M&M Q3 Results: शुद्ध मुनाफा 47% बढ़कर ₹4,675 करोड़ पर पहुंचा, रेवेन्यू भी 21% उछला

Mahindra & Mahindra Q3 Results: देश की सबसे बड़ी ऑटोमोबाइल कंपनियों में से एक महिंद्रा एंड महिंद्रा ने बुधवार 11 फरवरी को मौजूदा वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही के नतीजे जारी किए। कंपनी ने बताया कि दिसंबर तिमाही में उसका कंसॉलिडेटेड शुद्ध मुनाफा पिछले साल से 47% बढ़कर 4,675 करोड़ रुपये पर पहुंच गया

अपडेटेड Feb 11, 2026 पर 12:27 PM
Story continues below Advertisement
Mahindra & Mahindra Q3 Results: दिसंबर 2025 को समाप्त नौ महीनों में कंपनी का कंसॉलिडेटेड शुद्ध मुनाफा 12,431 करोड़ रुपये रहा

Mahindra & Mahindra Q3 Results: देश की सबसे बड़ी ऑटोमोबाइल कंपनियों में से एक महिंद्रा एंड महिंद्रा ने बुधवार 11 फरवरी को मौजूदा वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही के नतीजे जारी किए। कंपनी ने बताया कि दिसंबर तिमाही में उसका कंसॉलिडेटेड शुद्ध मुनाफा पिछले साल से 47% बढ़कर 4,675 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। वहीं, ऑपरेशंस से होने वाला रेवेन्यू इस दौरान 26% बढ़कर 52,100 करोड़ रुपये हो गया।

कंपनी ने बताया कि अगर दिसंबर तिमाही के दौरान लेबर कोड नियमों में बदलाव के असर को अलग कर दिया जाए, तो कंसॉलिडेटेड शुद्ध मुनाफे में 54% की ग्रोथ दर्ज की गई है। दिसंबर तिमाही में कंसॉलिडेटेड PAT मार्जिन बढ़कर 9% हो गया, जो पिछले साल की इसी तिमाही में 7.7% था।

दिसंबर 2025 को समाप्त नौ महीनों में कंपनी का कंसॉलिडेटेड शुद्ध मुनाफा 12,431 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले साल इसी अवधि के 9,634 करोड़ रुपये से काफी अधिक है।


ऑटो और फार्म सेगमेंट ने बढ़ाई रफ्तार

ऑटोमोटिव सेगमेंट का कंसॉलिडेटेड रेवेन्यू दिसंबर तिमाही में 30% बढ़कर ₹30,370 करोड़ हो गया। इस सेगमेंट का शुद्ध मुनाफा 42% बढ़कर ₹1,993 करोड़ रहा। दिसंबर तिमाही के दौरान कुल 3.02 लाख वाहनों की बिक्री हुई, जो सालाना आधार पर 23% ज्यादा है।

यूटिलिटी व्हीकल (UV) की बिक्री 1.79 लाख यूनिट रही। कंपनी ने SUV सेगमेंट में अपनी लीडरशिप बरकरार रखते हुए 24.1% का रेवेन्यू मार्केट शेयर हासिल किया, जो पिछले साल से 90 बेसिस प्वाइंट अधिक है। 3.5 टन से कम कैटेगरी के लाइट कमर्शियल व्हीकल्स में कंपनी की हिस्सेदारी 51.9% रही।

फार्म इक्विपमेंट सेगमेंट का रेवेन्यू 21% बढ़कर ₹11,501 करोड़ रहा, जबकि शुद्ध मुनाफा 7% बढ़कर ₹1,044 करोड़ हो गया। ट्रैक्टर बिक्री 23% बढ़कर 1.50 लाख यूनिट रही, हालांकि मार्केट शेयर 44% पर आ गया, जो 20 बेसिस प्वाइंट की हल्की गिरावट दिखाता है।

सर्विसेज बिजनेस का बढ़ता योगदान

सर्विसेज सेगमेंट का रेवेन्यू 21% बढ़कर ₹11,636 करोड़ हो गया, जबकि शुद्ध मुनाफा दोगुना होकर ₹1,637 करोड़ पहुंच गया। महिंद्रा फाइनेंस (MMFSL) का शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर 97% बढ़ा और ग्रॉस स्टेज-3 एसेट्स 4% से नीचे रहे। टेक महिंद्रा का EBIT मार्जिन 13.1% पर पहुंच गया, जो सालाना आधार पर 290 बेसिस प्वाइंट की बढ़त है।

महिंद्रा लॉजिस्टिक्स 11 तिमाहियों के बाद मुनाफे में लौटी, जबकि महिंद्रा लाइफस्पेसेज का शुद्ध मुनाफा पांच गुना बढ़ा। तिमाही के दौरान ग्रुप का एनुअलाइज्ड रिटर्न ऑन इक्विटी (ROE) 20.1% रहा।

शेयरों का हाल

तिमाही नतीजों के ऐलान के बाद महिंद्रा एंड महिंद्रा के शेयर मामूली बढ़त के साथ कारोबार करते दिखे। दोपहर 12.10 बजे के करीब, कंपनी के शेयर एनएसई पर 0.52 फीसदी की तेजी के साथ 3,694.90 रुपये के स्तर पर कारोबार कर रहे थे।

यह भी पढ़ें- Eicher Motors Shares: तिमाही नतीजों के बाद नए हाई पर पहुंचा शेयर, 6.5% उछला भाव; अब खरीदें, बेचें या करें होल्ड?

डिस्क्लेमरः Moneycontrol पर एक्सपर्ट्स/ब्रोकरेज फर्म्स की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।