Portfolio Diversification Strategy: अक्सर निवेशक यह गलती करते हैं कि वे उस मार्केट सेगमेंट लार्ज, मिड या स्मॉल कैप में पैसा लगाते हैं जिसने पिछले साल सबसे ज्यादा मुनाफा दिया हो। लेकिन FundsIndia Wealth Conversations की अप्रैल 2026 की रिपोर्ट के आंकड़े बताते हैं कि यह रणनीति आपके पोर्टफोलियो को भारी नुकसान पहुंचा सकती है। बाजार में 'विजेता' हर साल बदलते रहते हैं।
गिरगिट की तरह रंग बदलता है मार्केट रिटर्न
बाजार के अलग-अलग सेगमेंट का प्रदर्शन कभी भी एक जैसा नहीं रहता। स्मॉल कैप इसका सबसे बड़ा उदाहरण हैं। साल 2017 में स्मॉल कैप ने 58% का जबरदस्त रिटर्न दिया, लेकिन ठीक अगले साल 2018 में वे 26% गिर गए। ऐसे ही 2021 में मिड कैप ने 48% की छलांग लगाई, लेकिन उसके बाद उनकी रफ्तार सुस्त पड़ गई। वहीं अक्सर निवेशक लार्ज कैप को नजरअंदाज करते हैं, लेकिन 2025 में जब स्मॉल और मिड कैप संघर्ष कर रहे थे, तब लार्ज कैप ने जबरदस्त बढ़त बनाई।
पिछले 4 सालों का ट्रेंड: कैसे पलटी बाजी?
2023 से लेकर 2026 की शुरुआत तक का डेटा चौंकाने वाला है:
2023-2024: स्मॉल कैप (49%) और मिड कैप (45%) ने बाजार का नेतृत्व किया।
2024: इस साल भी स्मॉल कैप 27% और मिड कैप 24% रिटर्न के साथ आगे रहे।
2025: यहां से पूरा खेल बदल गया। स्मॉल कैप का रिटर्न गिरकर 5% रह गया और मिड कैप 6% पर आ गया। लार्ज कैप 10% के साथ आगे निकल गए।
2026 (अब तक): फिलहाल बाजार के सभी सेगमेंट लाल निशान में हैं। लार्ज कैप और स्मॉल कैप लगभग -14% नीचे हैं, जबकि मिड कैप में -13% की गिरावट है।
पिछले 10 सालों का स्मॉल कैप, मिड कैप और लार्ज कैप का ट्रेंड
निवेशक कहां कर देते हैं गलती?
ज्यादातर निवेशक 'सामने दिखने वाले' मुनाफे के पीछे भागते हैं। जब कोई सेगमेंट बहुत ज्यादा बढ़ जाता है, तो वह खबरों और चर्चाओं में आ जाता है। निवेशक तब पैसा लगाते हैं जब रैली लगभग खत्म होने वाली होती है। इस मामले में लोग तब खरीदारी करते हैं जब कीमतें पहले ही काफी ऊपर जा चुकी होती हैं। नतीजा यह होता है कि जब मार्केट साइकिल बदलती है, तो उन्हें घाटा उठाना पड़ता है।
ऐसे निवेश करने पर होगा सबसे ज्यादा मुनाफा
मार्केट एक्सपर्ट्स के अनुसार, अगले टॉप परफॉर्मर की भविष्यवाणी करना लगभग असंभव है। इसलिए बेहतर रणनीति यह है कि, अपना पूरा पैसा किसी एक सेगमेंट में डालने के बजाय लार्ज, मिड और स्मॉल कैप तीनों में बांटकर लगाएं। डाइवर्सिफिकेशन ही लंबी अवधि में मुनाफा कमाने की सबसे जबरदस्त युक्ति है। जब बाजार का एक हिस्सा जैसे- स्मॉल कैप गिरता है, तो दूसरा हिस्सा जैसे- लार्ज कैप पोर्टफोलियो को सहारा देता है। ऐसा करने पर भले ही आपको किसी एक साल में सबसे ज्यादा रिटर्न न मिले, लेकिन आपकी निवेश की जर्नी स्थिर और कम जोखिम वाली रहेगी।
डिस्क्लेमरः Moneycontrol पर एक्सपर्ट्स/ब्रोकरेज फर्म्स की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।