टाटा ग्रुप (Tata Group) की घरेलू स्टॉक मार्केट में 28 कंपनियां लिस्ट हैं। अब इसमें सबसे अच्छे शेयर की बात करें और इसके लिए पिछले एक साल में रिटर्न को आधार बनाया जाए तो इसमें ग्रुप की न तो आईटी कंपनी का नंबर आएगा, न मेटल कंपनी का और न ही ऑटो कंपनी का। पिछले एक साल में टाटा ग्रुप की लिस्टेड होटल कंपनियों ने निवेशकों को सबसे तगड़ा रिटर्न दिया है। घरेलू मार्केट में इसके तीन होटल्स इंडियन होटल्स (Indian Hotels), ओरिएंटल होटल्स (Oriental Hotels) और बनारस होटल्स (Benares Hotels) लिस्ट हैं। इन तीन होटल्स के अलावा तेजस नेटवर्क्स (Tejas Networks) ने एक साल में सबसे अधिक रिटर्न दिया है।
निवेशकों को कितना मिला रिटर्न
बनारस होटल्स (Benares Hotels) के शेयर पिछले एक साल में दोगुना से अधिक बढ़ चुके हैं। यह एक साल में करीब 107 फीसदी उछला है। वहीं इंडियन होटल्स (Indian Hotels) के शेयर एक साल में 69 फीसदी और ओरिएंटल होटल्स (Oriental Hotels) 53 फीसदी ऊपर चढ़े हैं। इन होटल शेयरों के अलावा तेजस नेटवर्क्स (Tejas Networks) एक साल में 49 फीसदी मजबूत हुआ है। इन शेयरों में यह तेजी ऐसे समय में आई जब इसकी आईटी कंपनी टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) के शेयर एक साल में 3 फीसदी से अधिक, टाटा पावर (Tata Power) 8 फीसदी, टाटा एलेक्सी (Tata Elxsi) 11 फीसदी और वोल्टास (Voltas) 21 फीसदी से अधिक कमजोर हुए हैं।
Tata Group के Hotel Stocks में आगे क्या है रुझान
आईपीएल की समाप्ति के बाद भी होटल शेयरों में अच्छी तेजी दिख सकती है। आने वाले समय में जी20 और आईसीसी क्रिकेट वर्ल्ड कप होने हैं, जिससे इस सेक्टर को सपोर्ट मिलेगा। इसके अलावा फेस्टिव सीजन ट्रैवल भी इसकी ग्रोथ को सपोर्ट करेगा। पिछले महीने सीएनबीसी-टीवी18 से बातचीत में इंडियन होटल्स के एमडी और सीईओ पुनीत छटवाल ने होटल सेक्टर को लेकर ऐसी ही संभावनाएं जताई थी। ब्रोकरेज फर्म जेपीमॉर्गन का अनुमान है कि इंडियन होटल्स वित्त वर्ष 2024 में हर उपलब्ध कमरे पर रेवेन्यू 10 फीसदी या इससे अधिक की दर से बढ़ सकता है।