Stock market : भारतीय इक्विटी बाजार ने दिसंबर और नई सीरीज की शुरुआत मजबूती के साथ की है। निफ्टी 50 इंडेक्स 1 दिसंबर को एक नए ऑलटाइम हाई लेवल पर पहुंच गया है। निवेशकों ने उम्मीद से बेहतर जीडीपी डेटा का स्वागत किया है। ऑटो को छोड़कर सभी क्षेत्रों में खरीदारी करके निवेशकों ने अपनी खुशी जताई है। कारोबार अंत में सेंसेक्स 492.75 अंक या 0.74 फीसदी की तेजी लेकर 67,481.19 पर और निफ्टी 134.70 अंक या 0.67 फीसदी बढ़ कर 20267.90 पर बंद हुआ है।
आज बेंचमार्क इंडेक्सों में लगातार चौथे कारोबारी सत्र में तेजी का सिलसिला जारी रहा। आज ये मजबूती के साथ खुले थे। निफ्टी ने 15 सितंबर, 2023 का 20,222.45 का अपना पिछला ऑलटाइम हाई पार कर लिया। साप्ताहिक आधार पर देखें तो बीएसई सेंसेक्स और निफ्टी 50 इंडेक्सों में 2 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है।
सरकार द्वारा 30 नवंबर को जारी आंकड़ों के मुताबिक जुलाई-सितंबर में भारत की सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) की वृद्धि दर सभी अनुमानों को पीछे छोड़ते हुए 7.6 फीसदी रही है।
एनटीपीसी, आईटीसी, एलएंडटी, ब्रिटानिया इंडस्ट्रीज और एक्सिस बैंक निफ्टी के टॉप गेनरों में रहे हैं। जबकि हीरो मोटोकॉर्प, एचडीएफसी लाइफ, विप्रो, एमएंडएम और एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस निफ्टी के टॉप लूजर रहे हैं। ऑटो को छोड़कर दूसरे सभी सेक्टोरल इंडेक्स हरे निशान में बंद हुए हैं। कैपिटल गुड्स, एफएमसीजी, मेटल, पावर और रियल्टी 1-1.5 फीसदी की बढ़त के साथ हरे रंग में बंद हुए हैं। बीएसई मिडकैप इंडेक्स 1 फीसदी बढ़कर बंद हुआ है, जबकि स्मॉलकैप इंडेक्स 0.5 फीसदी बढ़ा है।
पीएफसी, आरईसी और डिक्सन टेक्नोलॉजीज में लॉन्ग बिल्ड-अप देखने को मिला है। जबकि अशोक लीलैंड, टाटा कम्युनिकेशंस और मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज ऑफ इंडिया में शॉर्ट बिल्ड-अप देखने को मिला है।
04 दिसंबर को कैसी रह सकती है बाजार की चाल
मेहता इक्विटीज के प्रशांत तापसे का कहना है कि एफआईआई की तरफ से नए सिरे हो रही खरीदारी और यूरोपीय बाजार के सकारात्मक संकेतों के कारण बाजार में जोरदार खरीदारी आई जिसने बेंचमार्क निफ्टी को एक नई रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंचा दिया। कमजोर ग्लोबल स्थिति में भारत एक चमकता सितारा बना हुआ है। मजबूत जीडीपी और पीएमआई आंकड़ों के साथ ही अमेरिकी बॉन्ड यील्ड में गिरावट जैसे बाहरी कारक भी बाजार को सपोर्ट दे रहे हैं।
अच्छी खबर यह है कि निफ्टी के लिए अल्पकालिक तकनीकी आउटलुक तेजी के पक्ष में बना हुआ है। जिसमें निफ्टी के लिए 20089-19909 पर सपोर्ट और 20500-20751 पर रजिस्टेंस दिख रहा है।
रेलिगेयर ब्रोकिंग के अजीत मिश्रा का कहना है कि अहम सेक्टरों में रोटेशनल बाइंग के चलते सूचकांक को ऊपर चढ़ने में मदद मिल रही है और अब हमारी नजर निफ्टी में 20,500 पर है। घरेलू कारकों के अलावा अच्छे ग्लोबल संकेतों से भी बाजार को सपोर्ट मिल रहा है। ऐसे में बाजार में गिरावट पर खरीदारी की रणनीति को जारी रखने की सलाह होगी।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए विचार एक्सपर्ट के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। यूजर्स को मनी कंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।