Stock Market : 21 जून को भारी उतार-चढ़ाव भरे कारोबारी सत्र में भारतीय बेंचमार्क इंडेक्सों में गिरावट देखने को मिली है। निफ्टी आज 23,500 पर के आसपास बंद हुआ है। कारोबारी सत्र को अंत में सेंसेक्स 269.03 अंक या 0.35 फीसदी की गिरावट के साथ 77,209.90 पर और निफ्टी 65.90 अंक या 0.28 फीसदी की गिरावट के साथ 23,501.10 पर बंद हुआ है। आज करीब 1611 शेयरों में तेजी आई है। 1750 शेयरों में गिरावट आई और 85 शेयरों में कोई बदलाव नहीं हुआ है।
निफ्टी पर भारती एयरटेल, एलटीआईमाइंडट्री, अदानी पोर्ट्स, हिंडाल्को और इंफोसिस आज के टॉप गेनर रहे। जबकि अडानी एंटरप्राइजेज, अल्ट्राटेक सीमेंट, बीपीसीएल, टाटा मोटर्स और टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स निफ्टी के टॉप लूजर रहे।
सेक्टोरल इंडेक्सों पर नजर डालें तो आईटी, मेटल, मीडिया और टेलीकॉम इंडेक्स में 0.5-1 फीसदी की तेजी आई है। जबकि ऑटो, एफएमसीजी, पीएसयू बैंक और रियल्टी में 0.5-1 फीसदी की गिरावट देखने को मिली है। आज बीएसई मिडकैप इंडेक्स में 0.3 फीसदी की गिरावट आई, जबकि स्मॉलकैप इंडेक्स में कोई बदलाव नहीं हुआ।
24 जून को कैसी रह सकती है बाजार की चाल
जियोजित फाइनेंशियल सर्विसेज के विनोद नायर का कहना है कि मानसून की धीमी प्रगति को लेकर बनी चिंताओं के बीच घरेलू बाजार में आज मामूली मुनाफावसूली देखने को मिली। इसके चलते एफएमसीजी सेक्टर का प्रदर्शन खराब रहा। उत्तर भारत में गर्मी की लहर कंज्यूमर ड्यूरेबल शेयरों को ईंधन दे रही है। अब बाजार का फोकस आगामी जीएसटी मीटिंग के नतीजों पर है। कुछ सेक्टरों के लिए जीएसटी को तर्कसंगत बनाने की बात हो रही है।
एलकेपी सिक्योरिटीज कुणाल शाह का कहना है कि आज बैंक निफ्टी इंडेक्स में उतार-चढ़ाव भरा कारोबार देखने को मिला। लेकिन यह सपाट नोट पर बंद हुआ। बैंक निफ्टी के लिए तत्काल रजिस्टेंस 52,000 पर दिख रहा है। इस लेवल पर कॉल साइड पर सबसे ज्यादा ओपन इंटरेस्ट बना हुआ है। इंडेक्स को अपनी तेजी जारी रखने के लिए इस बाधा को पार करने की जरूरत है। वहीं,नीचे की ओर इसके लिए 51,000 पर सपोर्ट है जहां पुट साइड पर सबसे ज्यादा ओपन इंटरेस्ट बना हुआ है। अगर बैंक निफ्टी इस सपोर्ट स्तर की ओर गिरता है तो इसे खरीद अवसर के रूप में भुनाना चाहिए।
मेहता इक्विटीज के प्रशांत तापसे का कहना है कि कमजोर ग्लोबल संकेतों के कारण 6 कारोबारी सत्रों की तेजी के बाद निवेशकों ने आज आंशिक मुनाफावसूली की। जुलाई का केंद्रीय बजट बाजार के लिए सबसे बड़ा ट्रिगर होगा। निवेशकों को उम्मीद है कि बजट बाजार के अनुकूल रहेगा। इसमें आर्थिक गतिविधि को बढ़ावा देने और निवेश चक्र को प्रोत्साहन देने के उपायों पर रोडमैप होगा।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए विचार एक्सपर्ट के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। यूजर्स को मनी कंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।