बजट वाले हफ्ते में 100 से ज्यादा शेयरों में दिखी 10-47% की बढ़त, जानिए आगे कैसी रह सकती है बाजार की चाल
Market news : भारतीय इक्विटी इंडेक्सों ने बजट सप्ताह की शुरुआत बढ़त के साथ की थी। लेकिन एफओएमसी बैठक के नतीजे और अंतरिम बजट से पहले भारी वोलैटिलिटी देखने को मिली जबकि बजट के बाजार लगभग सपाट ही रहा। हालांकि, शुक्रवार को आई मजबूत बढ़त ने निफ्टी को नई ऊंचाई हासिल करने में मदद की, लेकिन ऊपरी स्तरों पर कुछ मुनाफावसूली देखने को मिली
इस हफ्ते निफ्टी ने 22,126.80 का नया रिकॉर्ड हाई छुआ और 501.2 अंक या 2.34 फीसदी की बढ़त के साथ 21,853.80 पर बंद हुआ, जबकि बीएसई सेंसेक्स भी 73,427.59 के अपने ऑलटाइम हाई के करीब पहुंच गया
Stock market : अच्छे ग्लोबल संकेतों, यूएस फेड की ओर से यथास्थिति बरकरार रखने, आईएमएफ द्वारा भारत की जीडीपी ग्रोथ का अनुमान बढ़ाए जाने के खबरों के बीच 2 फरवरी को समाप्त हुए बजट वाले सप्ताह में बाजार ने लगातार दो हफ्तों से चल रहे गिरावट के सिलसिले को तोड़ दिया और पिछले दो महीनों में सबसे बड़ा साप्ताहिक बढ़त दर्ज की। आगामी मौद्रिक नीति में आरबीआई द्वारा दरों में कोई बदलाव नहीं किए जाने की उम्मीद से एफआईआई फिर से खरीदारी के मूड में आ गए हैं।
भारतीय इक्विटी इंडेक्सों ने बजट सप्ताह की शुरुआत बढ़त के साथ की थी। लेकिन एफओएमसी बैठक के नतीजे और अंतरिम बजट से पहले भारी वोलैटिलिटी देखने को मिली जबकि बजट के बाजार लगभग सपाट ही रहा। हालांकि, शुक्रवार को आई मजबूत बढ़त ने निफ्टी को नई ऊंचाई हासिल करने में मदद की, लेकिन ऊपरी स्तरों पर कुछ मुनाफावसूली देखने को मिली।
इस हफ्ते निफ्टी ने 22,126.80 का नया रिकॉर्ड हाई छुआ और 501.2 अंक या 2.34 फीसदी की बढ़त के साथ 21,853.80 पर बंद हुआ, जबकि बीएसई सेंसेक्स भी 73,427.59 के अपने ऑलटाइम हाई के करीब पहुंच गया और 1,384.96 अंक या 2 फीसदी की बढ़त के साथ 72,085.63 पर बंद हुआ।
सेक्टोरल इंडेक्सों पर नजर डालें तो निफ्टी पीएसयू बैंक इंडेक्स 11.5 फीसदी, निफ्टी ऑयल एंड गैस इंडेक्स 9 फीसदी, निफ्टी एनर्जी इंडेक्स 8 फीसदी और निफ्टी मेटल, ऑटो और रियल्टी इंडेक्स 4 फीसदी बढ़ कर बंद हुए हैं।
इस हफ्ते बीएसई स्मॉल-कैप इंडेक्स में 3.3 फीसदी की बढ़ोतरी हुई। ये 2 फरवरी को 46,169.7 की नई ऊंचाई पर पहुंच गया। एनबीसीसी (भारत), शक्ति पंप्स (भारत), पंजाब एंड सिंध बैंक, केपीआई ग्रीन एनर्जी, हेमिस्फेयर प्रॉपर्टीज इंडिया, इंफीबीम एवेन्यूज , आईआरबी इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपर्स और भारत पर्यटन विकास निगम में 31-47 फीसदी की तेजी देखने को मिली।
दूसरी ओर रैमकी इंफ्रास्ट्रक्चर, ओरिएंटल कार्बन एंड केमिकल्स, जेडएफ कमर्शियल व्हीकल कंट्रोल सिस्टम्स इंडिया, क्राफ्ट्समैन ऑटोमेशन और राणे मद्रास में 10-12 फीसदी की गिरावट आई।
अगले हफ्ते कैसी रह सकती है बाजार की चाल
एलकेपी सिक्योरिटीज के रूपक डे का कहना है कि शुक्रवार के कारोबारी सत्र के पहले आधे भाग के दौरान निफ्टी 22,000 अंक को पार कर गया, लेकिन बाद में ऑवरली चार्ट पर डबल टॉप पर पहुंच गया। तेजी की बहाली की पुष्टि केवल तभी होगी जब डबल टॉप के ऊपर एक निर्णायक ब्रेकआउट देखने को मिलेगा जो वर्तमान में लगभग 22,125 के आसपास दिख रहा है। 22,150 से ऊपर के ब्रेकआउट की स्थिति में निफ्टी 22,500 और उससे आगे के स्तर तक जा सकता है। वहीं, अगर निफ्टी 21,500 के सपोर्ट लेवल के नीचे चला जाता है तो कमजोरी बढ़ेगी।
शेयरखान के जतिन गेडिया का कहना है कि निफ्टी 2 फरवरी को तेजी के साथ खुला और 22126.80 का नया ऑलटाइम हाई छू लिया। हालांकि, इसके बाद तेज बिकवाली आई। इसने निफ्टी को 21200 - 21900 की बड़ी रेंज में फिर से ढ़केल दिया। डेली और ऑवरली मोमेंटम इंडीकेटर अलग-अलग संकेत दे रहे हैं जिससे पता चलता है निफ्टी एक दायरे में अटका हुआ। बोलिंगर बैंड भी रेंज बाउंड एक्शन का संकेत देते हुए सिकुड़ रहे हैं। इस तरह तमाम पैरामीटर ये संकेत दे रहें हैं कि बाजार में कंसोलीडेशन जारी रहने की संभावना है। इस कंसोलीडेशन के दौरान स्टॉक विशेष एक्शन और सेक्टर रोटेशन जारी रहने की उम्मीद है। निफ्टी के लिए 21660 - 21600 पर सपोर्ट और 22100 - 22150 पर रजिस्टेंस दिख रहा है।
बैंक निफ्टी में 46900 - 47000 के जोन में बिकवाली का दबाव देखने को मिला जो कि 48636 - 44429 तक देखी गई पूरी गिरावट के 61.82 फीसदी फाइबोनैचि रिट्रेसमेंट लेवल के साथ मेल खाता है। शॉर्ट टर्म में बैंक निफ्टी के 47000 - 45500 के रेंज में कंसोलीडेशन होने की उम्मीद दिख रही है।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए विचार एक्सपर्ट के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। यूजर्स को मनी कंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।