म्यूचुअल फंड 'कंजम्प्शन' थीम पर बड़ा दांव लगा रहे हैं। प्रति व्यक्ति आय में बढ़ोतरी और कंज्यूमर खर्च के पैटर्न में बदलाव की वजह से म्यूचुअल फंडों की दिलचस्पी इस थीम में बढ़ी है। तकरीबन सभी इंडस्ट्री के फंड मैनेजर इस सेगमेंट को लेकर बुलिश हैं। हाल में एक्सिस म्यूचुअल फंड ने कंजम्प्शन थीम आधारित NFO लॉन्च किया है, जो 22 अगस्त को खुला।
कोटक AMC और क्वांट म्यूचुअल फंड ने भी कंजम्प्शन थीम पर आधारित स्कीम लॉन्च की हैं। एस एमएफ (Ace MF) के आंकड़ों के मुताबिक, बड़ौदा बीएनपी पारिबा इंडिया कंजम्प्शन फंड और टाटा इंडिया कंज्यूमर फंड ने एक साल में क्रमशः 43.76 पर्सेंट और 43.87 पर्सेंट रिटर्न दिया है। इसके अलावा, पिछले तीन साल में निप्पॉन इंडिया कंजम्प्शन फंड और SBI कंजम्प्शन ऑपर्चूनिटी फंड (IDCW) की परफॉर्मेंस सूचकांकों से बेहतर रही और इन्होंने क्रमशः 25.07 पर्सेंट और 28.65 पर्सेंट का रिटर्न दिया। निप्पॉन इंडिया कंजम्प्शन ने पिछले 5 साल में शानदार रिटर्न की अगुवाई की।
एक्सिस AMC के इक्विटी हेड श्रेयस देवलकर ने लॉन्च के ऐलान के बाद बताया, ' कंजम्पशन इंडेक्स ने आर्थिक सुस्ती के दौरान भी अपनी मजबूती दिखाई है। बाजार में गिरावट के दौरान भी इस थीम के शेयरों में सूचकांकों के मुकाबले कम गिरावट रही।' पिछले एक साल में निफ्टी कंजम्प्शन इंडेक्स में 44 पर्सेंट की बढ़ोतरी हुई, जबकि पिछले 5 साल में 150 पर्सेंट की तेजी रही है।
बहरहाल, देवलकर का यह भी मानना था कि सेक्टर की परफॉर्मेंस को कुछ गलतफहमी भी है। उन्होंने कहा, 'एक थीम के तौर पर कंजम्पशन ने पिछले साल के दौरान 36 पर्सेंट का रिस्क रिटर्न दिया है, जबकि इस दौरान बाजार का रिटर्न 40 पर्सेंट रहा है।' FMCG सेक्टर का रिटर्न कम रहने के बावजूद रियल एस्टेट, ऑटो और पावर जैसे सेक्टरों ने 70 से 100 पर्सेंट का रिटर्न दिया है।
देवलकर ने बताया, 'भारत अब मिडिल इनकम इकोनॉमी की दिशा में आगे बढ़ रहा है, लिहाजा कंजम्प्शन पर फोकस अब बढ़ेगा।' पिछले एक साल में निफ्टी कंजम्पशन इंडेक्स के टॉप 10 शेयरों में 12 पर्सेंट से 85 पर्सेंट के बीच बढ़ोतरी देखने को मिली है। सबसे ज्यादा बढ़त वाले ऑटो शेयरों में आयशर मोटर्स (49.37 पर्सेंट), महिंद्रा एंड महिंद्रा (77.46 पर्सेंट) और हीरो मोटोकॉर्प (85.57 पर्सेंट) शामिल हैं।