Market Outlook : हल्के हरे निशान में बंद हुआ बाजार, जानिए 5 जून को कैसी रह सकती है निफ्टी-बैंक निफ्टी की चाल

Market Outlook : निफ्टी पर टाइटन कंपनी,इटरनल,कोल इंडिया,सिप्ला और अदानी एंटरप्राइजेज सबसे ज़्यादा बढ़त वाले शेयरों में रहे। जबकि इंफोसिस, बजाज फिनसर्व, हिंडाल्को इंडस्ट्रीज, एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस और अल्ट्राटेक सीमेंट सबसे ज़्यादा गिरावट वाले शेयरों में शामिल रहे

अपडेटेड Jun 04, 2026 पर 4:29 PM
Market Outlook : बोनान्ज़ा में रिसर्च एनालिस्ट अभिनव तिवारी का कहना है कि आगे बाज़ार में उतार-चढ़ाव बने रहने की संभावना है और यह MPC बैठक जैसी ख़बरों से प्रभावित रहेगा

Market Outlook : 4 जून को एक उतार-चढ़ाव भरे कारोबारी सत्र में भारतीय इक्विटी बेंचमार्क इंडेक्स सेंसेक्स-निफ्टी सुस्ती के साथ बंद हुए। निवेशक आज 5 जून को होने वाले भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के मॉनेटरी पॉलिसी एलानों से पहले सतर्क नजर आए। कारोबारी सत्र के अंत में सेंसेक्स 13.84 अंक या 0.02 प्रतिशत बढ़कर 74,360.01 पर और निफ्टी 10.95 अंक या 0.05 प्रतिशत बढ़कर 23,416.55 पर बंद हुआ। आज लगभग 2156 शेयरों में बढ़त हुई,1852 शेयरों में गिरावट आई और 164 शेयरों में कोई बदलाव नहीं हुआ।

निफ्टी पर टाइटन कंपनी,इटरनल,कोल इंडिया,सिप्ला और अदानी एंटरप्राइजेज सबसे ज़्यादा बढ़त वाले शेयरों में रहे। जबकि इंफोसिस, बजाज फिनसर्व, हिंडाल्को इंडस्ट्रीज, एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस और अल्ट्राटेक सीमेंट सबसे ज़्यादा गिरावट वाले शेयरों में शामिल रहे।

सेक्टोरल इंडेक्सों की बात करें तो कंज्यूमर ड्यूरेबल्स,कैपिटल गुड्स,मीडिया,फार्मास्यूटिकल्स,ऑयल एंड गैस,बैंकिंग और एनर्जी शेयरों में खरीदारी देखने को मिली। हालांकि,इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी और मेटल शेयरों में आई कमजोरी ने बाजार की बढ़त को सीमित कर दिया और बेंचमार्क इंडेक्स को एक दायरे में ही रखा।


छोटे-मझोलो शेयरों ने मेन इंडेक्स से बेहतर प्रदर्शन जारी रखा। इसके चलते निफ्टी मिडकैप 100 और निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स दोनों में 0.5 प्रतिशत की बढ़त हुई।

आगे कैसी रह सकती है बाजार की चाल

निफ्टी व्यू

LKP सिक्योरिटीज में सीनियर टेक्निकल एनालिस्ट रूपक डे का कहना है कि आज दिन भर निफ्टी एक सीमित दायरे में रहा और 20 EMA के अहम स्तर से नीचे ही ट्रेड करता रहा। यह बाजार में में अंदरूनी कमजोरी का संकेत है। RSI अभी भी बेयरिश क्रॉसओवर में है और नीचे की ओर जा रहा है, जिससे नेगेटिव मोमेंटम का पता चलता है। अब जब तक इंडेक्स 23,500 से नीचे रहेगा तब तक शॉर्ट टर्म में सेंटीमेंट अनिश्चित रहने और बेयरिश झुकाव बने रहने की संभावना है। दूसरी ओर अगर इंडेक्स 23,500 के ऊपर बढ़ता है, तो यह 23,700 की ओर एक रैली शुरू कर सकता है। नीचे की तरफ, तत्काल सपोर्ट 23,370 पर है। अगर यह स्तर टूटता है, तो निफ्टी 23,200 और उससे भी निचले स्तरों की ओर खिसक सकता है।

एसबीआई सिक्योरिटीज के सुदीप शाह का कहना है कि आगे 23550–23580 का ज़ोन इंडेक्स के लिए एक अहम रेजिस्टेंस का काम कर सकता है। 23580 के लेवल से ऊपर की बढ़त,चल रही पुलबैक रैली को और आगे बढ़ा सकती है, जिससे निफ्टी के 23700 तक पहुंचने का रास्ता खुल सकता है। वहीं, नीचे की तरफ, 23330–23320 का ज़ोन एक अहम सपोर्ट एरिया का काम कर सकता है।

बोनान्ज़ा में रिसर्च एनालिस्ट अभिनव तिवारी का कहना है कि आगे बाज़ार में उतार-चढ़ाव बने रहने की संभावना है और यह MPC बैठक जैसी ख़बरों से प्रभावित रहेगा। तेल की कीमतें और पश्चिम एशिया की घटनाएं अहम फैक्टर बने रहेंगे। हालांकि, विदेशी निवेश आकर्षित करने के लिए संभावित नीतिगत उपाय और भारत के ऊर्जा स्रोतों में विविधता लाने के प्रयास बाज़ार को सहारा दे सकते हैं। जब तक कच्चे तेल की कीमतों और भू-राजनीतिक तनावों पर ज़्यादा स्पष्टता नहीं आ जाती, तब तक हम बाज़ार की दिशा को लेकर सतर्क रहते हुए, गिरावट आने पर खरीदारी की रणनीति पर कायम रह सकते हैं।

Trading Strategy : बाजार इस समय थका देने वाले फेज में, इस दौर में मिलेंगे कमाई के कम मौके

बैंक निफ्टी व्यू

सुदीप शाह का कहना है कि बैंक निफ्टी पिछले तीन ट्रेडिंग सेशन से फ्रंटलाइन इंडेक्स से बेहतर प्रदर्शन कर रहा है। इसने अपने पिछले स्विंग लो के पास एक बेस बना लिया है। हालांकि, यह अभी भी अपने अहम मूविंग एवरेज से नीचे ट्रेड कर रहा है। डेली RSI भी किसी मज़बूत डायरेक्शनल ट्रेंड की कमी को दिखाता है, जिससे पता चलता है कि शॉर्ट टर्म में इसमें साइडवेज़ मोमेंटम रहेगा।

तकनीकी नज़रिए से, 54700-54800 का ज़ोन इंडेक्स के लिए तत्काल रेजिस्टेंस का काम कर सकता है। 54800 के ऊपर का कोई भी कदम पुलबैक रैली को आगे बढ़ा सकता है, जिससे इंडेक्स 55400 की ओर बढ़ सकता है। दूसरी ओर, 53900-53800 का ज़ोन मज़बूत सपोर्ट का काम कर सकता है।

LKP सिक्योरिटीज में टेक्निकल एनालिस्ट वत्सल भुवा का कहना है कि बैंक निफ्टी में आज का प्राइस एक्शन एक पॉजिटिव रुझान का संकेत दे रहा है। इंडेक्स ने डेली चार्ट पर एक बुलिश ग्रीन कैंडलस्टिक बनाया है, जो इसकी कंसोलिडेशन रेंज के निचले सिरे के पास खरीदारी आने का संकेत है। हालांकि, इंडेक्स को अपने 50-दिन के SMA के आसपास बिकवाली का दबाव झेलना पड़ा, जिससे बड़ा रुझान रेंज-बाउंड बना रहा। बुलिश ब्रेकआउट की पुष्टि के लिए 55,200 के ऊपर एक निर्णायक क्लोजिंग ज़रूरी है, जिससे रिकवरी की गति और तेज़ हो सकती है। ऐसा होने तक निफ्टी 53,200–54,500 की रेंज में ही उतार-चढ़ाव करता रहेगा। इसके लिए तत्काल सपोर्ट 53,500 पर है, जबकि रेजिस्टेंस 54,500 पर है। कल RBI की मॉनेटरी पॉलिसी की घोषणा होने वाली है, इसलिए बैंक निफ्टी में ज़्यादा उतार-चढ़ाव की उम्मीद है।

डिस्क्लेमर:मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए विचार एक्सपर्ट के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। यूजर्स को मनी कंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें

 

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।