चश्मा बनाने वाली कंपनी लेंसकार्ट सॉल्यूशंस लिमिटेड के शेयरों में 5 नवंबर को अच्छी तेजी है। बीएसई पर शेयर पिछले बंद भाव से 11 प्रतिशत तक चढ़कर 767.40 रुपये के हाई तक गया। कंपनी का मार्केट कैप बढ़कर 1.27 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा हो गया है। कंपनी ने एक दिन पहले तिमाही और छमाही नतीजे जारी किए थे। जुलाई-सितंबर 2026 तिमाही के दौरान लेंसकार्ट का शुद्ध कंसोलिडेटेड मुनाफा सालाना आधार पर दोगुने से अधिक होकर 232.45 करोड़ रुपये हो गया। एक साल पहले मुनाफा 113 करोड़ रुपये था।
नेट प्रॉफिट मार्जिन 2.92 प्रतिशत बढ़कर 8.2 प्रतिशत हो गया। ऑपरेशंस से कंसोलिडेटेड रेवेन्यू 35.72 प्रतिशत बढ़कर 2,845.03 करोड़ रुपये हो गया। सितंबर 2025 तिमाही में यह 2,096.14 करोड़ रुपये था।
सितंबर 2026 तिमाही के दौरान EBITDA सालाना आधार पर 50 प्रतिशत बढ़कर 621 करोड़ रुपये हो गया, जो एक साल पहले 414 करोड़ रुपये था। EBITDA मार्जिन पिछले साल की इसी तिमाही के 20 प्रतिशत से बढ़कर 22 प्रतिशत हो गया।
नवंबर 2025 में हुई थी लिस्ट
लेंसकार्ट ने 10 नवंबर, 2025 को शेयर बाजार में एंट्री की थी। शेयर की फेस वैल्यू 2 रुपये है। यह BSE 200 इंडेक्स का हिस्सा है। सितंबर 2026 तिमाही के दौरान लेंसकार्ट ने 165 नए स्टोर खोले। अब इसके एक्टिव स्टोर्स की संख्या 3,624 है। भारत में कंपनी ने 143 नए स्टोर खोले और 61 नए शहरों में अपना कारोबार शुरू किया।
Lenskart पर ब्रोकरेज की राय
सितंबर तिमाही में कंपनी के शानदार प्रदर्शन के बाद कई ब्रोकरेज फर्मों ने लेंसकार्ट को लेकर अपना सकारात्मक रुख बनाए रखा है या उसे अपग्रेड किया है। नोमुरा ने लेंसकार्ट पर 'बाय' रेटिंग बरकरार रखी है और प्राइस टारगेट 888 रुपये प्रति शेयर तय किया है। वहीं, HSBC ने स्टॉक को अपग्रेड करके 'बाय' रेटिंग दी है और प्राइस टारगेट बढ़ाकर 790 रुपये कर दिया है। CLSA ने 'आउटपरफॉर्म' रेटिंग के साथ 773 रुपये का टारगेट दिया है, जबकि जेफरीज ने 'बाय' रेटिंग बरकरार रखते हुए 780 रुपये का प्राइस टारगेट तय किया है।
नोमुरा का मानना है कि सितंबर तिमाही में लेंसकार्ट का प्रदर्शन उम्मीदों से बेहतर रहा। HSBC का कहना है कि उसने भारत में मार्जिन विस्तार को लेकर अपने अनुमानों में बदलाव किया है। अब कंपनी अंतरराष्ट्रीय ऑपरेशंस को पहले की तुलना में ग्रोथ के एक बड़े अवसर के रूप में देख रही है। जेफरीज की राय है कि लेंसकार्ट की लगातार विकास की कहानी बरकरार है, जिसे मजबूत ग्रोथ और मार्जिन में अच्छी बढ़ोतरी का सपोर्ट मिल रहा है। विदेशी मुद्रा के दबाव के बावजूद मार्जिन में सुधार की प्रक्रिया सही रास्ते पर है।
Disclaimer: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।