LIC Bonus Issue: देश की सबसे बड़ी लाइफ इंश्योरेंस कंपनी एलआईसी अपने शेयरहोल्डर्स को बोनस इश्यू का तोहफा देने जा रही है। करीब चार साल पहले घरेलू स्टॉक मार्केट में एंट्री के बाद पहली बार बीमा कंपनी ऐसा करने जा रही है। 13 अप्रैल को हुई एलआईसी के बोर्ड की बैठक में इससे जुड़े प्रस्ताव को मंजूरी दी और कंपनी ने रात में एक्सचेंज फाइलिंग में इसकी जानकारी दी। एलआईसी हर एक शेयर पर एक बोनस शेयर देगी। हालांकि 1:1 के रेश्यो में बोनस इश्यू की रिकॉर्ड डेट अभी तय नहीं हुई है। हालांकि यह 12 जून 2026 तक शेयरहोल्डर्स के खाते में क्रेडिट हो जाएगा। दिसंबर 2025 तक के आंकड़ों के मुताबिक इसके रिजर्व एंड सरप्लस में ₹1.46 लाख करोड़ (₹14,64,40,57,68,371) हैं।
शेयरों की बात करें तो ईरान और अमेरिका के बीच किसी समझौते पर नहीं पहुंचने के चलते भारत समेत दुनिया भर के स्टॉक मार्केट में हाहाकार मच गया था जिसमें एलआईसी के शेयर भी टूट गए। हालांकि फिर निचले स्तर पर रिकवरी के चलते बीएसई पर यह 0.71% की बढ़त के साथ ₹804.25 (LIC Share Price) के भाव पर बंद हुआ था।
कैसी है LIC की कारोबारी सेहत?
पिछले वित्त वर्ष 2026 की तीसरी तिमाही अक्टूबर-दिसंबर 2025 में शुद्ध कंसोलिडेटेड मुनाफा सालाना आधार पर 17.4% बढ़कर ₹12930.44 करोड़ हो गया। इस दौरान कंपनी की नेट प्रीमियम इनकम भी 17.4% उछलकर ₹1,25,988.15 करोड़ पर पहुंच गया। एलआईसी का नए कारोबार से प्रीमियम भी इस दौरान ₹7285 करोड़ से ₹10,605 करोड़ पर पहुंच गया। दिसंबर 2025 तिमाही एलआईसी की टोटल इनकम सालाना आधार पर ₹2,01,994 करोड़ से बढ़कर ₹2,33,984 करोड़ हो गई।
अब तक कैसी रही शेयरों की चाल?
एलआईसी के शेयरों की घरेलू स्टॉक मार्केट में 17 मई 2022 को एंट्री हुई थी। इसके ₹20,557 करोड़ के आईपीओ के तहत निवेशकों को ₹949 के भाव पर शेयर जारी हुए थे। हालांकि लिस्टिंग के दिन 8% से अधिक डिस्काउंट पर एंट्री के बाद इश्यू प्राइस के ऊपर एलआईसी के शेयर पहली बार 31 जनवरी 2024 को पहुंचे। यह लेवल पार करने से पहले 29 मार्च 2023 को यह ₹530.20 के रिकॉर्ड निचले स्तर तक टूटकर आ गया था। इसके बाद धीरे-धीरे रिकवरी शुरू हुई और 31 जनवरी 2024 को यह इश्यू प्राइस के पार पहुंचा और फिर 1 अगस्त 2024 को ₹1221.50 के रिकॉर्ड हाई पर पहुंचा। इस प्रकार रिकॉर्ड निचले स्तर से रिकॉर्ड हाई तक इसने 130.38% तक की छलांग लगाई। अभी की बात करें तो यह फिर इश्यू प्राइस से 15.25% और रिकॉर्ड हाई से 34.16% नीचे है लेकिन रिकॉर्ड निचले स्तर से 51.69% ऊपर है।
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।