Manipal Health IPO Listing: देश भर में हॉस्पिटल चेन चलाने वाली मणिपाल हेल्थ के शेयरों की आज घरेलू मार्केट में प्रीमियम एंट्री हुई। इसके आईपीओ को निवेशकों का मिला-जुला रिस्पांस मिला था और खुदरा निवेशकों का हिस्सा तो पूरा भर भी नहीं पाया था। आईपीओ के तहत निवेशकों को ₹590 के भाव पर शेयर जारी हुए हैं। आज BSE पर इसकी ₹655.00 और NSE पर ₹652.00 पर एंट्री हुई है यानी कि आईपीओ निवेशकों को 11% का लिस्टिंग गेन (Manipal Health Listing Gain) मिला। हालांकि आईपीओ निवेशकों की खुशी थोड़ी ही देर में हल्की फीकी हो गई जब शेयर टूट गए। टूटकर BSE पर यह ₹652.00 (Manipal Health Share Price) पर आ गया यानी कि आईपीओ निवेशक अब 10.51% मुनाफे में हैं। एंप्लॉयीज अधिक फायदे में हैं क्योंकि उन्हें हर शेयर ₹56 के डिस्काउंट पर मिला है।
Manipal Health IPO के पैसे कैसे होंगे खर्च
मणिपाल हेल्थ का ₹9,275 करोड़ का आईपीओ सब्सक्रिप्शन के लिए 29-31 जुलाई तक खुला था। इस आईपीओ को निवेशकों का मिला-जुला रिस्पांस मिला था और ओवरऑल यह 5.12 गुना सब्सक्राइब हुआ था। इसमें क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) के लिए आरक्षित हिस्सा 8.54 गुना (एक्स-एंकर), नॉन-इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स (NII) का हिस्सा 1.06 गुना और खुदरा निवेशकों का हिस्सा 0.98 गुना और एंप्लॉयीज का हिस्सा 2.32 गुना भरा था।
इस आईपीओ के तहत ₹8,000 करोड़ के नए शेयर जारी हुए हैं। इसके अलावा ₹2 की फेस वैल्यू वाले 2,16,13,834 शेयर ऑफर फॉर सेल विंडो के तहत बिके हैं। ऑफर फॉर सेल का पैसा तो शेयर बेचने वाले शेयरहोल्डर्स को मिला है। वहीं नए शेयरों के जरिए जुटाए गए पैसों में से ₹5,552.76 करोड़ एक सब्सिडियरी मणिपाल हॉस्पिटल्स का कर्ज हल्का करने, ₹574 करोड़ स्टेपडाउन सब्सिडियरी सह्याद्रि हॉस्पिटल्स में माइनारिटी होल्डिंग हासिल करने और बाकी पैसे इश्यू से जुड़े खर्चों को भरने और आम कॉरपोरेट उद्देश्यों पर खर्च होंगे।
Manipal Health के बारे में
मणिपाल हेल्थ एंटरप्राइजेज मल्टी-स्पेशल्टी हॉस्पिटल्स, क्लीनिक्स, और डाइग्नॉस्टिक सेंटर्स की चेन चलाती है। यह मणिपाल ग्रुप का हिस्सा है। मार्च 2026 तक के आंकड़ों के हिसाब से इसके 49 हॉस्पिटल्स और 13037 लाइसेंस्ड बेड्स हैं। मार्च 2026 तक के हिसाब से इसकी 21 क्लीनिक्स चल रही हैं। कंपनी के वित्तीय सेहत की बात करें तो वित्त वर्ष 2024 में इसे ₹533.20 करोड़ का शुद्ध मुनाफा हुआ था जो अगले वित्त वर्ष 2025 में उछलकर ₹1,081.67 करोड़ पर पहुंच गया लेकिन फिर अगले ही वित्त वर्ष 2026 में घटकर ₹916.52 करोड़ रह गया। हालांकि इस दौरान कंपनी की टोटल इनकम में लगातार बढ़ोतरी दिखी और सालाना औसतन 29% से अधिक की चक्रवृद्धि दर (CAGR) से बढ़कर ₹10,520.52 करोड़ पर पहुंच गया। मार्च 2206 के आखिरी में कंपनी पर ₹10,553.43 करोड़ का टोटल कर्ज था जबकि रिजर्व और सरप्लस में ₹8,204.96 करोड़ पड़े थे।
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।