चश्मे बनाने वाली कंपनी लेंसकार्ट सॉल्यूशंस में लगभग ₹2,047.4 करोड़ की ब्लॉक डील होने वाली है। CNBC-TV18 की एक रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से कहा गया है कि प्लेटिनम जैस्मीन ए 2018 ट्रस्ट ₹682.45 प्रति शेयर के फ्लोर प्राइस पर शेयर बेच सकती है। जानकारी के अनुसार, यह फ्लोर प्राइस लेंसकार्ट के पिछले क्लोजिंग प्राइस से 3.5% कम है। इस ऑफर का साइज लेंसकार्ट की कुल इक्विटी का लगभग 1.7% है। ट्रांजेक्शन की वैल्यू लगभग ₹2,047.4 करोड़ है।
रिपोर्ट के मुताबिक, ब्लॉक डील के जरिए बेचे गए शेयरों पर 90 दिन का लॉक-अप पीरियड लागू होगा, यानि इस दौरान इन शेयरों को आगे नहीं बेचा जा सकेगा। लेंसकार्ट में जून 2026 तिमाही के आखिर तक प्रमोटर्स के पास 17.53 प्रतिशत हिस्सेदारी थी।
इस साल अगस्त में सॉफ्टबैंक विजन फंड (SVF) II लाइटबल्ब (केमैन) लिमिटेड ने लेंसकार्ट में 2.58% हिस्सेदारी ब्लॉक डील के जरिए बेची थी। 4.5 करोड़ शेयर ₹2,887.87 करोड़ में बेचे गए थे। खरीदारों में सोसाइटे जेनरल ओडीआई, गोल्डमैन सैक्स, मोतीलाल ओसवाल म्यूचुअल फंड, वैनगार्ड ग्रुप, मॉर्गन स्टेनली, SBI म्यूचुअल फंड, निप्पॉन इंडिया, HDFC म्यूचुअल फंड जैसे कई घरेलू और वैश्विक निवेशक शामिल थे।
जून में सॉफ्टबैंक ने बेचे थे ₹2873 करोड़ के शेयर
जून में भी सॉफ्टबैंक समूह ने SVF II लाइटबल्ब (केमैन) के जरिए लेंसकार्ट में 3.25% हिस्सेदारी बेची थी। उस वक्त 5,65,00,000 शेयर बेचे गए थे और ट्रांजेक्शन की वैल्यू ₹2,873.30 करोड़ रही थी। व्हाइटओक कैपिटल म्यूचुअल फंड (MF), मिरे एसेट MF, कोटक MF, केनरा रोबेको MF, ICICI प्रूडेंशियल MF, HDFC लाइफ इंश्योरेंस कंपनी, ICICI प्रूडेंशियल लाइफ इंश्योरेंस, सोसाइटी जेनरल, मेट्जलर एसेट मैनेजमेंट, गोल्डमैन सैक्स, फिडेलिटी, कॉप्थॉल मॉरीशस इनवेस्टमेंट, इंटरनेशनल मॉनेटरी फंड, और डेंडाना इनवेस्टमेंट्स (मॉरीशस) लिमिटेड खरीदार रहे थे।
Lenskart का शेयर साल 2026 में अब तक 60% चढ़ा
लेंसकार्ट के शेयर की कीमत BSE पर वर्तमान में ₹706.60 है। कंपनी का मार्केट कैप ₹1.2 लाख करोड़ है। शेयर साल 2026 में अब तक 60% चढ़ा है। 3 महीनों में कीमत 40% उछली है। शेयर की कीमत ₹2 है। यह BSE 200 इंडेक्स का हिस्सा है। ब्रोकरेज फर्म मोतीलाल ओसवाल ने शेयर के लिए 'बाय' रेटिंग दोहराई है। टारगेट प्राइस 800 रुपये प्रति शेयर दिया है। अगस्त महीने में जेफरीज ने लेंसकार्ट स्टॉक पर 'बाय' रेटिंग बरकरार रखी थी। टारगेट प्राइस बढ़ाकर 680 रुपये प्रति शेयर कर दिया था। ICICI Securities ने 'बाय' रेटिंग के साथ 750 रुपये का टारगेट दिया है। सिटी ने 650 रुपये प्रति शेयर के टारगेट प्राइस के साथ 'न्यूट्रल' रेटिंग बरकरार रखी है। HSBC ने स्टॉक के लिए 'होल्ड' रेटिंग बरकरार रखी है। टारगेट प्राइस 575 रुपये प्रति शेयर दिया है।
Disclaimer: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।