Market trend : 3 जनवरी को खत्म हुए हफ्ते ब्रॉडर इंडेक्सों में एक प्रतिशत से ज्यादा की बढ़त हुई। इनकी नए कैलेंडर वर्ष की शुरुआत बेंचमार्क इंडेक्सों से बेहतर प्रदर्शन के साथ हुई। ऑटो और तेल एवं गैस शेयरों में खरीदारी और डीआईआई के सपोर्ट के चलते लगातार दूसरे सप्ताह में भी तेजी सिलसिला जारी रहा। एफआईआई की बिकवाली, मजबूत डॉलर और रुपये की कमजोरी के कारण हफ्ते के दौरान कुछ बढ़त कम हो गई। इस हफ्ते बीएसई सेंसेक्स 524.04 अंक या 0.66 प्रतिशत बढ़कर 79,223.11 पर बंद हुआ,जबकि निफ्टी 50 सूचकांक 191.35 अंक या 0.80 प्रतिशत बढ़कर 24,004.75 पर बंद हुआ। वहीं, बीएसई लार्ज-कैप, मिड-कैप और स्मॉल-कैप सूचकांकों में 1 प्रतिशत, 1.3 प्रतिशत और 2 प्रतिशत की वृद्धि हुई।
सेक्टोरल इंडेक्सों की बात करें तो निफ्टी ऑटो इंडेक्स में 4 प्रतिशत की वृद्धि हुई, निफ्टी ऑयल एंड गैस इंडेक्स में 3.4 प्रतिशत की वृद्धि हुई, जबकि निफ्टी एनर्जी और एफएमसीजी इंडेक्स में 2.4 प्रतिशत की वृद्धि हुई। हालांकि निफ्टी रियल्टी इंडेक्स में 2.5 प्रतिशत की गिरावट आई।
बीते हफ्ते विदेशी संस्थागत निवेशकों (FIIs) ने 11,041.59 करोड़ रुपये मूल्य की इक्विटी बेची,जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों (DII) ने 9253.7 करोड़ रुपये मूल्य की इक्विटी खरीदी।
बीएसई स्मॉलकैप इंडेक्स में 2 प्रतिशत की बढ़त हुई, जिसमें अपोलो माइक्रो सिस्टम्स, आईटीआई, मनोज वैभव जेम्स एंड ज्वैलर्स, ईपैक ड्यूरेबल्स, लॉयड्स मेटल्स एंड एनर्जी, जेएसडब्ल्यू होल्डिंग्स, इंडिया टूरिज्म डेवलपमेंट कॉरपोरेशन, सारेगामा इंडिया, मर्करी ईवी-टेक, अरिहंत सुपरस्ट्रक्चर्स, ताज जीवीके होटल्स एंड रिसॉर्ट्स, इंडो टेक ट्रांसफॉर्मर्स और सीक्वेंट साइंटिफिक 15-40 प्रतिशत तक बढ़े।
दूसरी ओर बैंको प्रोडक्ट्स (इंडिया), सूर्या रोशनी, जय कॉर्प, त्रिवेणी इंजीनियरिंग एंड इंडस्ट्रीज, एथोस, टीवीएस होल्डिंग्स, बालाजी अमाइंस, साइएंट, पीसी ज्वैलर, पैसालो डिजिटल और टिप्स म्यूजिक में 7-54 फीसदी तक की गिरावट आई।
आगे कैसी रह सकती है निफ्टी की चाल
प्रोग्रेसिव शेयर्स के निदेशक आदित्य गग्गर का कहना है कि निफ्टी 50 इंडेक्स वर्तमान में सिमिट्रकल ट्राइएंगल फॉर्मेशन के भीतर चल रहा है, जिसमें 23,900 (200DMA) पर अहम सपोर्ट और 24,130 (50DMA) पर रजिस्टेंस है। 24,130 से ऊपर का ब्रेकआउट निफ्टी को 24,650 की ओर बढ़ सकता है, जबकि 23,900 से नीचे की गिरावट इसे 23,650 तक नीचे धकेल सकती है।
एचडीएफसी सिक्योरिटीज के देवर्ष वकील का कहना है कि निफ्टी के लिए 23,933 और 23,843 पर तत्काल सपोर्ट है। ये 23,460 के स्विंग लो से हाल ही में 766-पॉइंट रैली के 38.2% और 50% रिट्रेसमेंट स्तर हैं। ऊपर की ओर 24,226 का हालिया स्विंग हाई तत्काल रजिस्टेंस के रूप में काम करेगा। इस स्तर से ऊपर जाने पर निफ्टी निकट अवधि में 24,400-24,500 के रेंज की ओर जा सकता है।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए विचार एक्सपर्ट के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। यूजर्स को मनी कंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।