज करते हुए 3058.35 रुपये का स्तर छू लिया। यह NSE पर शेयर का 52 सप्ताह का उच्च स्तर है।

क्यों आई शेयरों में तेजी


L&T ने 29 सितंबर को शेयर बाजारों को दी एक सूचना में कहा है कि कंपनी की कंस्ट्रक्शन आर्म को मुंबई मेट्रोपॉलिटन रीजन डेवलपमेंट अथॉरिटी (MMRDA) की ओर से एक मेगा ऑर्डर मिला है। यह ऑर्डर ऑरेंज गेट, ईस्टर्न फ्री वे से मरीन ड्राइव कोस्टल रोड के बीच एक अंडरग्राउंड रोड टनल प्रोजेक्ट के डिजाइन और कंस्ट्रक्शन के लिए है। बयान में कहा गया है कि प्रोजेक्ट अलाइनमेंट मुख्य रूप से सरदार वल्लभभाई पटेल रोड के नीचे चलेगा और इसे 54 महीनों के अंदर पूरा किया जाना है।

इसके अलावा एक वजह कंपनी के 10,000 करोड़ रुपये के शेयर बायबैक को मिला अच्छा रिस्पॉन्स भी है। यह बायबैक 18 सितंबर को खुला था और 28 सितंबर को शेयर बाजार में कारोबार खत्म होने पर बिड का सेटलमेंट हुआ। शेयर बायबैक में 3.13 करोड़ शेयरों का ऑफर था और बायबैक के लिए मैक्सिमम प्राइस 3200 रुपये प्रति शेयर रखा गया था।

NTPC 6% उछलकर 52 वीक के हाई पर, इस कारण से चढ़ रहा शेयर

क्या राय है ब्रोकरेज की

कंपनी को मिल रहे बैक-टू-बैक ऑर्डर को देखते हुए ग्लोबल ब्रोकरेज फर्म Jefferies ने L&T को लेकर 'बाई' रेटिंग बरकरार रखी है। Jefferies का कहना है कि कंपनी के प्रमुख बाजारों- भारत और मध्य पूर्व में पूंजीगत व्यय में वृद्धि देखी जा रही है। UBS के एनालिस्ट्स को भी स्टॉक में तेजी का रुख बने रहने की उम्मीद है और उन्होंने टार्गेट प्राइस बढ़ाकर 3,600 रुपये प्रति शेयर कर दिया है। एनालिस्ट्स को उम्मीद है कि कंपनी वित्त वर्ष 2023-26 में कोर सेल्स में 17 प्रतिशत और EPS में 32 प्रतिशत CAGR दर्ज करेगी।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।