Stock markets : महंगाई आंकड़े और फेड बैठक से पहले बाजार में आज मुनाफावसूली देखने को मिली है। उतार-चढ़ाव भरे कारोबारी सत्र में 12 दिसंबर को निफ्टी आज 20900 के नीचे बंद हुआ। कारोबार के अंत में, सेंसेक्स 377.50 अंक या 0.54 फीसदी गिरकर 69,551.03 पर और निफ्टी 90.70 अंक या 0.43 फीसदी की कमजोरी के साथ 20,906.40 पर बंद हुआ। आज लगभग 1424 शेयर बढ़े हैं। वहीं, 1822 शेयर गिरे हैं। जबकि 83 शेयरों में कोई बदलाव नहीं हुआ है। बीएसई मिडकैप इंडेक्स 0.4 फीसदी और स्मॉलकैप इंडेक्स 0.2 फीसदी गिरे हैं।
बीपीसीएल, अपोलो हॉस्पिटल्स, मारुति सुजुकी, सन फार्मा और आयशर मोटर्स निफ्टी के टॉप लूजर रहे हैं। जबकि एचडीएफसी लाइफ, अल्ट्राटेक सीमेंट, बजाज ऑटो, एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस और एक्सिस बैंक निफ्टी के टॉप गेनर रहे हैं। मेटल को छोड़कर सभी सेक्टोरल इंडेक्स लाल निशान में बंद हुए हैं। कैपिटल गुड्स ऑयल एंड गैस, पावर और रियल्टी में 1 फीसदी की गिरावट देखने को मिली है।
प्रोग्रेसिव शेयर्स के निदेशक आदित्य गग्गर का कहना है कि
आख़िरकार आज मंदड़ियों खुश होने का मौका मिला। 21,037.90 की नई ऊंचाई हासिल करने के बाद बाजार में कमजोरी देखने को मिली। निफ्टी पूरे दिन अपने घाटे को बढ़ाता रहा और 90.70 अंकों के नुकसान के साथ 20,906.40 पर बंद हुआ। पिछले कुछ दिनों से निफ्टी एक निगेटिव डाइवर्जेंस के साथ कारोबार कर रहा है। आज इसने अपने मजबूत सपोर्ट लेवल को तोड़ दिया। इसने रिकॉर्ड लेवल पर एक बियरिश पैटर्न बनाया। ये इस बात का संकेत है कि बाजार में शॉर्ट टर्म टॉप बन गया है। ऐसे में बाजार में एक हल्के (मुनाफावसूली) करेक्शन की उम्मीद दिख रही है। निफ्टी के लिए 21,020 पर तत्काल रजिस्टेंस है जबकि नीचे की तरफ 20,760 पर सपोर्ट है।
जियोजित फाइनेंशियल सर्विसेज के विनोद नायर का कहना कि हालिया तेजी के बाद निफ्टी 50 आज कंसोलीडेशन के दौर में दिखा। नवंबर में भारत के महंगाई आंकड़ों में बढ़त का अनुमान है। अगर महंगाई बढ़ती है तो आरबीआई नीति दरों में होने वाली कटौती में देरी कर सकता है। इसके विपरीत, अमेरिकी में महंगाई में स्थिरता बनी हुई है जो आगामी अमेरिकी फेड नीति को प्रभावित कर सकती है।
निफ्टी मिड और स्मॉलकैप इंडेक्स इस साल अब तक 42 फीसदी और 49 फीसदी की मजबूत रैलियों के साथ अपने लॉन्ग टर्म एवरेज से 25 फीसदी प्रीमियम पर दिख रहे हैं। जिससे निफ्टी मिड और स्मॉलकैप के वैल्यूएशन को लेकर चिंता नजर आ रही है । हालांकि घरेलू ग्रोथ आउटलुक मजबूत बना हुआ है, लेकिन अल-नीनो के जोखिम की वजह से बाजार पर दबाव बने रहने की आशंका है।
बीएनपी परिबास के जतिन गेडिया का कहना है कि निफ्टी आज सपाट रुख पर खुला और दिन के दौरान कुछ मुनाफावसूली देखी गई। अंत में गिरावट के साथ बंद हुआ। डेली चार्ट पर निफ्टी लाल रंग में बंद हुआ है और ऑवरली चार्ट पर निगेटिव विचलन दिख रहा है। अगले कुछ कारोबारी सत्रों में निफ्टी के कंसोलीडेट होने की संभावना है। नीचे की तरफ इसके लिए 20850 - 20800 पर सपोर्ट दिख रहा है। जबकि ऊपर की तरफ 20973 - 21000 पर रजिस्टेंस नजर आ रहा है। कुल मिलाकर ट्रेंड पॉजिटिव है और मौजूदा गिरावट को खरीदारी के मौके के रूप में इस्तेमाल किया जाना चाहिए।
बैंक निफ्टी ने पिछले कारोबारी सत्र में शुरू हुई मुनाफावसूली जारी रखी। नीचे की तरफ इसके लिए 46800 पर सपोर्ट है। जब तक ये सपोर्ट कायम रहेगा बैंक निफ्टी में 48000 तक की तेजी की उम्मीद बनी रहेगी। कुल मिलाकर ट्रेंड पॉजिटिव है और 46800 - 46600 की ओर होने वाली गिरावट को खरीदारी के मौके के रूप में इस्तेमाल किया जाना चाहिए।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए विचार एक्सपर्ट के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। यूजर्स को मनी कंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।