Meesho में तगड़ी बिकवाली, शेयर 10% लुढ़का; दो वजहों से लगा बड़ा झटका

Meesho Share Price: मीशो को साल 2015 में विदित आत्रे और संजीव बरनवाल ने शुरू किया था। डिमांड नोटिस आयकर विभाग की असेसमेंट यूनिट ने इनकम टैक्स एक्ट के सेक्शन 156 के तहत जारी किया है। कंपनी डिमांड को चैलेंज करने का प्लान बना रही है

अपडेटेड Mar 09, 2026 पर 4:06 PM
Story continues below Advertisement
आयकर विभाग ने Meesho से लगभग 1500 करोड़ रुपये के इनकम टैक्स की डिमांड की है।

ई-कॉमर्स मार्केटप्लेस मीशो (Meesho) के शेयरों में 9 मार्च को 10 प्रतिशत की गिरावट दिखाई दी। BSE पर कीमत 143.20 रुपये के लो तक चली गई और लोअर सर्किट लग गया। यह शेयर का रिकॉर्ड लो है। बिकवाली के दबाव के दो अहम कारण हैं। पहला कंपनी को असेसमेंट ईयर 2023-24 के लिए मिला करीब 1,500 करोड़ रुपये का इनकम टैक्स डिमांड नोटिस। दूसरा लॉक इन पीरियड खत्म होने से 2 प्रतिशत इक्विटी का ट्रेड के लिए फ्री हो जाना।

पहले बात करते हैं इनकम टैक्स डिमांड नोटिस की। कंपनी ने एक एक्सचेंज फाइलिंग में कहा है कि डिमांड नोटिस आयकर विभाग की असेसमेंट यूनिट ने इनकम टैक्स एक्ट के सेक्शन 156 के तहत जारी किया है। साथ ही कंपनी को इनकम टैक्स एक्ट के सेक्शन 143(3) के तहत एक असेसमेंट ऑर्डर भी जारी हुआ है। मीशो के मुताबिक, आयकर विभाग ने उससे 14,99,73,82,840 रुपये या लगभग 1500 करोड़ रुपये के इनकम टैक्स की डिमांड की है। इसमें ब्याज भी शामिल है। कंपनी ने कहा है कि वह असेसमेंट ऑर्डर में किए गए ऑब्जर्वेशंस और एडजस्टमेंट्स से सहमत नहीं है और डिमांड को चैलेंज करने का प्लान बना रही है।

कंपनी का मानना ​​है कि उसके पास कानून और तथ्यों के आधार पर अपनी बात सही साबित करने के लिए पर्याप्त कारण हैं। वह अपने हितों की रक्षा के लिए जरूरी कदम उठा रही है। कंपनी ने यह भी कहा कि इस ऑर्डर का उसकी वित्तीय स्थिति, ऑपरेशंस या दूसरी एक्टिविटीज पर कोई बड़ा बुरा असर नहीं पड़ेगा।


असेसमेंट ईयर 2022-23 के लिए भी मिला था ऐसा ही डिमांड नोटिस

मीशो ने यह भी कहा है कि इससे पहले असेसमेंट ईयर 2022-23 के लिए भी ऐसा ही डिमांड नोटिस जारी हुआ था। उसके बारे में कंपनी ने 5 दिसंबर, 2025 को फाइल किए गए प्रॉस्पेक्टस में डिटेल में बताया था। मीशो ने आगे कहा कि कर्नाटक हाई कोर्ट ने 17 अप्रैल, 2025 के एक ऑर्डर से उस डिमांड नोटिस पर अंतरिम रोक लगा दी थी और मामला अभी पेंडिंग है।

Share Market Crash: शेयर बाजार में इन 6 कारणों से महाक्रैश, सेंसेक्स 2300 अंक लुढ़का, निफ्टी 23,800 के नीचे

लॉक इन खत्म होने के बाद कितने शेयर हो गए फ्री

सोमवार को मीशो का लॉक इन खत्म होने के बाद लगभग 10.99 करोड़ शेयर ट्रेड के लिए पात्र हो गए हैं। नुवामा अल्टरनेटिव एंड क्वांटिटेटिव रिसर्च के मुताबिक, इन शेयरों की वैल्यू शुक्रवार के क्लोजिंग प्राइस के बेसिस पर 1,857.3 करोड़ रुपये है। शेयरहोल्डर लॉक इन खत्म होने का मतलब यह नहीं है कि फ्री हो चुके शेयर ओपन मार्केट में बेच ही दिए जाएंगे। ये केवल ट्रेड के लिए पात्र हो गए हैं।

दिसंबर में लिस्ट हुई थी Meesho

मीशो को साल 2015 में विदित आत्रे और संजीव बरनवाल ने शुरू किया था। कंपनी दिसंबर 2025 में शेयर बाजारों में लिस्ट हुई। इसका 5,421.20 करोड़ रुपये का IPO 81.76 गुना भरा था। कंपनी का मार्केट कैप 64600 करोड़ रुपये है। शेयर साल 2026 में अब तक 21 प्रतिशत नीचे आया है। दिसंबर 2025 में UBS ने शेयर के लिए 'Buy' रेटिंग और 220 रुपये प्रति शेयर के टारगेट प्राइस के साथ कवेरज शुरू किया था।

Disclaimer: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।