Stock market : बाजार में सीजफायर का जश्न बरकरार है। सेंसेक्स-निफ्टी दूसरे दिन भी बढ़त के साथ बंद हुए हैं। मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में खरीदारी रही। मिडकैप इंडेक्स लगातार चौथे दिन बढ़त पर बंद हुआ है। IT और ऑटो शेयरों में भी खरीदारी देखने को मिली है। फार्मा और FMCG इंडेक्स भी बढ़त पर बंद हुए हैं। दूसरी तरफ डिफेंस और PSE शेयरों में दबाव देखने को मिला है। निफ्टी 200 अंक चढ़कर 25,245 पर बंद हुआ है। वहीं, सेंसेक्स 700 अंक चढ़कर 82,756 पर बंद हुआ है। निफ्टी बैंक 159 अंक चढ़कर 56,621 पर बंद हुआ है। मिडकैप 259 प्वाइंट चढ़कर 58,882 पर बंद हुआ है। निफ्टी के 50 में से 42 शेयरों में तेजी रही। वहीं, सेंसेक्स के 30 में से 26 शेयरों में तेजी रही। निफ्टी बैंक के 12 में से 9 शेयरों में तेजी रही।
बोनान्ज़ा के रिसर्च एनालिस्ट वैभव विदवानी का कहना है कि आज भारतीय शेयर बाजार अच्छी बढ़त के साथ बंद हुए हैं। भू-राजनीतिक तनाव कम होने और अच्छे ग्लोबल संकेतों के चलते निवेशकों में जोश देखने को मिला। सेंसेक्स आज लगभग 700 अंक (लगभग 0.85%) की बढ़त के साथ 82,700 के स्तर के करीब बंद हुआ। वहीं, निफ्टी 0.8 फीसदी की बढ़त के साथ 25,240 के ऊपर बंद हुआ। मार्केट ब्रेड्थ भी मजबूत रही। लगभग 2,000 शेयरों में बढ़त और 600 शेयरों में गिरावट आई।
आईटी, ऑटो और एफएमसीजी जैसे प्रमुख क्षेत्रों में बढ़त से तेजी की गति को बढ़ावा मिला। इसमें टाइटन कंपनी, इंफोसिस, टेक महिंद्रा और भारती एयरटेल का योगदान सबसे ज्यादा रहा, भारती एयरटेल ने सत्र के दौरान 52 सप्ताह का उच्चतम स्तर छुआ। इजरायल और ईरान के बीच संभावित युद्धविराम से निवेशकों का भरोसा बढ़ा, जिससे मध्य पूर्व में तनाव को लेकर चिंताएं कम हुईं और कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट आई।
बाजार को आईटी, ऑटो और एफएमसीजी जैसे अहम सेक्टरों हुई खरीदारी से सपोर्ट मिला। इसमें टाइटन कंपनी, इंफोसिस, टेक महिंद्रा और भारती एयरटेल का योगदान सबसे ज्यादा रहा। भारती एयरटेल ने आज 52 सप्ताह का उच्चतम स्तर छुआ। इजरायल और ईरान के बीच युद्धविराम से निवेशकों का भरोसा बढ़ा है। इससे मध्य पूर्व में तनाव को लेकर बनी चिंताएं कम हुईं और कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट आई है।
कोटक सिक्योरिटीज के हेड इक्विटी रिसर्च श्रीकांत चौहान का कहना है कि आज बेंचमार्क इंडेक्सों की तेजी जारी रही। तकनीकी रूप से देखें तो एक गैप-अप ओपन के बाद, बाजार ने पूरे दिन अपनी तेजी बनाए रखी। डेली चार्ट पर एक बुलिश कैंडल और इंट्राडे चार्ट पर एक अपट्रेंड कॉन्टिन्यूटी फॉर्मेशन वर्तमान स्तरों से और तेजी आने का संकेत दे रहा है।
ट्रेंड फॉलो करने वाले ट्रेडर्स के लिए अब 25000/82000 और 25100/82300 अहम सपोर्ट ज़ोन के रूप में काम करेंगे। जब तक बाजार इन स्तरों से ऊपर कारोबार कर रहा है, तब तक तेजी का रुख जारी रहने की संभावना है।
ऊपर की तरफ 25300/83000 का स्तर डे ट्रेडर्स के लिए तत्काल रेजिस्टेंस के रूप में कार्य करेगा। 25300/83000 का सफल ब्रेकआउट बाजार को 25450-25500/83500-83650 की ओर ले जा सकता है। हालांकि,25000/82000 से नीचे जाने पर अपट्रेंड कमजोर हो जाएगा।
एलकेपी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ तकनीकी विश्लेषक रूपक डे का कहना है कि मजबूत शुरुआत के बाद निफ्टी ज्यादातर पॉजिटिव जोन में रहा। शेयरों में खरीदारी बढ़ने से सेंटीमेंट में सुधार जारी है। इजरायल और ईरान के बीच युद्ध विराम ने तेजड़ियों का मनोबल मजबूत किया है। ऐसे में अब निफ्टी 25,750 की ओर जाता दिख सकता। इसके लिए तत्काल रेजिस्टेंस 25,350 पर है। इस स्तर से ऊपर के ब्रेकआउट में निफ्टी 25,750 की ओर बढ़ता दिख सकता है।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए विचार एक्सपर्ट के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। यूजर्स को मनी कंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले सार्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।