पेटीएम इश्यू प्राइस से 60% गिरा, ऑल-टाइम लो पर पहुंची हाल में लिस्टेड 12 कंपनियों के शेयरों की कीमत

जोमैटो, नायक और पेटीएम सहित हाल में लिस्टेड कई कंपनियों के शेयरों में सोमवार को भारी बिकवाली का दबाव देखने को मिला

अपडेटेड Feb 14, 2022 पर 7:10 PM
Story continues below Advertisement
हाल में लिस्टेड कई कंपनियों के शेयरों में सोमवार को भारी गिरावट देखी गई

हाल में लिस्टेड कई कंपनियों के शेयरों में सोमवार को भारी बिकवाली का दबाव देखने को मिला। इसके चलते फूड डिलीवरी कंपनी जौमैटो (Zomato), ई-कॉमर्स ब्यूटी कंपनी नायका (Nykaa) और फिनटेक सेक्टर की दिग्गज कंपनी पेटीएम (Paytm) सहित हाल ही में लिस्टेड करीब 12 कंपनियों के शेयर सोमवार को इंट्राडे के दौरान BSE पर अपने सर्वकालिक निचले स्तर पर पहुंच गए।

डेटा पैटर्न (इंडिया), स्टार हेल्थ एंड एलाइड इंश्योरेंस कंपनी, विजया डायग्नोस्टिक सेंटर, कारट्रेड टेक, डोडला डेयरी, ग्लेनमार्क लाइफ साइंसेज, नुवोको विस्टास कॉर्पोरेशन, रेलटेल कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया और सूर्योदय स्मॉल फाइनेंस बैंक जैसे शेयर सोमवार को 6 फीसदी तक गिर गए और इंट्राडे के दौरान इन्होंने अपने अब तक के सबसे निचले स्तर को छुआ।

जोमैटो के शेयर सोमवार को BSE पर 7.15 फीसदी गिरकर 82.40 रुपये पर बंद हुए। इंट्राडे के दौरान यह 80.65 रुपये तक गिर गया, जो इसका अब तक का सबसे निचला स्तर है। साल 2022 की शुरुआत से अब तक जोमैटो के शेयरों में करीब 41.70 फीसदी की गिरावट आ चुकी है।


यह भी पढ़ें- टाटा संस ने इल्कर आयसी को चुना Air India का नया CEO और MD, जानिए इनके बारे में

इसी तरह पेटीएम के शेयर सोमवार को BSE पर 4.70 की गिरावट के साथ 864.00 रुपये के भाव पर बंद हुए। इंट्राडे के दौरान यह 860.00 रुपये तक गिर गया था, जो इसका अब तक का सबसे निचला स्तर है। इस तरह पेटीएम के शेयर अपने 2,150 रुपये के इश्यू प्राइस से अब तक करीब 60 फीसदी गिर चुके हैं।

नायका के शेयर सोमवार को 7.75 फीसदी की भारी गिरावट के साथ 1,515.45 रुपये के भाव पर बंद हुए। इंट्राडे के दौरान यह शेयर 1,493.45 रुपये के स्तर तक चला गया था, जो इसका अब तक का सबसे निचला स्तर है। साल 2022 की शुरुआत से अब तक नायका के शेयर में 27.35 फीसदी की गिरावट आ चुकी है।

आइए जानते हैं कि हाल में लिस्टेड कंपनियों के शेयरों में सोमवार को कितनी आई गिरावट?

कंपनी 14 फरवरी का बंद भाव गिरावट (%) इंट्राडे में छुआ ऑल-टाइम लो लेवल
पेटीएम 864.00 4.70 860.00
जोमैटो लिमिटेड 82.40 7.15 80.65
FSN ई-कॉमर्स 1,515.45 7.75 1,493.45
AGS ट्रांजैक्ट 129.40 9.26 123.65
डेटा पैटर्न 650.10 8.79 641.30
टेगा इंडस्ट्रीज 492.80 6.94 485.95
स्टार हेल्थ इंश्योरेंस 737.75 4.61 728.70
केमप्लास्ट सनमार 496.60 8.16 492.00
Exxaro टाइल्स 120.60 5.30 119.50
ग्लेनमार्क लाइफसाइसेंज 529.40 2.64 528.50

सोमवार को इक्विटी बेंचमार्क इंडेक्स में लगभग 3 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई, जबकि पिछले सेशन में 1.3 फीसदी की गिरावट रही थी। आज सेंसेक्स 1,747 अंक गिरकर 56,406 पर और निफ्टी50 (Nifty50) 532 अंक टूटकर 16,843 पर बंद हुआ

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।