Mobikwik Q2 Results: कंपनी लगातार चौथी तिमाही मुनाफे में, रेवेन्यू 9% बढ़ा; शेयर 5% उछला

Mobikwik Q2 Results: सितंबर 2026 तिमाही के दौरान मोबिक्विक के प्लेटफॉर्म की GMV सालाना आधार पर 35 प्रतिशत बढ़ गई। कंज्यूमर पेमेंट GMV 27 प्रतिशत बढ़कर 46,375 करोड़ रुपये हो गई। मोबिक्विक दिसंबर 2024 में शेयर बाजारों में लिस्ट हुई थी

अपडेटेड Nov 02, 2026 पर 4:33 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Mobikwik में सितंबर 2026 के आखिर तक प्रमोटर्स के पास 25.21 प्रतिशत हिस्सेदारी थी।

डिजिटल पेमेंट्स फर्म 'वन मोबिक्विक सिस्टम्स' को जुलाई-सितंबर 2026 तिमाही में 11.83 करोड़ रुपये का शुद्ध कंसोलिडेटेड मुनाफा हुआ है। कंपनी ने लगातार चौथी तिमाही मुनाफा दर्ज किया। एक साल पहले कंपनी 28.61 करोड़ रुपये के घाटे में थी। ऑपरेशंस से कंसोलिडेटेड रेवेन्यू 295.70 करोड़ रुपये दर्ज किया गया, जो सितंबर 2025 तिमाही के 270.2 करोड़ रुपये के मुकाबले 9.4 प्रतिशत ज्यादा है। कंपनी को मोबिक्विक के नाम से भी जाना जाता है।

कंपनी ने शेयर बाजारों को बताया है कि सितंबर 2026 तिमाही में उसके कुल खर्च 280 करोड़ रुपये के रहे, जो एक साल पहले 285.7 करोड़ रुपये के थे। EBITDA (ब्याज, टैक्स, डेप्रिसिएशन और अमॉर्टाइजेशन से पहले की कमाई) 22.7 करोड़ रुपये रही। यह किसी ​एक तिमाही में कंपनी के EBITDA का अब तक का सबसे ज्यादा आंकड़ा है। सितंबर 2025 तिमाही में कंपनी ने 6.4 करोड़ रुपये का EBITDA लॉस देखा था। मोबिक्विक में सितंबर 2026 के आखिर तक प्रमोटर्स के पास 25.21 प्रतिशत हिस्सेदारी थी।

सितंबर 2026 तिमाही के दौरान मोबिक्विक के प्लेटफॉर्म की ग्रॉस मर्चेंडाइज वैल्यू (GMV) सालाना आधार पर 35 प्रतिशत बढ़कर 59,677 करोड़ रुपये हो गई। एक साल पहले यह आंकड़ा 44,114 करोड़ रुपये था। कंज्यूमर पेमेंट GMV 27 प्रतिशत बढ़कर 46,375 करोड़ रुपये हो गई। मर्चेंट पेमेंट से रेवेन्यू 150 प्रतिशत बढ़ा, जबकि पेमेंट बिजनेस में ग्रॉस मार्जिन बढ़कर 38.2 प्रतिशत हो गया। फाइनेंशियल सर्विसेज से ग्रॉस प्रॉफिट एक साल पहले की सितंबर तिमाही के 25.6 करोड़ रुपये से दोगुने से भी अधिक बढ़कर 57.1 करोड़ रुपये हो गया।


FY27 की पहली छमाही में कैसा रहा बिजनेस

अप्रैल-सितंबर 2026 छमाही यानि कि वित्त वर्ष 2026-27 के पहले 6 महीनों के दौरान मोबिक्विक का शुद्ध कंसोलिडेटेड मुनाफा 19.44 करोड़ रुपये रहा। एक साल पहले कंपनी 70.53 करोड़ रुपये के घाटे में थी। ऑपरेशंस से कंसोलिडेटेड रेवेन्यू 577.18 करोड़ रुपये दर्ज किया गया, जो सितंबर 2025 छमाही में 541.57 करोड़ रुपये थी। कुल खर्च 553.46 करोड़ रुपये के रहे, जो सितंबर 2025 छमाही में 598.52 करोड़ रुपये के थे।

Zee Entertainment: शेयर में दिखी 6% तक की गिरावट, Q2 में मुनाफा गिरने के बाद जमकर बिकवाली

दिसंबर 2024 में लिस्ट हुई थी MobiKwik

MobiKwik दिसंबर 2024 में शेयर बाजारों में लिस्ट हुई थी। इसका IPO 572 करोड़ रुपये का था। कंपनी के शेयर की फेस वैल्यू 2 रुपये है। 2 नवंबर को दिन में शेयर में 9 प्रतिशत तक की तेजी दिखी। BSE पर शेयर 233.90 रुपये के हाई तक गया। बाद में 5.5 प्रतिशत बढ़त के साथ 225.70 रुपये पर सेटल हुआ। 52 सप्ताह का एडजस्टेड हाई 267.80 रुपये और एडजस्टेड लो 151.95 रुपये है। शेयर एक महीने में 15 प्रतिशत चढ़ा है। कंपनी का मार्केट कैप 1700 करोड़ रुपये से ज्यादा है।

Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।