Market Outlook : शुक्रवार को भारतीय शेयर बाजार बढ़त के साथ बंद हुए। प्राइवेट बैंकों और कुछ चुनिंदा कंजम्पशन शेयरों में मज़बूत बढ़त से बाजार को सहारा मिला, हालांकि फार्मा और हेल्थकेयर शेयरों में कमजोरी ने बढ़त को कुछ हद तक सीमित कर दिया। ट्रेडिंग सेशन के अंत में सेंसेक्स 231.99 अंक या 0.31 प्रतिशत की बढ़त के साथ 75,415.35 पर और निफ्टी 64.60 अंक या 0.27 प्रतिशत बढ़कर 23,719.30 पर सेटल हुआ। मार्केट ब्रेथ पॉजिटिव रहा, जिसमें 1,827 शेयरों में गिरावट के मुकाबले 2,026 शेयरों में बढ़त दर्ज की गई।
निफ्टी बैंक ने 1 प्रतिशत से ज्यादा की बढ़त के साथ सबसे अच्छा प्रदर्शन किया, जबकि निफ्टी फार्मा और हेल्थकेयर इंडेक्स सबसे ज्यादा पिछड़ने वाले इंडेक्स रहे। ब्रॉडर मार्केट का प्रदर्शन मिला-जुला रहा। मिडकैप शेयरों में मामूली बढ़त दर्ज की गई, जबकि स्मॉलकैप शेयर गिरावट के साथ लाल निशान में बंद हुए।
कोटक सिक्योरिटीज का कहना है कि निफ्टी के लिए नीचे की तरफ 23,500-23,400 अहम सपोर्ट जोन बना हुआ है। जबकि, ऊपर की तरफ 23,800-23,850 का जोन तेजड़ियों के लिए अहम रेजिस्टेंस का काम कर सकता है। ब्रोकरेज का मानना है कि 23,850 के ऊपर ब्रेकआउट होने पर निफ्टी 23,950-24,000 की तरफ ऊपर जा सकता है। जबकि, 23,400 के नीचे जाने पर यह निफ्टी फिर से 23,250-23,200 के लेवल को टेस्ट कर सकता है।
चॉइस इक्विटी ब्रोकिंग प्राइवेट लिमिटेड के रिसर्च एनालिस्ट हितेश टेलर का कहना है कि डेरिवेटिव्स आंकड़ों से पता चलता है कि 23,700–23,800 की स्ट्राइक्स पर भारी कॉल राइटिंग हुई, जबकि पुट राइटिंग 23,600–23,500 लेवल्स के पास देखने को मिली है। ऐसे में निफ्टी के लिए 23,500–23,550 जोन के आसपास तत्काल सपोर्ट है। जबकि ऊपर की तरफ 23,850–23,900 की रेंज के पास रेजिस्टेंस दिख रहा है।
LKP सिक्योरिटीज के सीनियर टेक्निकल एनालिस्ट रूपक डे का कहना कि हालांकि RSI ने एक पॉजिटिव क्रॉसओवर में प्रवेश कर लिया है, लेकिन यह डेली टाइमफ्रेम पर काफी हद तक सपाट बना हुआ है, जो मजबूत मोमेंटम की कमी का संकेत है। नीचे की तरफ निफ्टी के लिए तत्काल सपोर्ट 23,600 पर है, जिसके नीचे जाने पर इंडेक्स 23,400 की ओर गिर सकता है। 23,400 से नीचे का ब्रेकडाउन बाजार में एक तेज करेक्शन ला सकता है। ऊपर की तरफ, 23,800 से ऊपर की एक मजबूत तेजी शॉर्ट टर्म में निफ्टी को और ऊपर ले जा सकती है।
SBI सिक्योरिटीज में टेक्निकल और डेरिवेटिव्स रिसर्च के हेड सुदीप शाह ने कहा कि निफ्टी के लिए तत्काल रेजिस्टेंस 23,870 - 23,900 के दायरे में है। इस दायरे से ऊपर कोई भी टिकाऊ चाल निफ्टी को 24,050 की ओर और उसके 24,200 की ओर अपनी बढ़त जारी रखने में मदद कर सकती है। दूसरी ओर, निफ्टी के लिए तत्काल सपोर्ट 23,570 - 23,550 के दायरे में है।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए विचार एक्सपर्ट के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। यूजर्स को मनी कंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।