IT Stocks: घरेलू स्टॉक मार्केट में आज खरीदारी का रुझान है और इस माहौल में आईटी शेयर धड़ाधड़ ऊपर चढ़ रहे हैं। आईटी सेक्टर की 10 दिग्गज कंपनियों के शेयरों की तेजी को ट्रैक करने वाला आईटी इंडेक्स निफ्टी आईटी (Nifty IT) डेढ़ फीसदी से अधिक उछल गया। वहीं इसमें शामिल एमफेसिस (Mphasis), कोफोर्ज (Coforge), इंफोसिस (Infosys), टेक महिंद्रा (Tech Mahindra), पर्सिस्टेंट सिस्टम्स (Persistent Systems), टीसीएस (TCS), और विप्रो (Wipro) के शेयर 1-5% तक उछल गए। सबसे अधिक तेजी एमफेसिस में दिख रही है। ओवरऑल बात करें तो घरेलू इक्विटी बेंचमार्क इंडेक्स सेंसेक्स (Sensex) और निफ्टी 50 (Nifty 50) में करीब आधे फीसदी की तेजी है।
क्या है IT Stocks में तेजी की वजह?
जून तिमाही के जीडीपी आंकड़े ने आईटी शेयरों में जोश भर दिया तो वहीं ब्रोकरेज फर्म मॉर्गन स्टैनले ने एमफेसिस को ओवरवेट रेटिंग दी तो इसमें उछाल और जोर से आई। पहले जी़डीपी की बात करें तो इस वित्त वर्ष 2026 की पहली तिमाही में देश की इकॉनमी 7.8% की रफ्तार से बढ़ी। अब मॉर्गन स्टैनले के एमफेसिस पर रुझान की बात करें तो ब्रोकरेज फर्म ने इसे ओवरवेट रेटिंग दी है। साथ ही ब्रोकरेज फर्म ने इसका टारगेट प्राइस भी ₹3,500 से बढ़ाकर ₹3,625 कर दिया है। एनालिस्ट्स का मानना है कि माइक्रो फैक्टर्स एमफेसिस के पक्ष में हैं औरर ब्याज दरों में कटौती से इसे और सपोर्ट मिलेगा। ब्रोकरेज फर्म को उम्मीद है कि जैसे इसके रेवेन्यू की रफ्तार स्पीड पकड़ती है, मिड-कैप पियर्स के साथ इसका वैल्यूएशन गैप और कम हो सकता है।
IT Sector को लेकर पॉजिटिव माहौल
जब से अमेरिकी फेडरल रिजर्व के चेयरमैन जेरोम पॉवेल ने मौद्रिक नीतियों में ढील के संकेत दिए हैं, आईटी शेयरों को लेकर निवेशकों का मूड पॉजिटिव हुआ है। उन्होंने सुझाव दिया है कि अमेरिका में कमजोर जॉब मार्केट के चलते अमेरिकी फेड ब्याज दरों में कटौती कर सकता है। इसकी बैठक 16-17 सितंबर को होने वाली है। ब्रोकरेजेज फर्म इस सेक्टर को लेकर काफी पॉजिटिव हैं। सीएलएसए के एनालिस्ट्स का इस सेक्टर पर बुलिश रुझान बना हुआ है। ब्रोकरेज फर्म का कहना है कि अमेरिका की मजबूत इकनॉमिक ग्रोथ और आईटी स्पेंडिंग में रिकवरी के संकेत पर यह सेक्टर रफ्तार पकड़ सकता है। साथ ही सीएलएसए का मानना है कि आईटी वैल्यूएशन ऐतिहासिक तौर पर काफी आकर्षक लेवल है और साथ ही साथ निफ्टी और नास्डाक की तुलना में भी। सीएलएसए के मुताबिक आईटी सेक्टर में इंफोसिस और विप्रो टॉप पिक हैं और हाई बीटा के चलते इन्हें आउटपरफॉर्म रेटिंग दी है।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।