ऑर्किटेक्चरल हार्डवेयर और ग्लास फिटिंग्स बनाने वाली दिग्गज कंपनी हार्डविन इंडिया (Hardwyn India) के शेयरों में आज बंपर तेजी का रुझान दिखा। बोनस इश्यू और स्टॉक स्प्लिट से पहले शेयरों की खरीदारी बढ़ी और इसके चलते बीएसई पर आज यह 20 फीसदी उछलकर 623.85 रुपये की रिकॉर्ड हाई पर पहुंच गया। हालांकि दिन के आखिरी में यह थोड़ा नीचे लेकिन 19.90 फीसदी की मजबूती के साथ 623.35 रुपये (Hardwyn India Share Price) पर बंद हुआ। इसके शेयर कल अपर सर्किट पर बंद हुए थे और बुधवार को 4.74 फीसदी की बढ़त के साथ यानी लगातार तीन दिनों में यह 51 फीसदी चढ़ चुका है।
बोनस और स्टॉक स्प्लिट के लिए क्या है एक्स-डेट
एक्सचेंज फाइलिंग में दी गई जानकारी के मुताबिक हार्डविन इंडिया 10 रुपये की फेस वैल्यू वाले शेयरों को एक रुपये की फेस वैल्यू वाले शेयरों में तोड़ेगी यानी यह अपने शेयरों को 10 हिस्से में तोड़ेगी। इसके अलावा कंपनी शेयरहोल्डर्स को एक रुपये की फेस वैल्यू वाले तीन इक्विटी शेयरों पर एक रुपये की फेस वैल्यू वाले एक इक्विटी शेयर बोनस में देगी। इन दोनों ही एक्शन के लिए 5 जून यानी अगले हफ्ते के सोमवार को रिकॉर्ड डेट फिक्स किया गया है और यही हार्डविन के शेयरों के लिए एक्स-डेट भी है यानी बोनस शेयर पाने के लिए आज आखिरी मौका था।
Hardwyn के शेयरों ने जमकर दिया है रिटर्न
हार्डविन के शेयरों ने निवेशकों की जमकर कमाई कराई है। पिछले साल 13 अप्रैल 2022 को यह 88 रुपये में मिल रहा था। अब यह 623.35 रुपये पर है यानी कि निवेशकों के पैसे 14 महीने से भी कम समय में 608 फीसदी बढ़ गए। इस साल यह 84 फीसदी ऊपर चढ़ा है और अप्रैल के बाद से यह 71 फीसदी ऊपर चढ़ा है।
कंपनी के बारे में डिटेल्स
हार्डविन इंडिया आर्किटेक्चरल हार्डवेयर और ग्लास फिटिंग्स के सबसे बड़े उत्पादकों में शुमार है। कंपनी के वित्तीय सेहत की बात करें तो मार्च 2023 तिमाही में इसका नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 125 फीसदी बढ़कर 3.73 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। हालांकि समान अवधि में इसका रेवेन्यू 11 फीसदी गिरकर 29.88 करोड़ रुपये पर आ गया। पूरे वित्त वर्ष की बात करें तो इसका मुनाफा 165 फीसदी उछलकर 9.03 करोड़ रुपये पर पहुंच गया।