Multibagger Stock: 1 साल में 265% का रिटर्न! रामायण बनाने वाली कंपनी ने निवेशकों को किया मालामाल

Multibagger Stock: रामायण फिल्म से जुड़ी खबरों के बीच Prime Focus के शेयरों में जबरदस्त तेजी आई है। 1 साल में 265% रिटर्न और 6 महीने में 88% उछाल ने निवेशकों को मालामाल किया। जानिए कंपनी क्या करती है और इसके शेयरों में तेजी की वजह क्या है।

अपडेटेड Apr 05, 2026 पर 4:18 PM
Story continues below Advertisement
प्राइम फोकस का मुख्य बिजनेस मीडिया और एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री से जुड़ा है

Multibagger Stock: रणबीर कपूर की रामायण (Ramayana) फिल्म का पहला टीजर पिछले साल जुलाई में आया था। उसके बाद से ही Prime Focus के शेयरों में लगातार तेजी देखी जा रही है। उस वक्त यह स्टॉक करीब 160 रुपये के आसपास था। दूसरा टीजर 2 अप्रैल को आया और तब तक प्राइम फोकस का स्टॉक 330 रुपये तक पहुंच चुका है यानी 106% का उछाल। यह तेजी इसलिए भी हैरान करती है, क्योंकि इस दौरान ओवरऑल मार्केट में बड़ी गिरावट आई है।

Prime Focus में तूफानी तेजी की वजह

प्राइम फोकस के शेयरों में उछाल की सबसे बड़ी वजह फिल्म रामायण से जुड़ा उत्साह है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, रामायण में भगवान राम का किरदार निभा रहे रणबीर कपूर ने भी कंपनी में निवेश किया है। कंपनी ने पहले 46 करोड़ से ज्यादा शेयरों के प्रेफरेंशियल इश्यू को मंजूरी दी थी। इसमें रणबीर कपूर 12.5 लाख शेयर लेने वाले प्रस्तावित निवेशकों में शामिल थे। हालांकि यह साफ नहीं है कि उन्होंने अब तक ये शेयर खरीदे हैं या नहीं।


फिल्म का टीजर आने के बाद निवेशकों का भी उत्साह बढ़ा है। स्टॉक ने पिछले दिनों 347.80 रुपये का अपना 52वीक का हाई भी बनाया। पिछले 6 महीने में इसने 88.08% का रिटर्न दिया है। वहीं, 1 साल में 265% का उछाल आया है। कंपनी का मार्केट कैप 25.61 हजार करोड़ रुपये है।

Prime Focus का बिजनेस क्या है

प्राइम फोकस का मुख्य बिजनेस मीडिया और एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री से जुड़ा है, जहां यह विजुअल इफेक्ट्स (VFX), एनीमेशन, प्रोडक्शन और पोस्ट-प्रोडक्शन सेवाएं देता है। कंपनी फिल्मों, वेब सीरीज, टीवी शो और विज्ञापनों के लिए हाई-एंड विजुअल इफेक्ट्स तैयार करती है।

इसके ग्लोबल ऑपरेशन का बड़ा हिस्सा इसकी सहायक कंपनी DNEG के जरिए चलता है। इसने हॉलीवुड की कई बड़ी फिल्मों पर काम किया है। इसमें Inception, Interstellar, Tenet, Dune और Blade Runner 2049 जैसी बड़ी और ऑस्कर जीतने वाली फिल्में शामिल हैं।

Prime Focus का शेयरहोल्डिंग पैटर्न

स्क्रीनर पर उपलब्ध डेटा के मुताबिक, दिसंबर तिमाही तक रामायण के प्रोड्यूसर नमित मल्होत्रा के पास कंपनी में 1.92% हिस्सेदारी थी। वहीं, उसने पिता नरेश मल्होत्रा 5.61% के मालिक थे। प्रमोटर की कुल हिस्सेदारी 60.76% थी। FII के पास 3.35% और DII के पास 1.14% शेयर थे। रिटेल निवेशकों के पास 34.74% शेयर थे।

हालांकि, पिछले मार्च तिमाही के बाद से प्राइम फोकस में प्रमोटरों ने 9% से ज्यादा हिस्सेदारी बेची है। FII की हिस्सेदारी 11% से घटकर 3% तक आई है। वहीं, रिटेल इनवेस्टर्स का स्टेक इस दौरान 18% से बढ़कर 34% तक पहुंच गया है।

Stocks in Focus: इन तीन कंपनियों को मिले तगड़े ऑर्डर, शेयरों में दिख सकती है बड़ी हलचल

Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।