Stock market : भारतीय इक्विटी इंडेक्स 1 जनवरी को मजबूत रुख के साथ बंद हुआ और निफ्टी 23,700 से ऊपर पहुंच गया। कारोबारी सत्र के अंत में सेंसेक्स 368.40 अंक या 0.47 फीसदी बढ़कर 78,507.41 पर और निफ्टी 98.10 अंक या 0.41 फीसदी बढ़कर 23,742.90 पर बंद हुआ। आज लगभग 2642 शेयरों में तेजी आई, 1177 शेयरों में गिरावट आई और 83 शेयरों में कोई बदलाव नहीं हुआ। बीएसई मिडकैप इंडेक्स 0.5 फीसदी और स्मॉलकैप इंडेक्स 1 फीसदी बढ़ा।
निफ्टी में मारुति सुजुकी, एमएंडएम, बजाज फाइनेंस, एलएंडटी और आयशर मोटर्स टॉप गेनरों में शामिल रहे। जबकि गिरने वालों में डॉ रेड्डीज लैब्स, हिंडाल्को इंडस्ट्रीज,अडानी पोर्ट्स,ओएनजीसी,टाटा स्टील शामिल रहे। रियल्टी और मेटल को छोड़कर दूसरे सभी सेक्टोरल इंडेक्स हरे निशान में बंद हुए। जिनमें ऑटो, बिजली और कैपिटल गुड्स इंडेक्स 1-1फीसदी ऊपर रहे।
प्रोग्रेसिव शेयर्स के निदेशक आदित्य गग्गर का कहना है कि भारतीय इक्विटी बाजार ने नए साल की शुरुआत सुस्ती के साथ की है। आज शुरुआत में यह दबाव में कारोबार कर रहा था। लेकिन ऑटो सेक्टर और दूसरे चुनिंदा शेयरों ने बाजार को ऊपर उठाने में मदद की। इसके बाद तेजी बनाए रखते हुए निफ्टी 98.10 अंकों की बढ़त के साथ 23,742.90 पर बंद हुआ। RSI में पॉजिटिव डाइवर्जेंस ने अच्छी भूमिका निभाई। अब आगे और मजबूती हासिल करने के लिए निफ्टी को 23,850-23,900 के रजिस्टेमस को पार करने की जरूरत है। यहीं निफ्टी का 200-डे मूविंग एवरेज (डीएमए)भी स्थित है। नीचे की ओर निफ्टी के लिए 23,560 के स्तर पर सपोर्ट दिख रहा है।
जियोजित फाइनेंशियल सर्विसेज के आनंद जेम्स का कहना है कि हालांकि अभी भी बाजार में तेजी नहीं आई है।लेकिन निकट भविष्य में निफ्टी के 23,710-23,580 के दायरे में कारोबार करने की उम्मीद है। उन्होंने आगे कहा कि अगर तेजी ने चौंकाया तो हमें 24,025 का स्तर भी देखने को मिल सकता है लेकिन इसकी संभावना कम है।
रेलिगेयर ब्रोकिंग के अजीत मिश्रा का कहना है कि निफ्टी अब कंसोलीडेशन के अपने दूसरे हफ्ते में प्रवेश कर चुका है। वर्तमान इंडीकेटर बताते हैं कि यह ट्रेंड जारी रहने की उम्मीद है। ऐसे में हमें स्टॉक स्पेसिफिक रणनीति अपनानी चाहिए। तुलनात्मक रूप से मजबूत मोमेंटम दिखाने वाले काउंटरों पर फोकस करने की जरूरत है। फार्मा और हेल्थकेयर के अलावा, FMCG और एनर्जी सेक्टर में चुनिंदा मौके नजर आ रहे हैं।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए विचार एक्सपर्ट के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। यूजर्स को मनी कंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।