Multibagger Stocks: देश की सबसे बड़ी होम टेक्सटाइल मैनुफैक्चरर और एक्सपोर्टर कंपनी इंडो काउंट (Indo Count) के शेयर आज इंट्रा-डे में 3 फीसदी से अधिक उछलकर एक साल के हाई पर पहुंच गए। पिछले पांच महीने में यह 147% ऊपर चढ़ा है। वहीं लॉन्ग टर्म में बात करें तो इसके शेयरों ने महज 11 साल में इसने 60 हजार रुपये के निवेश पर ही करोड़पति बना दिया है। अब मार्केट एक्सपर्ट्स इसमें आगे भी शानदार तेजी के आसार देख रहे हैं। घरेलू ब्रोकरेज फर्म आईसीआईसीआई सिक्योरिटीज के मुताबिक इसके शेयर मौजूदा लेवल से करीब 19 फीसदी उछल सकते हैं। इसके शेयर आज बीएसई पर 2.64 फीसदी की बढ़त के साथ 248.80 रुपये (Indo Count Share Price) पर बंद हुए हैं।
डेढ़ रुपये के शेयर ने बना दिया करोड़पति
इंडो काउंट के शेयर 17 अगस्त 2012 को महज 1.49 रुपये में मिल रहे थे। अब यह 248.80 रुपये पर है यानी कि महज 11 साल में निवेशकों का पैसा 16598 फीसदी बढ़ गया और वे महज 60 हजार रुपये के निवेश पर करोड़पति बन गए। ऐसा नहीं है कि इसने सिर्फ लॉन्ग टर्म में ही शानदार रिटर्न दिया है बल्कि शॉर्ट टर्म में भी इसने शानदार कमाई कराई है। इस साल 28 मार्च 2023 को यह एक साल के निचले स्तर 101.15 रुपये पर था। इसके बाद पांच महीने में ही यह 147 फीसदी से अधिक उछलकर आज 22 अगस्त को 250 रुपये पर पहुंच गया जो इसका एक साल का हाई है।
Indo Count में अब आगे क्या है रुझान
कारोबार की बात करें तो इंडो काउंट होम टेक्सटाइल बनाने वाली और निर्यात करने वाली देश की सबसे बड़ी कंपनी है। यह बेड शीट्स, गद्दा-रजाई और तकिया बनाती है। इसकी अमेरिका के टॉप 10 बिग बॉक्स रिटेलर्स में से 9 में मौजूदगी है। अब ब्रोकरेज व्यू की बात करें तो घरेलू ब्रोकरेज फर्म आईसीआईसीआई सिक्योरिटीज का मानना है कि कई देशों के साथ मुक्त व्यापार समझौता (Free Trade Agreement- FTA) और एक्सपोर्ट इंसेंटिव पॉलिसी से भारतीय निर्यातकों के लिए ढेर सारे मौके बन रहे हैं।
इंडो काउंट इस मौके को भुनाने के लिए काफी मजबूत स्थिति में है क्योंकि इसकी कैपेसिटी काफी अधिक है। इन सब बातों को देखते हुए ब्रोकरेज फर्म ने इसे 295 रुपये के टारगेट प्राइस पर खरीदारी की रेटिंग दी है। यह टारगेट प्राइस वित्त वर्ष 2024-25 के ईपीएस से 13 गुने भाव पर है।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।