मिडवेस्ट एनर्जी लिमिटेड का शेयर छोटे टुकड़ों में टूटने वाला है। अभी एक शेयर की फेस वैल्यू 10 रुपये है। स्टॉक स्प्लिट के तहत यह 1 रुपये फेस वैल्यू वाले 10 शेयरों में बंट जाएगा। रिकॉर्ड डेट 25 सितंबर 2026 है। इस कॉरपोरेट एक्शन की घोषणा जून महीने में हुई थी। शेयर की वर्तमान कीमत BSE पर 3531.70 रुपये है। कंपनी का मार्केट कैप 4500 करोड़ रुपये से ज्यादा है।
स्टॉक स्प्लिट में कंपनी अपने मौजूदा शेयरों को छोटे टुकड़ों में तोड़ देती है। इससे निवेशकों के पास शेयरों की संख्या बढ़ जाती है लेकिन उसी अनुपात में प्रति शेयर कीमत घट जाती है। निवेशकों के निवेश की कुल वैल्यू नहीं बदलती। इस कदम का मकसद शेयरों को किफायती बनाना होता है। बहुत ज्यादा कीमत वाले शेयर छोटे निवेशकों की पहुंच से बाहर हो जाते हैं। स्प्लिट के बाद शेयर सस्ते हो जाते हैं, जिससे अधिक नए निवेशक जुड़ने की संभावना रहती है।
मिडवेस्ट एनर्जी, मिडवेस्ट बिजनेस हाउस की टेक्नोलॉजी और क्लीन एनर्जी शाखा है। मिडवेस्ट बिजनेस हाउस हैदराबाद में स्थित एक इंडस्ट्रियल ग्रुप है, जिसकी शुरुआत 1981 में हुई थी। यह मिनरल एक्सप्लोरेशन, माइनिंग, मिनरल प्रोसेसिंग, इंजीनियरिंग और एडवांस्ड मैटीरियल्स जैसे कई क्षेत्रों में काम करता है। मिडवेस्ट एनर्जी बैटरी एनर्जी स्टोरेज सिस्टम्स, रेयर अर्थ परमानेंट मैग्नेट्स और क्रिटिकल मैटीरियल्स के लिए मैन्युफैक्चरिंग क्षमताएं विकसित कर रही है। ये सभी इलेक्ट्रिक मोबिलिटी, रिन्यूएबल एनर्जी, ग्रिड इंफ्रास्ट्रक्चर और रणनीतिक उद्योगों को सपोर्ट करते हैं।
Midwest Energy शेयर 5 साल में हुआ 20000 प्रतिशत महंगा
मिडवेस्ट एनर्जी की सालाना आम बैठक 30 सितंबर को होने वाली है। कंपनी का पुराना नाम मिडवेस्ट गोल्ड लिमिटेड था। कंपनी में जून 2026 के आखिर तक प्रमोटर्स के पास 58.45 प्रतिशत हिस्सेदारी थी। शेयर एक साल में 50 प्रतिशत से ज्यादा चढ़ा है। 2 साल में कीमत 5200 प्रतिशत और 3 साल में 10600 प्रतिशत बढ़ी है। 5 साल में शेयर 20000 प्रतिशत और 10 साल में 30400 प्रतिशत मजबूत हो चुका है। शेयर का BSE पर 52 सप्ताह का एडजस्टेड हाई 5,900 रुपये और एडजस्टेड लो 1,989.05 रुपये है।
मिडवेस्ट एनर्जी का अप्रैल-जून 2026 तिमाही में रेवेन्यू 4.63 करोड़ रुपये रहा। शुद्ध मुनाफा 3.15 करोड़ रुपये और प्रति शेयर अर्निंग 2.43 करोड़ रुपये दर्ज की गई। पूरे वित्त वर्ष 2026 के दौरान कंपनी का रेवेन्यू 24.46 करोड़ रुपये, शुद्ध मुनाफा 2.80 करोड़ रुपये और प्रति शेयर अर्निंग 2.47 करोड़ रुपये रही।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।