Apollo Hospitals Enterprise Share Price: दिग्गज हॉस्पिटल चेन अपोलो हॉस्पिटल्स एंटरप्राइज (Apollo Hospitals Enterprise) के शेयरों में आज अच्छी खरीदारी दिख रही है। मार्च तिमाही के शानदार नतीजे के अलावा कंपनी के ग्रोथ प्लान ने निवेशकों के बीच शानदार माहौल तैयार किया जिसके चलते अपोलो हॉस्पिटल्स के शेयर करीब 5 फीसदी उछल गए। फिलहाल यह बीएसई पर 4.24 फीसदी के उछाल के साथ 4819 रुपये पर बंद हुआ है। इंट्रा-डे में यह 4.78 फीसदी की मजबूती के साथ 4843.60 रुपये तक पहुंच गया था।
क्या है Apollo Hospitals का ग्रोथ प्लान
कंपनी की योजना इस वित्त वर्ष 2024 के आखिरी तक अपने कोर हॉस्पिटल बिजनेस में बेड अकुपेंसी लेवल को 70 फीसदी तक ले जाने की है। मार्च 2023 तिमाही में यह 64 फीसदी पर था। अपोलो हॉस्पिटल्स के एमडी सुनीता रेड्डी ने अर्निंग्स कॉल में कहा कि इंस्टीट्यूशनल पेशेंट्स पर निर्भरता घटाकर, विदेशी मरीजों को प्रमुखता देने, डॉक्टरों की भर्ती बढ़ाने और पेयर मिक्स में सुधार के जरिए अकुपेंसी के इस लक्ष्य को हासिल किया जाएगा। इसके अलावा अपोलो हॉस्पिटल्स की योजना Apollo 24/7 में अपना निवेश 135-150 करोड़ रुपये घटाने की है जिससे कंपनी को अपने ऑपरेटिंग मार्जिन पर दबाव घटाने में मदद मिलेगी।
ब्रोकरेज का क्या है रुझान
अपोलो हॉस्पिटल्स के ग्रोथ प्लान को लेकर ब्रोकरेज काफी उत्साहित हैं। घरेलू ब्रोकरेज मोतीलाल ओसवाल ने अपोलो हॉस्पिटल्स को 5450 रुपये के टारगेट पर खरीदारी की रेटिंग दी है। ग्रोथ और मुनाफे को बढ़ाने के लिए लगातार सुधार की कोशिशों के साथ-साथ इसकी घाटा कम करने की मैनेजमेंट के उपायों और देश भर में मजबूत फार्मेसी नेटवर्क को लेकर ब्रोकरेज इसमें निवेश को लेकर काफी पॉजिटिव है। हालांकि मोतीलाल ओसवाल ने फार्मेसी बिजनेस में ऊचे ऑपेरेटिंग खर्च और अकुपेंसी में धीमी बढ़ोतरी और डायग्नोस्टिक कारोबार पर अधिक खर्च के चलते वित्त वर्ष 2024 और वित्त वर्ष 2025 के ईपीएस में 7 फीसदी की कटौती की है।
एक और ब्रोकरेज नुवामा इंस्टीट्यूशनल इक्विटीज का मानना है कि अपोलो के फार्मेसी में लगातार ग्रोथ और मजबूत बिजनेस स्टैंडर्ड के चलते यह मजबूत स्थिति में है। इसके अलावा वित्त वर्ष 2024 के आखिरी तक ब्रेकइवन और अपोलो 24*7 के जीएमवी (ग्रॉस मर्चेंडाइज वैल्यू) को दोगुना करने के लक्ष्य के साथ-साथ नगदी खर्च कम करने का लक्ष्य उत्साहित करने वाला है। ऐसे में ब्रोकरेज ने न सिर्फ इसकी खरीदारी की रेटिंग को बरकरार रखा है बल्कि इसके टारगेट प्राइस को भी 4 फीसदी बढ़ाकर 5555 रुपये कर दिया है।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।