LG Electronics India Share Price: एक दिन की गिरावट के बाद तेजी लौटी, 3% चढ़ा; नोमुरा बुलिश

LG Electronics India Share Price: नोमुरा को वित्त वर्ष 2026 से वित्त वर्ष 2028 के दौरान प्रति शेयर आय 32 प्रतिशत की चक्रवृद्धि वार्षिक वृद्धि दर से बढ़ने की उम्मीद है। ब्रोकरेज को शेयर की वैल्यूएशन अभी भी आकर्षक लग रही है

अपडेटेड May 25, 2026 पर 4:12 PM
Story continues below Advertisement
मार्जिन पर दबाव के बावजूद ब्रोकरेज फर्म LG Electronics India के शेयर को लेकर पॉजिटिव हैं।

कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक्स और घरेलू उपकरण बनाने वाली एलजी इलेक्ट्रॉनिक्स इंडिया लिमिटेड के शेयरों में 25 मई को तेजी लौटी। BSE पर शेयर दिन में 4 प्रतिशत तक चढ़कर 1549.10 रुपये के हाई तक गया। बाद में 3 प्रतिशत बढ़त के साथ 1534.20 रुपये पर सेटल हुआ। बीते सप्ताह के आखिरी कारोबारी सेशन में यानि कि शुक्रवार को शेयर 3 प्रतिशत टूटा था। जनवरी-मार्च 2026 तिमाही में कंपनी का मुनाफा गिरने के बाद शेयर में बिकवाली रही थी। लेकिन सोमवार को शेयर में नए सिरे से खरीद की वजह से रीबाउंड देखने को मिला।

तेजी की एक अहम वजह है है कि मार्जिन पर दबाव के बावजूद ब्रोकरेज फर्म एलजी इलेक्ट्रॉनिक्स इंडिया के शेयर को लेकर पॉजिटिव हैं। नोमुरा ने शेयर पर अपनी 'बाय' रेटिंग बरकरार रखी है। टारगेट प्राइस 1,763 रुपये प्रति शेयर तय किया है। ब्रोकरेज ने कहा कि प्रीमियम प्रोडक्ट्स की मांग बढ़ने और कीमतों में बढ़ोतरी से आय बढ़ सकती है। मार्च 2026 तिमाही में मार्जिन उम्मीदों से कम रहा, लेकिन गर्मी के मौसम में मांग और निर्यात में वृद्धि से आगे चलकर आय में तेजी आने की संभावना है।

ब्रोकरेज फर्म ने यह भी कहा कि शेयर की वैल्यूएशन अभी भी आकर्षक है। यह वित्त वर्ष 2028 की अनुमानित अर्निंग्स के लगभग 35 गुना पर ट्रेड कर रहा है। नोमुरा को वित्त वर्ष 2026 से वित्त वर्ष 2028 के दौरान एलजी इलेक्ट्रॉनिक्स इंडिया की प्रति शेयर आय 32 प्रतिशत की चक्रवृद्धि वार्षिक वृद्धि दर से बढ़ने की उम्मीद है। एलजी इलेक्ट्रॉनिक्स इंडिया ने कहा है कि मुद्रा में उतार-चढ़ाव और कच्चे माल की बढ़ती लागत के प्रभाव से निपटने के लिए वह लागत नियंत्रण, लोकलाइजेशन पहलों और ऑपरेशनल एफिशिएंसी पर फोकस कर रही है।


LG Electronics India का मार्च तिमाही में मुनाफा 8 प्रतिशत गिरा

जनवरी-मार्च 2026 तिमाही के दौरान कंपनी का शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर 8.19 प्रतिशत की गिरावट के साथ 692.7 करोड़ रुपये रह गया। एक साल पहले मुनाफा 754.54 करोड़ रुपये था। ऑपरेशंस से रेवेन्यू 8.12 प्रतिशत बढ़कर 8,053.55 करोड़ रुपये हो गया, जो मार्च 2025 तिमाही में 7,448.42 करोड़ रुपये था।

मार्च 2026 तिमाही में कंपनी के कुल खर्च सालाना आधार पर 11 प्रतिशत बढ़कर 7,223.6 करोड़ रुपये के रहे। मार्जिन पर दबाव रहा। इनपुट लागत में बढ़ोतरी और करेंसी में कमजोरी की वजह से यह 230 बेसिस पॉइंट गिरकर 11.7 प्रतिशत पर आ गया। पूरे वित्त वर्ष 2025-26 में एलजी इलेक्ट्रॉनिक्स इंडिया का शुद्ध मुनाफा 23.52 प्रतिशत घटकर 1,685.09 करोड़ रुपये रहा। रेवेन्यू में 1 प्रतिशत की बढ़ोतरी रही। EBITDA मार्जिन पिछले साल के 12.8 प्रतिशत से घटकर 9.8% रह गया।

अक्टूबर 2025 में हुई थी लिस्ट

LG Electronics India भारत का अब तक का सबसे ज्यादा बोली पाने वाला IPO था। इसे 4.5 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा की बोलियां मिली थीं। यह 14 अक्टूबर को शेयर बाजार में लिस्ट हुई। कंपनी का 11607 करोड़ रुपये का IPO 54.02 गुना भरकर बंद हुआ था। कंपनी का मार्केट कैप 1 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा है। कंपनी में मार्च 2026 के आखिर तक 85 प्रतिशत हिस्सेदारी प्रमोटर्स के पास थी।

HFCL और 10% तक चढ़ा, लगातार चौथे ट्रेडिंग सेशन में तेजी; 3 महीनों में दिया 130% रिटर्न

LG Electronics India के शेयर को 30 एनालिस्ट कवर कर रहे हैं। इनमें से 29 ने शेयर पर 'बाय' रेटिंग दी है। एक ने 'सेल' की सलाह दी है। HDFC Securities ने शेयर के लिए सबसे कम टारगेट प्राइस 1,485 रुपये प्रति शेयर तय किया है। Way2Wealth Brokers नाम की ब्रोकरेज फर्म ने शेयर के लिए सबसे ज्यादा टारगेट प्राइस 1,950 रुपये तय किया है।

Disclaimer: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।