Market This Week: अमेरिकी मंदी की आशंका, मध्य पूर्व में भूराजनीतिक तनाव, आरबीआई की उम्मीद के मुताबिक पॉलिसी के नतीजे और भारतीय कंपनियो के मिले-जुले वित्तीय रिजल्ट्स के कारण हाई वोलैटिलिटी के बीच 9 अगस्त को समाप्त हुए लगातार दूसरे सप्ताह बाजार में गिरावट जारी रही। इस हफ्ते बीएसई सेंसेक्स 1,276.04 अंक या 1.57 प्रतिशत की गिरावट के साथ 79,705.91 पर बंद हुआ। जबकि निफ्टी इंडेक्स 350.2 अंक या 1.41 प्रतिशत की गिरावट के साथ 24,367.50 पर बंद हुआ। सेक्टोरल मोर्चे पर, निफ्टी मेटल और पीएसयू बैंक लगभग 3 प्रतिशत नीचे गिर गया। निफ्टी एनर्जी इंडेक्स 2.5 प्रतिशत नीचे नजर आया। निफ्टी बैंक और आईटी इंडेक्स 1.5 प्रतिशत नीचे रहा। दूसरी ओर निफ्टी फार्मा इंडेक्स में 1.5 प्रतिशत और निफ्टी हेल्थकेयर और एफएमसीजी इंडेक्स में 0.5 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई।
