Multibagger Stock: कॉर्बन ब्लैक बनाने वाली दिग्गज कंपनी पीसीबीएल के शेयर अप्रैल के बाद से अब तक यानी महज एक महीने में करीब 24 फीसदी उछल चुके हैं। आज यह बीएसई पर 0.92 फीसदी की बढ़त के साथ 137.65 रुपये (PCBL Share Price) पर बंद हुआ है। वहीं लॉन्ग टर्म की बात करें तो महज एक रुपये के इस शेयर ने 21 साल में निवेशकों को 80 हजार रुपये से कम के निवेश पर ही करोड़पति (Crorepati Stock) बना दिया है। अब एक्सपर्ट्स इसमें आगे भी तेजी के रुझान देख रहे हैं। घरेलू ब्रोकरेज फर्म के मुताबिक PCBL के शेयर 180 रुपये तक पहुंच सकते हैं जो मौजूदा लेवल से करीब 31 फीसदी अपसाइड है।
77 हजार रुपये के निवेश पर बन गए करोड़पति
पीसीबीएल के शेयर 24 मई 2002 को महज 1.05 रुपये में मिल रहे थे। अब यह 13010 फीसदी ऊपर 137.65 रुपये पर है यानी कि 21 साल में निवेशक महज 77 हजार रुपये के निवेश पर करोड़पति बन गए। अब एक साल के टाइमफ्रेम में शेयरों के चाल की बात करें तो पिछले साल 13 जून 2022 को यह एक साल के निचले स्तर 95.30 रुपये पर था। इसके बाद तीन महीने में ही यह 61 फीसदी से अधिक उछलकर 16 सितंबर 2022 को 52 हफ्ते के हाई 153.75 रुपये पर पहुंच गया। हालांकि शेयरों की यह तेजी यहीं थम गई और इस हाई लेवल से फिलहाल यह 10 फीसदी से भी ज्यादा नीचे है।
PCBL के शेयरों में अब आगे क्या है रुझान
पीसीबीएल (पूर्व नाम फिलिप्स कॉर्बन ब्लैक) कॉर्बन ब्लैक बनाती है जिसका इस्तेमाल टायरों में रीइंफोर्सिंग मैटेरियल के तौर पर होता है। इसका करीब 9 फीसदी सेल्स वॉल्यूम स्पेशयिलटी कॉर्बन ब्लैक से आता है जिसमें मार्जिन काफी हाई है। ब्रोकरेज आईसीआईसीआई डायरेक्ट के मुताबिक इसका मार्जिन प्रोफाइल काफी हेल्दी है और इसका बिजनेस मॉडल कैपिटल एफिशिएंट है। कंपनी के वित्तीय सेहत की बात करें तो मार्च तिमाही में प्रति टन इसका ग्रॉस प्रॉफिट तिमाही आधार पर 18 फीसदी बढ़कर 29234 रुपये प्रति टन पर पहुंच गया।
अब आगे के रुझान की बात करें तो कंपनी ने उम्मीद जताई है कि ऑटो सेल्स में सुधार, अमेरिका और यूरोप जैसे अहम बाजारों में सप्लाई चेन की दिक्कतें सुलझने और आने वाली तिमाहियों में इकनॉमिक एक्टिविटीज के पटरी पर लौटने से इसे मजबूत सपोर्ट मिलेगा। इसके अलावा कंपनी अपनी कैपेसिटी बढ़ा रही है। इन सब बातों को देखते हुए आईसीआईसीआई डायरेक्ट ने इसमें निवेश के लिए 180 रुपये के टारगेट प्राइस पर इसकी खरीदारी की रेटिंग बरकरार रखा है। हालांकि एक और ब्रोकरेज आईडीबीआई कैपिटल के मुताबिक मार्च तिमाही की बिक्री के आंकड़े उसके अनुमान के मुकाबले कम रहे। आईडीबीआई कैपिटल ने 152 रुपये के टारगेट प्राइस पर इसकी खरीदारी की रेटिंग को बरकरार रखा है।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।