Maruti Suzuki share Price: देश में कार और एसयूवी बनाने वाली सबसे बड़ी कंपनी मारुति सुजुकी के शेयरों में 1 सितंबर को बड़ी गिरावट आई। इससे यह निफ्टी 50 का सबसे ज्यादा गिरने वाला शेयर बन गया। गिरावट की वजह अगस्त में गाड़ियों की बिक्री में गिरावट है। अगस्त में कंपनी के व्हीकल्स की बिक्री तिमाही दर तिमाही आधार पर 10 फीसदी घटकर 2,19220 यूनिट्स रही।
घरेलू बाजार में बढ़ी है कंपनी की सेल्स
Maruti Suzuki ने जुलाई में 2,41,421 गाड़ियां बेची थी। हालांकि, घरेलू बाजार में कंपनी की सेल्स अगस्त में साल दर साल आधार पर बढ़ी है। लाइट कमर्शियल व्हीकल्स और OEM सेल्स को छोड़कर घरेलू बाजार में कंपनी की व्हीकल्स की सेल्स अगस्त में बढ़कर 1,76,971 यूनिट्स रही। एक साल पहले की समान अवधि में यह 1.31,278 यूनिट्स थी।
यूटिलिटी व्हीकल्स की सेल्स ग्रोथ दमदार
कंपनी की अगस्त की सेल्स में यूटिलिटी व्हीकल्स का ज्यादा कंट्रिब्यूशन रहा। इस कैटेगरी की व्हीकल्स की सेल्स अगस्त में 79,045 यूनिट्स रही। यह एक साल पहले की समान अवधि में 54,043 यूनिट्स थी। इस कैटेगरी में Brezza, Ertiga, e Vitara, Fronx, Grand Vitara, Invicto, Jimny, Victoris और XL6 आती हैं।
छोटी कारों की बिक्री में भी अच्छी ग्रोथ
मिनी और कॉम्पैक्ट + मिड साइज कैटेगरी की पैसेंजर्स कारों की कुल बिक्री 85,965 यूनिट्स रही। पिछले साल अगस्त में यह 66,450 यूनिट्स थी। इस कैटेगरी में मिनी सेगमेंट की व्हीकल्स की सेल्स बढ़कर 8,799 यूनिट्स रही। एक साल पहले की समान अवधि में यह 6,853 यूनिट्स थी। इस सेगमेंट में Alto और S-Presso आती हैं।
मिड साइज और कॉम्पैक्ट कारों की बिक्री भी बढ़ी
कॉम्पैक्ट + मिड साइज सेगमेंट की सेल्स 77,166 यूनिट्स रही, जो पिछले साल अगस्त में 59,597 यूनिट्स थी। इस सेगमेंट में Baleno, Celerio, Ciaz, Dzire, Ignis, Swift और WagonR आती हैं। वैन यानी Eeco की सेल्स 11,961 यूनिट्स रही, जो एक साल पहले की समान अवधि में 10,785 यूनिट्स थी।
बीते एक साल में 13 फीसदी फिसला है शेयर
मारुति का शेयर बीते एक साल में 13 फीसदी से ज्यादा फिसला है। इस साल यानी 2926 में यह करीब 23 फीसदी गिरा है। 1 सितंबर को यह शेयर 4.70 फीसदी गिरकर 12,910 रुपये पर बंद हुआ। शेयर बाजार के प्रमुख सूचकांकों में भी गिरावट दिखी। निफ्टी 0.10 फीसदी यानी 24 अंक गिरकर 24,055 पर बंद हुआ। सेंसेक्स 0.02 फीसदी यानी 12.99 अंक गिरकर 76,944 पर क्लोज हुआ।