Stock Market Live Updates- पिछले कारोबारी दिन शुक्रवार 16 फरवरी को कैसा रहा बाजार
भारतीय शेयर बाजार 16 फरवरी को लगातार चौथे कारोबारी सत्र में बढ़त के साथ बंद हुए। निफ्टी 22,000 से ऊपर बंद हुआ। कारोबार के अंत में सेंसेक्स 376.26 अंक या 0.52 प्रतिशथ की तेजी लेकर 72,426.64 पर बंद हुआ । वहीं, निफ्टी 129.90 अंक या 0.59 प्रतिशत की बढ़त के साथ 22,040.70 पर बंद हुआ है। शुक्रवार को लगभग 1950 शेयर बढ़े हैं। वहीं, 1367 शेयर गिरे हैं। जबकि 56 शेयरों में कोई बदलाव नहीं हुआ है। बीएसई मिडकैप और स्मॉलकैप इंडेक्सों में लगभग 1 प्रतिशथ की बढ़ोतरी हुई है।
निफ्टी पर सबसे ज्यादा बढ़ने वाले शेयरों में विप्रो, एमएंडएम, एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस, अदानी पोर्ट्स और मारुति सुजुकी के नाम शामिल रहे। जबकि सबसे ज्यादा गिरने वाले शेयरों में पावर ग्रिड कॉर्पोरेशन, ओएनजीसी, एसबीआई, ब्रिटानिया इंडस्ट्रीज और रिलायंस इंडस्ट्रीज शामिल रहे। सेक्टोरल इंडेक्सों पर नजर डालें तो पीएसयू बैंक, तेल और गैस और बिजली को छोड़कर दूसरे सभी इंडेक्स हरे निशान में बंद हुए । ऑटो, कैपिटल गुड्स, फार्मा, आईटी और रियल्टी 1-2 फीसदी की बढ़त के साथ बंद हुए।