Market Outlook : 80 से ज्यादा स्मॉल कैप शेयर 34% तक भागे, जानिए अगले हफ्ते कैसी रह सकती है बाजार की चाल

Market Outlook : विदेशी संस्थागत निवेशकों की बिकवाली लगातार पांचवें सप्ताह भी जारी रही और उन्होंने 4895.29 करोड़ रुपये की इक्विटी बेची, जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों ने इस सप्ताह 8495.99 करोड़ रुपये की इक्विटी खरीदी। इस महीने में अब तक FII ने 15821.13 करोड़ रुपये की इक्विटी बेची है और DII ने 17741.85 करोड़ रुपये की इक्विटी खरीदी है

अपडेटेड Aug 26, 2023 पर 12:38 PM
Market Outlook : निफ्टी हमें अगले कुछ कारोबारी सत्रों में 19100 की तरफ जाता दिख सकता है। इसके लिए 19200–19180 पर मजबूत सपोर्ट है। जबकि 19360–19400 पर रजिस्टेंस दिख रहा है।

Market Outlook : 25 अगस्त को खत्म हुए हफ्ते में भारतीय इक्विटी मार्केट में लगातार 5वें हफ्ते मुनाफावसूली देखने को मिली। मिलेजुले ग्लोबल संकेत, यूएस बॉन्ड्स की बढ़ती यील्ड, खराब मानसून, बढ़ती महंगाई पर आरबीआई के मिनट में जताई गई चिंता और जैक्शन होल में यूएस फेड चेयरमैन के स्पीच के पहले बाजार का सतर्क नजरिया कुछ ऐसे कारण रहे जो बाजार पर दबाव बनाते दिखे। इस हफ्ते बीएसई सेंसेक्स 0.09 फीसदी या 62.15 अंक गिरकर 64886.51 पर और निफ्टी 50 0.22 फीसदी या 44.35 अंक गिरकर 19265.80 पर बंद हुआ है। हालांकि ब्रॉडर मार्केट ने अच्छा प्रदर्शन किया। बीएसई मिड-कैप और बीएसई स्मॉल-कैप ने इस हफ्ते नई ऊंचाइयों को छुआ। ये इंडेक्स 1.5 फीसदी और 2 फीसदी की बढ़त के साथ बंद हुए। वहीं, बीएसई लार्ज-कैप इंडेक्स सपाट नोट पर बंद हुआ।

सेक्टोरल इंडेक्सों की बात करें तो बीएसई फार्मा और निफ्टी पीएसयू बैंक इंडेक्स 1.5 फीसदी गिरकर बंद हुए थे। निफ्टी एनर्जी इंडेक्स 1.2 फीसदी की कमजोरी के साथ बंद हुआ था। जबकि निफ्टी आईटी इंडेक्स 1 फीसदी और निफ्टी मीडिया इंडेक्स 0.6 फीसदी की बढ़त के साथ बंद हुए।

बीएसई स्मॉल-कैप इंडेक्स में 2 फीसदी की बढ़त देखने को मिली है। इस इंडेक्स में शामिल प्रकाश इंडस्ट्रीज, कोप्रान, टीटागढ़ रेल सिस्टम्स, ज्यूपिटर वैगन्स, इंटरनेशनल कन्वेयर्स, गरवारे हाई-टेक फिल्म्स, गुजरात मिनरल डेवलपमेंट कॉरपोरेशन, गेब्रियल इंडिया, अतुल ऑटो, सेंटम इलेक्ट्रॉनिक्स और जैन इरिगेशन सिस्टम्स 20 फीसदी से ज्यादा की बढ़त लेकर बंद हुए हैं। जबकि दूसरी ओर, साधना नाइट्रोकेम, डीसीएम श्रीराम इंडस्ट्रीज, शॉपर्स स्टॉप, किर्लोस्कर ऑयल इंजन, एमएसपी स्टील एंड पावर, टानला प्लेटफॉर्म, विंडलास बायोटेक, टेगा इंडस्ट्रीज और सेरेबरा इंटीग्रेटेड टेक्नोलॉजीज 9-16 फीसदी गिरकर बंद हुए ।


विदेशी संस्थागत निवेशकों की बिकवाली लगातार पांचवें सप्ताह भी जारी रही और उन्होंने 4895.29 करोड़ रुपये की इक्विटी बेची, जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने इस सप्ताह 8495.99 करोड़ रुपये की इक्विटी खरीदी। इस महीने में अब तक FII ने 15821.13 करोड़ रुपये की इक्विटी बेची है और DII ने 17741.85 करोड़ रुपये की इक्विटी खरीदी है।

प्रोग्रेसिव शेयर्स के निदेशक आदित्य गग्गर का कहना है कि वीकली चार्ट पर, निफ्टी 50 इंडेक्स ने एक इनवर्टेड हैमर कैंडलस्टिक पैटर्न बनाया है इससे ट्रेंड में बदलाव की संभावना दिख रही है। शुक्रवार को, निफ्टी 19250 के मजबूत सपोर्ट के ऊपर बंद होने में कामयाब रहा। बैंक निफ्टी के वीकली चार्ट पर भी इसी तरह का कैंडलस्टिक पैटर्न देखने को मिला है। अब निफ्टी के लिए 19200 पर तत्काल सपोर्ट दिख रहा है। जबकि ऊपरी स्तर 19,470 पर रजिस्टेंस है। वहीं, बैंक निफ्टी के लिए 43600 पर सपोर्ट है। जबकि ऊपर की तरफ 44960 पर रजिस्टेंस है।

उन्होंने आगे कहा फार्मा सेक्टर को छोड़कर, अन्य सभी सेक्टर दायरे में फंसे हुए हैं। अब इस दायरे के ऊपर या नीचे किसी भी तरफ टूटने से ही बाजार की दिशा साफ होगी। फार्मा सेक्टर में अभी 1-2 फीसदी की गिरावट और होगी। उसके बाद इसमें फिर से तेजी आएगी।

मिड और स्मॉलकैप स्पेस पर बात करते हुए आदित्य गग्गर ने कहा कि बाजार में करेक्शन के बावजूद, मिड और स्मॉलकैप इंडेक्स ने सप्ताह का अंत हरे निशान में किया। कुछ शेयरों ने मजबूत ब्रेकआउट दिया है, जबकि कुछ ब्रेकआउट देने की कगार पर हैं। इससे आगे भी ब्रॉडर मार्केट में तेजी जारी रहने के संकेत मिल रहे हैं।

बाजार में आया करेक्शन स्वाभाविक, 19600 की बाधा पार करने पर निफ्टी में 20400 का स्तर मुमकिन : गोल्डीलॉक्स प्रीमियम

कोटक सिक्योरिटीज के अमोल अठावले का कहना है कि बढ़ती महंगाई और इसके चलते ब्याज दरों में बढ़ोतरी की आशंका के चलते बाजार का मूड खराब हो गया है। ऐसे में निवेशक जोखिम से बचने के लिए कुछ मुनाफा जेब में रख रहे हैं। तकनीकी रूप से देखें तो निफ्टी में 20-डे एसएमए (सिंपल मूविंग एवरेज) के करीब मुनाफावसूली देखने को मिली है। लंबे समय के बाद निफ्टी 50-डे एसएमए से नीचे बंद हुआ है जो काफी हद तक निगेटिव है। पोजीशनल ट्रेडर्स के लिए 19350 का लेवल ट्रेंड डिसाइडर लेवल साबित होगा। इसके ऊपर जाने पर निफ्टी 19450 और 19575 के स्तर तक की तेजी दिखा सकता है। दूसरी ओर, अगर निफ्टी 19230 से नीचे फिसलता है तो बिकवाली का दबाव बढ़ने की संभावना है। फिर निफ्टी 19150-19100 तक फिसल सकता है।

बैंक निफ्टी के लिए, निचले स्तर पर 44000 पर मजबूत सपोर्ट दिख रहा है। जबकि 44750 या 50 और 20 डे एसएमए और 45000 पर तत्काल रजिस्टेंस दिख रहा है। 44000 से नीचे फिसलने पर बैंक निफ्टी 43750-43500 तक गिर सकता है।

एलकेपी सिक्योरिटीज के रूपक डे का कहना है कि निफ्टी एक अहम महत्वपूर्ण मूविंग एवरेज (55EMA)के सपोर्ट लेवल तक गिर गया है। जब तक निफ्टी 19450 से नीचे रहेगा तब तक बाजार का सेंटीमेंट कमजोर बने रहने की उम्मीद है। अगर निफ्टी 19240 से नीचे जाता है तो फिर ये 19000 के स्तर तक गिर सकता है।

शेयरखान के जतिन गेडिया का कहना है कि वीकली चार्ट पर निफ्टी लगातार पांचवें हफ्ते लाल निशान में बंद हुआ है। वीकली,डेली और ऑवरली मोमेंटम इंडीकेटर निगेटिव क्रॉसओवर दे रहे हैं। ये बाजार में बिकवाली कायम रहने का संकेत है। इस तरह देखें तो प्राइस और मोमेंटम दोनों ही इंडीकेट बाजार में कमजोरी कायम रहने के संकेत दे रहे हैं। ऐसे में निफ्टी पर निगेटिव नजरिया कायम है। निफ्टी हमें अगले कुछ कारोबारी सत्रों में 19100 की तरफ जाता दिख सकता है। इसके लिए 19200–19180 पर मजबूत सपोर्ट है। जबकि 19360–19400 पर रजिस्टेंस दिख रहा है।

बैंकिंग सेक्टर पर बात करते हुए जतिन गेडिया ने कहा कि बैंक निफ्टी में आई पुलबैक रैली ने 44900-45000 के जोन में दम तोड़ दिया। बैंक निफ्टी के लिए डेली और ऑवरली मोमेंटम इंडीकेटर अलग-अलग संकेत दे रहे हैं। ऐसे में बैंक निफ्टी हमें आगे 44800-43900 के रेंज में कंसोलीडेट होता दिख सकता है।

 

डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए विचार एक्सपर्ट के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। यूजर्स को मनी कंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।