Multibagger Stock: स्टॉक मार्केट में निवेश से तगड़ा पैसे बनाने का एक मंत्र है धैर्य रखना। अगर किसी अच्छी कंपनी में पैसे लगाकर कुछ समय के लिए छोड़ दिए जाएं तो शानदार मुनाफा कमा सकते हैं। ऐसी ही एक कंपनी एपीएल अपोलो ट्यूब्स लिमिटेड (पूर्व नाम Bihar Tubes) है। इसके शेयरों ने 16 साल में निवेशकों को महज 36 हजार के निवेश पर करोड़पति बना दिया।
बीएसई पर 4 अक्टूबर को इसके शेयर करीब चार फीसदी की गिरावट के साथ 1097.05 रुपये के भाव (APL Apollo Tubes Share Price) पर बंद हुए। APL Apollo Tubes का मार्केट कैप 27,457.02 करोड़ रुपये है। यह स्टील के प्रोडक्ट्स तैयार करती है।
36 हजार के निवेश पर बना दिया करोड़पति
कंपनी के शेयरों के भाव 10 नवंबर 2006 को 3.88 रुपये था जो बढ़कर 1097.05 रुपये पर पहुंच चुका है। इसका मतलब हुआ कि उस समय यानी महज 16 साल पहले इसमें 36 हजार रुपये ही लगाए गए होते तो अब तक यह 1.02 करोड़ रुपये बन जाता। अगर कम टाइम फ्रेम की बात करें तो महज पांच साल में यह निवेशकों के पैसे को साढ़े 5 गुना से अधिक बढ़ा देता। पिछले महीने इसके शेयर 16 अगस्त 2022 को 1,146.25 रुपये की रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच गए थे। हालांकि उसके बाद इसमें वैश्विक परिस्थितियों के चलते बिकवाली का दबाव दिखा और अभी यह करीब 4 फीसदी डिस्काउंट भाव पर है।
कंपनी के बारे में डिटेल्स
एपीएल अपोलो ट्यूब्स पहले बिहार ट्यूब्स थी। यह स्टील के प्रोडक्ट्स तैयार करती है। यह स्ट्रक्चरल स्टील, माइल्ड स्टील वेल्डेड ब्लैक ट्यूब्स, ब्लैक स्टील ट्यूब्स, फेंस ट्यूब्स इत्यादि की बिक्री करती है। कंपनी के वित्तीय सेहत की बात करें तो चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही इसके लिए बेहतर नहीं रही। बीएसई पर मौजूद आंकड़ों के मुताबिक अप्रैल-जून 2022 में इसका नेट प्रॉफिट तिमाही आधार पर 111.17 करोड़ रुपये से गिरकर 59.39 करोड़ रुपये रह गया। वहीं रेवेन्यू भी इस अवधि में 2,996.79 करोड़ रुपये से गिरकर 2,407.01 करोड़ रुपये पर आ गया।
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी शेयर परफार्मेंस के आधार पर दी गई है। यह बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।