सरकारी कंपनी मैंगलोर रिफाइनरी एंड पेट्रोकेमिकल्स लिमिटेड (MRPL) के शेयरों में 16 अक्टूबर को शुरुआती कारोबार में 9 प्रतिशत तक की शानदार तेजी दिखी। कंपनी के मुनाफे में लौटने से BSE पर कीमत 154.55 रुपये के हाई तक चली गई। हालांकि कारोबार बंद होने पर शेयर 0.74 प्रतिशत बढ़त के साथ 143.05 रुपये पर सेटल हुआ। कंपनी ने एक दिन पहले जुलाई-सितंबर 2025 तिमाही के नतीजे जारी किए थे। तिमाही के दौरान कंपनी ने 627.36 करोड़ रुपये का शुद्ध कंसोलिडेटेड मुनाफा दर्ज किया। एक साल पहले यह 696.94 करोड़ रुपये के घाटे में थी। एक तिमाही पहले घाटा 270.66 करोड़ रुपये था।
हालांकि सितंबर 2025 तिमाही में कंपनी का ऑपरेशंस से कंसोलिडेटेड रेवेन्यू सालाना आधार पर 10 प्रतिशत गिरकर 25952.94 करोड़ रुपये रह गया। सितंबर 2024 तिमाही में यह 28785.92 करोड़ रुपये था। MRPL का मालिकाना हक ऑयल एंड नेचुरल गैस कॉरपोरेशन (ONGC) और हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (HPCL) के पास है। ONGC के पास सितंबर 2025 के आखिर तक 71.63 प्रतिशत हिस्सा और HPCL के पास 16.96 प्रतिशत हिस्सा था। टोटल पब्लिक शेयरहोल्डिंग सितंबर 2025 के आखिर तक 88.58 प्रतिशत थी।
MRPL की 6 महीनों की परफॉरमेंस
अप्रैल-सितंबर 2025 यानि कि वित्त वर्ष 2026 के पहले 6 महीनों में MRPL का ऑपरेशंस से कंसोलिडेटेड रेवेन्यू घटकर 46940.97 करोड़ रुपये रहा। एक साल पहले यह 56075.32 करोड़ रुपये था। शुद्ध मुनाफा 356.70 करोड़ रुपये दर्ज किया गया, जबकि सितंबर 2024 छमाही में कंपनी 623.72 करोड़ रुपये के घाटे में थी।
शेयर एक महीने में 12 प्रतिशत चढ़ा
MRPL का मार्केट कैप 25000 करोड़ रुपये है। शेयर की फेस वैल्यू 10 रुपये है। शेयर 2 साल में 40 प्रतिशत चढ़ा है। एक महीने में इसने 12 प्रतिशत की तेजी देखी है। शेयर का BSE पर 52 सप्ताह का उच्च स्तर 176.50 रुपये है, जो 17 अक्टूबर 2024 को देखा गया। 52 सप्ताह का निचला स्तर 98.95 रुपये 3 मार्च 2025 को देखा गया।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।