Market Cap: टॉप 10 में से 8 कंपनियों का मार्केट कैप 1.66 लाख करोड़ रुपये घटा, RIL-LIC को सबसे ज्यादा नुकसान

Market capitalization: पिछले हफ्ते देश की सबसे बड़ी बीमा कंपनी LIC के बाजार मूल्यांकन में भी 30,676.24 करोड़ रुपये की गिरावट आई और यह घटकर 7,17,001.74 करोड़ रुपये रह गया। इस दौरान भारतीय स्टेट बैंक (SBI) का वैल्यूएशन 21,151.33 करोड़ रुपये घटकर 7,35,566.52 करोड़ रुपये रह गया

अपडेटेड Aug 11, 2024 पर 2:38 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
पिछले हफ्ते देश की 10 सबसे बड़ी कंपनियों में से 8 कंपनियों के मार्केट कैप में संयुक्त रूप से 1,66,954.07 करोड़ रुपये की बड़ी गिरावट दर्ज की गई।

Market cap of Top 10 Companies: पिछले हफ्ते देश की 10 सबसे बड़ी कंपनियों में से 8 कंपनियों के मार्केट कैप में संयुक्त रूप से 1,66,954.07 करोड़ रुपये की बड़ी गिरावट दर्ज की गई। इनमें सबसे ज्यादा नुकसान रिलायंस इंडस्ट्रीज और भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) को उठाना पड़ा। पिछले हफ्ते कमजोर वैश्विक रुझानों के चलते BSE बेंचमार्क इंडेक्स सेंसेक्स 1,276.04 अंक यानी 1.57 फीसदी की गिरावट पर रहा। वहीं, NSE निफ्टी में 350.2 अंक यानी 1.41 फीसदी की गिरावट आई है।

RIL समेत इन कंपनियों को हुआ घाटा

इस दौरान देश की सबसे बड़ी कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड (RIL) का बाजार पूंजीकरण 33,930.56 करोड़ रुपये घटकर 19,94,765.01 करोड़ रुपये रह गया। इस तरह रिलायंस को बीते हफ्ते टॉप 10 कंपनियों में सबसे अधिक नुकसान हुआ।


पिछले हफ्ते देश की सबसे बड़ी बीमा कंपनी LIC के बाजार मूल्यांकन में भी 30,676.24 करोड़ रुपये की गिरावट आई और यह घटकर 7,17,001.74 करोड़ रुपये रह गया। इस दौरान भारतीय स्टेट बैंक (SBI) का वैल्यूएशन 21,151.33 करोड़ रुपये घटकर 7,35,566.52 करोड़ रुपये रह गया।

वहीं आईटी कंपनी इन्फोसिस का मार्केट कैप 20,973.19 करोड़ रुपये घटकर 7,35,277.28 करोड़ रुपये रह गया। टाटा ग्रुप की आईटी कंपनी टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) का मार्केट कैप 19,157.77 करोड़ रुपये घटकर 15,30,469.11 करोड़ रुपये रह गया।

भारती एयरटेल का मार्केट कैप 16,993.56 करोड़ रुपये घटकर 8,33,396.32 करोड़ रुपये रह गया और ICICI बैंक का बाजार पूंजीकरण 16,975.55 करोड़ रुपये घटकर 8,25,201.23 करोड़ रुपये रह गया। प्राइवेट सेक्टर के एचडीएफसी बैंक का मूल्यांकन 7,095.87 करोड़ रुपये घटकर 12,56,505.53 करोड़ रुपये रह गया।

HUL-ITC को फायदा

दूसरी ओर, हिंदुस्तान यूनिलीवर का मार्केट कैप 12,946.24 करोड़ रुपये बढ़कर 6,45,808.65 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। आईटीसी का मूल्यांकन भी 8,406.26 करोड़ रुपये बढ़कर 6,19,829.37 करोड़ रुपये हो गया।

पिछले हफ्ते बड़ा नुकसान उठाने के बावजूद रिलायंस इंडस्ट्रीज ने देश की सबसे मूल्यवान कंपनी का खिताब बरकरार रखा है। इसके बाद टीसीएस, एचडीएफसी बैंक, भारती एयरटेल, आईसीआईसीआई बैंक, एसबीआई, इन्फोसिस, एलआईसी, हिंदुस्तान यूनिलीवर और आईटीसी का स्थान रहा।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।