Lenskart Share Price: आईवियर कंपनी लेंसकार्ट के शेयरों पर आज बिकवाली का भारी दबाव दिखा। इसके शेयरों में बिकवाली का यह दबाव एक महीने के शेयरहोल्डर लॉक-इन का खत्म होना है। घरेलू ब्रोकरेज फर्म नुवामा अल्टरनेटिव एंड क्वांटिटेटिव रिसर्च के मुताबिक आज लॉक-इन पीरियड समाप्त होने पर कंपनी के 4.07 करोड़ शेयर अब ट्रेडिंग के लिए फ्री हो जाएंगे जोकि कंपनी की आउटस्टैंडिंग इक्विटी का करीब 2% है। यहां ध्यान दें कि शेयरहोल्डर लॉक-इन पीरियड समाप्त होने का मतलब ये नहीं है कि शेयरों की बिक्री हो रही है। इसका मतलब ये होता है कि शेयरों का लॉक-इन पीरियड खत्म हो गया है और अब शेयरहोल्डर चाहें तो इसे बेचकर मुनाफा निकाल सकते हैं यानी कि अब इनका लेन-देन संभव हो गया।
नुवामा ने कैलकुलेट किया है कि शुक्रवार के क्लोजिंग प्राइस ₹417.30 के हिसाब से जितने शेयरों का एक महीने का लॉक-इन खत्म हो रहा है, उनकी वैल्यू ₹1,701 करोड़ है। ऐसे में बिकवाली की आशंका पर लेंसकार्ट के शेयरों पर दबाव दिखा और यह 3% से अधिक फिसल गया। निचले स्तर पर खरीदारी के बावजूद यह अभी भी कमजोर स्थिति में है। आज बीएसई पर यह 2.13% की गिरावट के साथ ₹408.40 पर बंद हुआ है। इंट्रा-डे में यह 3.41% फिसलकर ₹403.05 तक आ गया था।
Lenskart के लिए कैसी रही सितंबर तिमाही?
चालू वित्त वर्ष 2026 की दूसरी तिमाही जुलाई-सितंबर 2025 में लेंसकार्ट का शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर 19.7% और तिमाही आधार पर 70.3% बढ़कर ₹102.2 करोड़ पर पहुंच गया। वहीं तिमाही आधार पर कंपनी का एक्सेप्शनल लॉस ₹10.4 करोड़ से गिरकर जीरो पर आ गया। टॉपलाइन की बात करें तो सितंबर तिमाही में सालाना आधार पर लेंसकार्ट का रेवेन्यू सालाना आधार पर 20.8% और तिमाही आधार पर 10.6% उछलकर ₹2,096 करोड़ पर पहुंच गया। ऑपरेटिंग लेवल पर बात करें तो कंपनी का ऑपरेटिंग प्रॉफिट सालाना आधार पर 44.5% और तिमाही आधार पर 23.3% बढ़कर ₹414.2 करोड़ पर पहुंच गया। वहीं ऑपरेटिंग मार्जिन भी सितंबर तिमाही में सालाना आधार 18% से 19.76% पर पहुंच गया। आगे की बात करें तो कंपनी का लक्ष्य वित्त वर्ष 2026 में 450 नेट स्टोर खोलने की है। पिछले वित्त वर्ष 2025 में यह आंकड़ा 282 था।
अब तक कैसी रही शेयरों की चाल?
लेंसकार्ट के ₹7,278 करोड़ के आईपीओ के तहत आईपीओ निवेशकों को ₹402 के भाव पर शेयर जारी हुए थे। 10 नवंबर को यानी लिस्टिंग के दिन इसकी करीब 3% डिस्काउंट पर एंट्री हुई थी। टूटकर बीएसई पर यह ₹355.70 के रिकॉर्ड निचले स्तर पर आ गया था। इस निचले स्तर से तीन हफ्ते से भी कम समय में यह 26.06% रिकवर होकर इस महीने के पहले कारोबारी दिन 1 दिसंबर 2025 को ₹448.40 के रिकॉर्ड हाई पर पहुंच गया था। अब आगे की बात करें तो सितंबर तिमाही के कारोबारी नताीजे आने के बाद जेफरीज ने खरीदारी की रेटिंग के साथ इसकी कवरेज शुरू की थी और ₹500 का टारगेट प्राइस फिक्स किया था।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।