MR Maniveni Foods IPO Listing: उड़द दाल और तुअर दाल की प्रोसेसिंग कर इसकी बिक्री करने वाली एमआर मनिवेनी फूड्स के शेयरों की आज BSE SME पर भारी डिस्काउंट के साथ एंट्री हुई। इसके आईपीओ को ओवरऑल 1.74 गुना बोली मिली थी। आईपीओ के तहत ₹52 के भाव पर शेयर जारी हुए हैं। आज BSE SME पर इसकी ₹42.55 पर एंट्री हुई है यानी कि आईपीओ निवेशकों को कोई लिस्टिंग गेन नहीं मिला बल्कि उनकी पूंजी ही 18.17% ही घट गई। लिस्टिंग के बाद शेयरों ने रिकवरी की कोशिश की। उछलकर यह ₹44.66 तक पहुंच गया था जिससे फिसलकर यह ₹40.52 तक आ गया था। निचले स्तर पर मामूली रिकवरी के साथ यह ₹40.65 (MR Maniveni Foods Share Price) पर बंद हुआ यानी कि पहले कारोबारी दिन की समाप्ति पर आईपीओ निवेशक 21.83% घाटे में हैं।
MR Maniveni Foods IPO के पैसे कैसे होंगे खर्च
एमआर मनिवेनी फूड्स का ₹27 करोड़ का आईपीओ सब्सक्रिप्शन के लिए 22-26 मई तक खुला था। यह आईपीओ ओवरऑल 1.74 गुना सब्सक्राइब हुआ था। इसमें क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) के लिए आरक्षित हिस्सा 1.00 गुना (एक्स-एंकर), नॉन-इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स (NII) का हिस्सा 1.88 गुना और खुदरा निवेशकों का हिस्सा 2.09 गुना भरा था। इस आईपीओ के तहत ₹10 की फेस वैल्यू वाले 52 लाख नए शेयर जारी हुए हैं। इन शेयरों के जरिए जुटाए गए पैसों में से ₹12.69 करोड़ फैक्ट्री बनाने, ₹13.61 करोड़ प्लांट और मशीनरी की खरीदारी, और बाकी पैसे आम कॉरपोरेट उद्देश्यों पर खर्च होंगे।
MR Maniveni Foods के बारे में
जून 2010 में बनी एमआर मनिवेनी फूड्स खाने की चीजों के प्रोसेसिंग, पैकेजिंग और डिस्ट्रीब्यूशन के बिजनेस में है। इसका फोकस उड़द दाल और तुअर दाल पर है। कंपनी के वित्तीय सेहत की बात करें तो यह लगातार मजबूत हो रही है। वित्त वर्ष 2023 में इसे ₹1.56 करोड़ का शुद्ध मुनाफा हुआ था जो अगले वित्त वर्ष 2024 में उछलकर ₹2.18 करोड़ और फिर वित्त वर्ष 2025 में ₹4.13 करोड़ पर पहुंच गया। इस दौरान कंपनी की टोटल इनकम भी सालाना 30% से अधिक की चक्रवृद्धि दर (CAGR) से बढ़कर ₹203.52 करोड़ पर पहुंच गई। पिछले वित्त वर्ष 2026 की बात करें तो अप्रैल-दिसंबर 2025 में कंपनी को ₹3.34 करोड़ का शुद्ध मुनाफा और ₹116.19 करोड़ का टोटल इनकम हासिल हो चुका है। दिसंबर 2025 के आखिरी में कंपनी पर ₹22.40 करोड़ का टोटल कर्ज था जबकि रिजर्व और सरप्लस में ₹7.55 करोड़ पड़े थे।
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।