Diwali Muhurat Trading 2025: शेयर बाजार में दिवाली के मौके पर मुहूर्त ट्रेडिंग 21 अक्टूबर 2025 को है। NSE और BSE पर यह स्पेशल सेशन दोपहर 1:45 बजे से लेकर 2:45 बजे तक यानि कि एक घंटे का है। इसके अलावा, दोपहर 1:30 से 1:45 तक प्री-ओपन सेशन भी रहेगा, जिससे ट्रेडर्स ट्रेडिंग के लिए तैयारी कर सकेंगे। यह खास सेशन हर साल दिवाली पर ट्रेडिंग के शगुन के लिए रखा जाता है। दिवाली के मौके पर मार्केट में माता लक्ष्मी की कृपा के लिए ट्रेडिंग विडो खोली जाती है।
मुहूर्त ट्रेडिंग की परंपरा कई सालों से चली आ रही है और निवेशक इसे अपने पोर्टफोलियो में समृद्धि और सफलता लाने के अवसर के रूप में देखते हैं। स्टॉक मार्केट के निवेशकों के लिए दिवाली अगले संवत की शुरुआत है। पिछले डेटा पर नजर डालें तो मुहूर्त ट्रेडिंग सेशन ने अक्सर पॉजिटिव रिटर्न दिया है।
मुहूर्त ट्रेडिंग पर पिछले 10 सालों में निफ्टी की चाल
पिछले 10 साल के इतिहास को देखें तो बेंचमार्क सूचकांक निफ्टी 50 मुहूर्त टेडिंग पर 8 बार बढ़ा है और केवल 2 बार गिरा है। 2024 की दिवाली के मुहूर्त ट्रेडिंग सेशन में निफ्टी 99 अंकों की बढ़ोतरी के साथ 24,304.35 पर बंद हुआ था।
पिछले 10 सालों में दिवाली स्पेशल सेशन पर सेंसेक्स भी सिर्फ 2 बार 2016 और 2017 में निगेटिव जोन में बंद हुआ। 2017 के बाद से यह लगातार ग्रीन जोन में बंद हो रहा है। सबसे बेहतर परफॉरमेंस वर्ष 2022 की मुहूर्त ट्रेडिंग के दौरान रही।
Diwali Muhurat Trading की कितनी है महत्ता
मुहूर्त ट्रेडिंग पर रिटेल इनवेस्टर हों या इंस्टीट्यूशंस, अधिकतर लोग छोटे पैमाने पर ही सही लेकिन ट्रेडिंग या इनवेस्टमेंट करते जरूर हैं। आमतौर पर कभी-कभी ही ट्रेडिंग करने वाले भी इस दिन छोटा-मोटा ट्रेड ले लेते हैं ताकि अगले सम्वत् में उनके ऊपर धन बरसे। इस दिन बाकी दिनों की तुलना में ट्रेडिंग वॉल्यूम जरूर कम रहता है लेकिन माहौल काफी पॉजिटिव रहता है।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।