Mid-day Mood : अमेरिकी बॉन्ड यील्ड घटने से बाजार को मिली राहत, निफ्टी ने फिर से हासिल किया 19550 का स्तर

जियोजित फाइनेंशियल सर्विसेज के वी के विजयकुमार का कहना है कि डॉलर, अमेरिकी बांड यील्ड और कच्चे तेल में बढ़ोतरी की तिहरी मार धीरे-धीरे कम हो रही है, जिससे बाजारों में रिकवरी का रास्ता साफ हो रहा है। हालांकि डॉलर और अमेरिकी बॉन्ड यील्ड में गिरावट हल्की है। ये एफआईआई की बिकवाली को रोकने के लिए पर्याप्त नहीं है। लेकिन ब्रेंट क्रूड में 86 डॉलर की तेज गिरावट एक बड़ी सकारात्मक बात है

अपडेटेड Oct 05, 2023 पर 2:26 PM
Mid-day Mood : डॉलर में तेजी थमने, अमेरिकी बॉन्ड यील्ड के हल्के पड़ने और कच्चे तेल में नरमी आने से बाजार में रिकवरी आने का रास्ता साफ हो रहा है

Mid-day Mood: सेंसेक्स-निफ्टी आज 5 अक्टूबर को लगातार दो दिनों की गिरावट से उबर कर बढ़त के साथ कारोबार कर रहे हैं। बाजार को कच्चे तेल की नरमी और यूएस बॉन्ड यील्ड में आई गिरावट से सपोर्ट मिल रहा है। कई सालों के हाई पर पहुंच चुकी यूएस बॉन्ड यील्ड में उम्मीद से कमजोर लेबर आंकड़ों के बाद कुछ नरमी आई है। इसके चलते ग्लोबल मार्केट के सेंटीमेंट में सुधार आया है। इसका भारतीय बाजारों पर भी आज अच्छा असर देखने को मिल रहा है।

दोपहर 01.30 बजे के आसपास, 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 385.14 अंक यानी 0.60 फीसदी बढ़कर 65615.06 पर और निफ्टी 97.95 अंक यानी 0.05 फीसदी बढ़कर 19534 पर कारोबार कर रहा था। लगभग 1,929 शेयरों में तेजी देखने को मिल रही थी। जबकि 1053 शेयरों में गिरावट आई थी। वहीं, 106 शेयरों में कोई बदलाव नहीं हुआ था।

हालिया करेक्शन बैंकिंग शेयरों में खरीदारी का अच्छा मौका


जियोजित फाइनेंशियल सर्विसेज के वी के विजयकुमार का कहना है कि डॉलर, अमेरिकी बॉन्ड यील्ड और कच्चे तेल में बढ़ोतरी की तिहरी मार धीरे-धीरे कम हो रही है, जिससे बाजारों में रिकवरी का रास्ता साफ हो रहा है। हालांकि डॉलर और अमेरिकी बॉन्ड यील्ड में गिरावट हल्की है। ये एफआईआई की बिकवाली को रोकने के लिए पर्याप्त नहीं है। लेकिन ब्रेंट क्रूड में 86 डॉलर की तेज गिरावट एक बड़ी सकारात्मक बात है। मैक्रो बेनिफिट के अलावा कच्चे तेल में नरमी से पेंट, एवीएशन और टायर जैसे तेल की खपत करने वाले सेक्टरों के शेयरों पर पॉजिटिव प्रभाव पड़ेगा।

विजयकुमार ने आगे कहा कि मजबूत फंडामेंटल्स के बावजूद एफआईआई की लगातार बिकवाली के कारण बैंकिंग शेयरों में गिरावट आई है। बैंकों के दूसरे तिमाही नतीजे अच्छे रहने की संभावना है। जिससे इनका वैल्यूएशन अच्छा हो जाएगा। ऐसे में हालिया करेक्शन बैंकिंग शेयरों में खरीदारी का अच्छा मौका दे रहा है।

स्टॉक और सेक्टर

टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज के शेयर आज इंट्राडे में 2.4 फीसदी उछलकर 3622 रुपये पर पहुंच गया। भारत की इस सबसे बड़ी आईटी सर्विस फर्म ने कहा कि उसे जॉर्जिया के लेबर विभाग से 1980 के दशक के पुराने प्लेटफॉर्म को स्केलेबल क्लाउड-आधारित प्लेटफार्म में बदलने के लिए चुना गया है। इस खबर के बाद आज ये शेयर जोश में रहा। L&T फाइनेंशियल होल्डिंग्स ने भी बेहतर कारोबारी अपडेट के बाद शुरुआती कारोबार में 3 फीसदी की तेजी हासिल की।

पिटने वालों की बात करें तो एनएचपीसी 2 फीसदी कमजोरी दिखा रहा है। कंपनी ने शेयर बाजार को सूचित किया कि सिक्किम में तीस्ता-V पावर स्टेशन (510 मेगावाट) और तीस्ता-VI HE प्रोजेक्ट (500 मेगावाट) इस इलाके में अचानक आई बाढ़ के कारण प्रभावित हुए हैं। साल-दर-साल आधार पर कमाई में गिरावट के कारण मैरिको भी 3.2 फीसदी गिरा है। छोटे और मझोले शेयरों में मजबूती के साथ कारोबार हो रहा है। जबकि फियर इंडेक्स INDIA VIX 4.86 फीसदी गिर गया है।

बैंकिंग स्टॉक इंडेक्स बैंक निफ्टी सुबह 11.30 बजे दिन के उच्चतम स्तर के करीब कारोबार कर रहा था। फिलहाल 1.45 बजे के आसपास ये 0.76 फीसदी की बढ़त के साथ 44297.10 के आसपास दिख रहा है। आईटी और मीडिया शेयरों में भी तेजी देखने को मिल रही है। आईटी और मीडिया इंडेक्स में करीब 1 फीसदी की तेजी देखने को मिल रही है। हालांकि, फार्मा, एफएमसीजी और पीएसयू बैंकिंग में गिरावट रही देखने को मिल रही है।

 

डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए विचार एक्सपर्ट के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। यूजर्स को मनी कंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।