Multibagger Stock Split: सोलर पावर, सोलर पैनल, सोलर इनवर्टर, सोलर बैट्री और एसी-डीसी चार्जर बनाने वाली कंपनी सर्वोटेक पावर सिस्टम्स (Servotech Power Systems) ने निवेशकों के पोर्टफोलियो को तगड़ा चार्ज किया है। तीन साल में यह 2.96 रुपये (13 जुलाई 2020 का क्लोजिंग प्राइस) से उछलकर अब 167.90 रुपये पर पहुंच चुका है यानी कि इसने महज तीन साल में निवेशकों की पूंजी 5572 फीसदी बढ़ाई है। अब यह कंपनी पोर्टफोलियो में शेयरों की संख्या बढ़ाने जा रही है और कंपनी ने इस स्टॉक स्प्लिट के लिए रिकॉर्ड डेट भी फिक्स कर दिया है। शेयरों की बात करें तो एनएसई पर आज यह 1.30 फीसदी के उछाल के साथ 167.90 रुपये (Servotech Power Systems Share Price) पर बंद हुआ है।
Stock Split के लिए क्या है रिकॉर्ड डेट
कंपनी ने 8 जुलाई को एक्सचेंज फाइलिंग में स्टॉक स्प्लिट के रिकॉर्ड डेट की जानकारी भेज दी थी। इस स्मॉल कैप कंपनी के बोर्ड ने 28 जुलाई 2023 को स्टॉक स्प्लिट के लिए रिकॉर्ड डेट फिक्स किया है। एक्सचेंज फाइलिंग में दी गई जानकारी के मुताबिक कंपनी 1:2 के रेश्यो में स्टॉक स्प्लिट कर रही है यानी कि 2 रुपये की फेस वैल्यू वाले शेयरों को 1 रुपये की फेस वैल्यू शेयरों में तोड़ेगी। बोर्ड ने 25 मई 2023 की बैठक में स्टॉक स्प्लिट को मंजूरी दे दी थी।
कंपनी की वेबसाइट पर मौजूद डिटेल्स के मुताबिक यह कंपनी सोलर प्रोडक्ट्स, मेडिकल डिवाइसेज और कम बिजली खाने वाली बल्ब बनाकर बेचती है। पिछले साल इसने ईवी चार्जिंग इक्विपमेंट बनाकर ईवी मार्केट में भी एंट्री मारी है। इसके शेयरों की बात करें तो इस साल यह करीब 425 फीसदी मजबूत हुआ है।
एक साल के टाइमफ्रेम की बात करें तो पिछले साल 26 जुलाई 11.40 रुपये के भाव पर था जो इसका एक साल का निचला स्तर है। इसके बाद 11 महीने में यह 1654 फीसदी चढ़कर 21 जून 2023 को 200 रुपये पर पहुंच गया जो इसका एक साल का ऊंचा स्तर है। हालांकि शेयरों की यह तेजी यहीं थम गई और फिलहाल इस हाई लेवल से यह 16 फीसदी नीचे है।