Market outlook : भारतीय इक्विटी मार्केट के बेंचमार्क सेंसेक्स और निफ्टी आज लगातार दूसरे दिन गिरावट के साथ बंद हुए हैं। 19650 के नीचे फिसल गया है। कारोबारी सत्र के अंत में सेंसेक्स 247.78 अंक या 0.38 फीसदी गिरकर 65,629.24 पर और निफ्टी 46.40 अंक या 0.24 फीसदी टूटकर 19,624.70 पर बंद हुआ है। लगभग 1810 शेयर बढ़े हैं। वहीं, 1759 शेयर गिरे है। जबकि 129 शेयरों में कोई बदलाव नहीं हुआ है। बीएसई मिडकैप और स्मॉलकैप इंडेक्स सपाट नोट पर बंद हुए हैं।
विप्रो, टेक महिंद्रा, यूपीएल, भारती एयरटेल और हिंडाल्को इंडस्ट्रीज आज निफ्टी के टॉप लूजर रहे हैं। जबकि बजाज ऑटो, एलटीआईमाइंडट्री, नेस्ले इंडिया, हीरो मोटोकॉर्प और अल्ट्राटेक सीमेंट निफ्टी के टॉप गेनर रहे हैं। सेक्टोरल इंडेक्स पर नजर डालें तो बैंक, मेटल, पावर, रियल्टी, ऑयल एंड गैस और फार्मा इंडेक्स 0.3-0.9 फीसदी नीचे बंद हुए हैं। जबकि ऑटो इंडेक्स 0.5 फीसदी ऊपर बंद हुआ है।
20 अक्टूबर को कैसी रह सकती है बाजार की चाल
प्रोग्रेसिव शेयर्स के निदेशक आदित्य गग्गर का कहना है कि आज के कारोबार में बाजार में पूरी तरह उलटफेर देखने को मिला। धीमी शुरुआत के बाद, निफ्टी ने धीरे-धीरे अपने नुकसान की भरपाई करना शुरू कर दिया और एक समय यह हरे रंग में भी आ गया। हालांकि, निफ्टी को इसके 21DMA यानी 19670 के आसपास रजिस्टेंस का सामना करना पड़ा। वीकली क्लोजिंग वाले दिन निफ्टी 46.40 अंकों की गिरावट के साथ 19624.70 पर बंद हुआ। आज के कारोबारी सत्र में ऑटो का प्रदर्शन सबसे मजबूत रहा। वहीं, मेटल और एनर्जी में 0.50 फीसदी से ज्यादा की गिरावट आई।
निचले स्तरों से आई तेज रिकवरी के कारण मिड और स्मॉलकैप फ्रंटलाइन शेयरों की तुलना में बेहतर प्रदर्शन करते दिखे। निफ्टी मोटे तौर पर 19490-19850 की रेंज में घूम रहा है। वर्तमान में यह रेंज के निचले सिरे के करीब है। ट्रेंड बदलने और इसकी पुष्टि के लिए निफ्टी को 19850 के ऊपर एक ठोस क्लोजिंग देनी होगी।
रेलिगेयर ब्रोकिंग के अजीत मिश्रा का कहना है कि वीकली एक्सपायरी वाले दिन बाजार में रोलर कोस्टर की सवारी देखने को मिली। निफ्टी दोनों तरफ तेजी से ऊपर-नीचे करते हुए अंत में मामूली गिरावट के साथ 19624 के स्तर पर बंद हुआ। इस बीच, सेक्टोरल फ्रंट पर मिलेजुले रुझआन ने ट्रेडर्स को व्यस्त रखा। आज ऑटो और एफएमसीजी में बढ़त रही, जबकि मेटल और एनर्जि दबाव में कारोबार करते दिखे।
मिले-जुले ग्लोबल संकेतों के बीच निफ्टी की वर्तमान चाल से बाजार की दिशा साफ नहीं दिख रही है। नतीजों की वजह से भी अलग-अलग सेक्टरों में उठापटक देखने को मिल रही है। जिसके चलते ट्रेडर्स के लिए बाजार में स्टॉक सेलेक्ट करना बहुत कठिन हो गया है। ऐसे में जब तक बाजार की दिशा साफ नहीं हो जाती तब तक बहुत एग्रेसिव दांव लगाने से बचने और पोजीशन हेज करके खलने की सलाह होगी।
एचडीएफसी सिक्योरिटीज के दीपक जसानी का कहना है कि 19 अक्टूबर को निफ्टी गैप डाउन के साथ कमजोर खुला लेकिन सुबह के सत्र में रिकवरी करके इस अंतर को भरता दिखा। लेकिन कारोबारी सत्र के अंतिम हिस्से में आई बिकवाली ने निफ्टी को फिर से लाल निशान में ले किया। 19840-19850 का रेंज अब निफ्टी के लिए ओवर हेड रजिस्टेंस साबित हो रहा है। एक छोटी सी रिकवरी के बाद, निफ्टी फिर से नीचे की तरफ रुख कर सकता है। ऊपर जाने पर निफ्टी को 19680-19730 के रेंज में रजिस्टेंस का सामना करना पड़ सकता है। जबकि नीचे की तरफ 19480-19512 की रेंज में सपोर्ट नजर आ रहा है।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए विचार एक्सपर्ट के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। यूजर्स को मनी कंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।