Mid-day Mood : सात दिन की जोरदार तेजी के बाद बाजार आज आराम के मूड में दिख रहा है। निवेशक बाजार में मुनाफावसूली करते दिख रहे हैं। निफ्टी आज सुबह से ही काफी ऊपर नीचे हो रहा है। जिसके चलते ये अपने रिकॉर्ड हाई से फिसल गया है। दोपहर 1.29 बजे के आसपास सेंसेक्स 99.61 अंक यानी 0.15 फीसदी की बढ़त के साथ 67216.33 पर और निफ्टी 1.15 अंक या 0.01 फीसदी की गिरावट के साथ 19995.20 के स्तर पर कारोबार कर रहा था। आज दोनों इंडेक्स बढ़त साथ खुले थे और अपने दिन के उच्चतम स्तर 67539.10 और 20110.35 को छूने से पहले अपने दिन के निचले स्तर 66948.18 और 19914.65 तक फिसल गए थे। हालांकि दिन के निचले स्तर से आई खरीदारी से बेंचमार्क लाल से हरे रंग में लौटने में कामयाब रहा।
स्मॉलकैप और मिडकैप आई मुनाफावसूली
पिछले महीने स्मॉलकैप और मिडकैप के मजबूत प्रदर्शन के बाद निवेशक अब इनमें मुनाफावसूली के मूड में दिख रहे हैं। जिसके चलते आज के कारोबारी सत्र में छोटो-मझोले शेयरों में ज्यादा गिरावट आई है। निफ्टी स्मॉलकैप 100 और निफ्टी मिडकैप 100 प्रत्येक में 2 फीसदी से ज्यादा की गिरावट आई है।
बता दें कि हाल के दिनों में कई विश्लेषकों ने छोटे-मझोले शेयरों में गिरावट की भविष्यवाणी की थी। कोटक इंस्टीट्यूशनल इक्विटीज ने हाल ही में निवेशकों को मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में आई तेजी को लेकर चेतावनी जारी की थी। कोटक की सलाह है कि अपने पोर्टफोलियों इस समय ज्यादा मिड और स्मॉलकैप शेयर न रखें। क्योंकि इस स्पेस में इस समय ऐसे बहुत कम स्टॉक दिख रहे हैं जिनमें अगले 12 महीनों में अच्छी तेजी दिखने की संभावना है। खासकर बीएफएसआई सेक्टर में तो तेजी की संभावना वाले शेयर बहुत कम दिख रहे हैं। कोटक इंस्टीट्यूशनल इक्विटीज का कहना है कि हाल के दिनों में तमाम बुनियादी तौर पर कमजोर मिड और स्मॉलकैप शेयरों में भी तेजी आई है। इसको लेकर सतर्क रहने की जरूरत है।
लार्जकैप शेयरों में बढ़ी रुचि
अब लार्जकैप शेयरों में रुचि बढ़ रही है। अगस्त में आए करेक्शन के बाद लार्जकैप अच्छे दिख रहे हैं। अधिकांश विश्लेषक लार्जकैप को लेकर उत्साहित हैं। उनका कहना है कि आगे इनमें तेजी देखने को मिलेगी। क्वांटम म्यूचुअल फंड के सीआईओ चिराग मेहता का कहना है बेंचमार्क इंडेक्स की रैली टिकाऊ साबित होगी। क्योंकि ये रियल ग्राउंड लेवल की एक्टिविटी से प्रेरित है। तेजी का बटन लंबे समय तक ऑन रहेगा। कंपनियां अपने कैपेसिटी यूटिलाइजेशन को बढ़ा रही हैं। अगर कोई आकस्मिक झटका नहीं लगता है तो ये रैली काफी लंबे समय तक बढ़ती दिखेगी।
लार्सन एंड टुब्रो निफ्टी 50 के टॉप गेनरों में
आज के कारोबारी सत्र में इंडेक्स हैवीवेट लार्सन एंड टुब्रो निफ्टी 50 के टॉप गेनरों में हैं। कंपनी द्वारा अपने 10,000 करोड़ रुपये के मेगा बायबैक के फ्लोर प्राइस को लगभग 7 फीसदी बढ़ाने के बाद आज इस शेयर में लगभग 3 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है। आईसीआईसीआई बैंक, एक्सिस बैंक, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज और इंफोसिस जैसे दूसरे इंडेक्स हैवीवेट्स में भी बढ़त देखने को मिली है। एलएंडटी फाइनेंस होल्डिंग्स में भी 7 करोड़ शेयरों के ब्लॉक डील के बाद तेजी आई है। इस शेयर में लगभग 2 फीसदी की बढ़त देखने को मिली है।
निफ्टी आईटी में 1 फीसदी से ज्यादा की बढ़त
सेक्टोरल इंडेक्सों की बात करें निफ्टी आईटी 1 फीसदी से ज्यादा की बढ़त के साथ टॉप पर है। ब्रॉडर मार्केट में रेलवे शेयरों में गिरावट आई है। निवेशकों ने हाल के महीनों में शानदार तेजी के बाद आज इनमें मुनाफावसूली की है। चीनी बनाने वाली कंपनियों के शेयरों में आज 3-7 फीसदी की गिरावट आई है।
चीनी शेयरों में आई गिरावट
मीडिया में आई रिपोर्ट के मुताबिक भारत सरकार ने निर्देश दिया है कि चीनी के कारोबारी और मिलों से जुड़े अधिकृत डीलर मई से अगस्त 2023 तक किए गए सभी लेनदेन के बारे में मंगलवार, 12 सितंबर तक सारी जानकारी जमा करें। CNBC-TV18 की एक रिपोर्ट में कहा गया है कि यह आगामी त्योहारी सीज़न में सस्ती दरों पर चीनी की पर्याप्त आपूर्ति बनाए रखने के लिए सरकार ये कवायद कर रही है। दोपहर 12 बजे के आसपास बीएसई पर श्री रेणुका शुगर्स, डालमिया भारत शुगर एंड इंडस्ट्रीज, ईआईडी पैरी इंडिया, बलरामपुर चीनी मिल्स, द्वारिकेश शुगर इंडस्ट्रीज, उत्तम शुगर मिल्स, सिंभावली शुगर्स, शक्ति शुगर्स के शेयर 3-7 फीसदी की गिरावट के साथ कारोबार कर रहे थे।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए विचार एक्सपर्ट के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। यूजर्स को मनी कंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।