Lenskart Block Deal: एक झटके में बिके ₹2468 करोड़ के शेयर, कीमत 3% लुढ़की

Lenskart Block Deal: लेंसकार्ट में जून 2026 तिमाही के आखिर तक प्रमोटर्स के पास 17.53 प्रतिशत हिस्सेदारी थी। SVF II लाइटबल्ब (केमैन) लिमिटेड ने लेंसकार्ट में इस साल अगस्त में 2.58% हिस्सेदारी और जून में 3.25% हिस्सेदारी बेची थी

अपडेटेड Sep 21, 2026 पर 4:16 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Lenskart ने 10 नवंबर, 2025 को शेयर बाजार में एंट्री की थी।

चश्मे बनाने वाली कंपनी लेंसकार्ट सॉल्यूशंस में ब्लॉक डील्स के जरिए 3.6 करोड़ शेयरों की बिक्री हुई है। शेयरों की यह संख्या कंपनी की 2.07 प्रतिशत हिस्सेदारी के बराबर है। ट्रांजेक्शन ₹688 प्रति शेयर के भाव पर हुआ है और वैल्यू ₹2,468 करोड़ है। शेयर बेचने वाले और खरीदने वाले की डिटेल अभी आधिकारिक तौर पर सामने नहीं आई है। लेकिन CNBC-TV18 की एक रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से कहा गया था कि प्लेटिनम जैस्मीन ए 2018 ट्रस्ट लेंसकार्ट में 1.7 प्रतिशत तक हिस्सेदारी बेच सकती है।

प्लेटिनम जैस्मीन, अबू धाबी इनवेस्टमेंट अथॉरिटी (ADIA) का एक इनवेस्टमेंट व्हीकल है। ब्लॉक डील के जरिए बेचे गए शेयरों पर 90 दिन का लॉक-अप पीरियड लागू होगा, यानि इस दौरान इन शेयरों को आगे नहीं बेचा जा सकेगा। लेंसकार्ट में जून 2026 तिमाही के आखिर तक प्रमोटर्स के पास 17.53 प्रतिशत हिस्सेदारी थी।

ब्लॉक डील के बाद लेंसकार्ट के शेयरों में करीब 3.5 प्रतिशत तक की गिरावट दिखी। BSE पर शेयर 682 रुपये के लो तक गया। बाद में 685 रुपये पर बंद हुआ। कंपनी का मार्केट कैप घटकर 1.19 लाख करोड़ रुपये पर आ गया है। शेयर साल 2026 में अब तक 56% चढ़ा है। 3 महीनों में कीमत 33% उछली है। शेयर की कीमत ₹2 है। यह BSE 200 इंडेक्स का हिस्सा है।


अगस्त और जून में सॉफ्टबैंक ने बेचे थे Lenskart के शेयर

इस साल अगस्त में सॉफ्टबैंक विजन फंड (SVF) II लाइटबल्ब (केमैन) लिमिटेड ने लेंसकार्ट में 2.58% हिस्सेदारी ब्लॉक डील के जरिए बेची थी। 4.5 करोड़ शेयर ₹2,887.87 करोड़ में बेचे गए थे। खरीदारों में सोसाइटे जेनरल ओडीआई, गोल्डमैन सैक्स, मोतीलाल ओसवाल म्यूचुअल फंड, वैनगार्ड ग्रुप, मॉर्गन स्टेनली, SBI म्यूचुअल फंड, निप्पॉन इंडिया, HDFC म्यूचुअल फंड जैसे कई घरेलू और वैश्विक निवेशक शामिल थे।

जून में भी सॉफ्टबैंक समूह ने SVF II लाइटबल्ब (केमैन) के जरिए लेंसकार्ट में 3.25% हिस्सेदारी बेची थी। उस वक्त 5,65,00,000 शेयर बेचे गए थे और ट्रांजेक्शन की वैल्यू ₹2,873.30 करोड़ रही थी। व्हाइटओक कैपिटल म्यूचुअल फंड (MF), मिरे एसेट MF, कोटक MF, केनरा रोबेको MF, ICICI प्रूडेंशियल MF, HDFC लाइफ इंश्योरेंस कंपनी, ICICI प्रूडेंशियल लाइफ इंश्योरेंस, सोसाइटी जेनरल, मेट्जलर एसेट मैनेजमेंट, गोल्डमैन सैक्स, फिडेलिटी, कॉप्थॉल मॉरीशस इनवेस्टमेंट, इंटरनेशनल मॉनेटरी फंड, और डेंडाना इनवेस्टमेंट्स (मॉरीशस) लिमिटेड खरीदार रहे थे।

Pine Labs Share Price: मोतीलाल ओसवाल को दिख रहा जबरदस्त दम, बुल केस में 70% तक उछाल की जताई उम्मीद

नवंबर 2025 में हुई थी लिस्ट

लेंसकार्ट ने 10 नवंबर, 2025 को शेयर बाजार में एंट्री की थी। इसका IPO 7278.02 करोड़ रुपये का था। अप्रैल-जून 2026 तिमाही में कंपनी का शुद्ध कंसोलिडेटेड मुनाफा सालाना आधार पर 269.24 प्रतिशत की जबरदस्त बढ़ोतरी के बाद 221.84 करोड़ रुपये हो गया। ऑपरेशंस से कंसोलिडेटेड रेवेन्यू 43.3 प्रतिशत बढ़कर 2,714.18 करोड़ रुपये हो गया। लेंसकार्ट सॉल्यूशंस ने जून 2026 तिमाही के दौरान 132 नए स्टोर खोले। इसके बाद इसके एक्टिव स्टोर्स की कुल संख्या बढ़कर 3,459 हो गई।

Disclaimer: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।