Multibagger Stocks: दिग्गज एनबीएफसी बजाज फाइनेंस (Bajaj Finance) के इस वित्त वर्ष में अब तक 30 फीसदी से भी ऊपर चढ़े हैं। हालांकि लॉन्ग टर्म में इसमे करोड़पति बनाने में अधिक समय नहीं लिया और महज 15 साल में 18 हजार रुपये के निवेश पर ही करोड़पति बना दिया। मार्केट एक्सपर्ट्स के मुताबिक अभी भी इसमें बंपर कमाई का मौका बन रहा है। इसके शेयर मौजूदा लेवल से 24 फीसदी से भी अधिक ऊपर उछल सकते हैं। इसके शेयर शुक्रवार 1 सितंबर को 2.12 फीसदी की बढ़त के साथ 7317 रुपये (Bajaj Finance Share Price) पर बंद हुए। इसका फुल मार्केट कैप 4,43,350.96 करोड़ रुपये है।
15 साल में 18 हजार बन गया एक करोड़
बजाज फाइनेंस के शेयर 12 सितंबर 2008 को महज 12.24 रुपये में मिल रहे थे। अब यह 59679 फीसदी अपसाइड 7317.00 रुपये पर है यानी कि महज 15 साल में 18 हजार रुपये के निवेश पर ही निवेशक करोड़पति बन गए। ऐसा नहीं है कि इसने इतने लंबे समय में ही शानदार रिटर्न दिया है, बल्कि कम टाइम फ्रेम में भी इसने बंपर रिटर्न दिया है। पिछले तीन साल में यह 22 मई 2020 को 1895.95 रुपये के भाव से अब तक यह 286 फीसदी ऊपर चढ़ चुका है।
वहीं पिछले एक साल में शेयरों के मूवमेंट की बात करें तो 20 मार्च 2023 को यह एक साल के निचले स्तर 5,487.25 रुपये पर था। इसके बाद चार महीने में ही यह 46 फीसदी उछलकर 5 जुलाई 2023 को एक साल के हाई 7999.90 रुपये पर पहुंच गया। हालांकि इस हाई लेवल से फिलहाल यह 8 फीसदी से भी ज्यादा नीचे है।
Bajaj Finance में अब आगे क्या है रुझान
बजाज फाइनेंस का एसेट अंडर मैनेजमेंट (AUM) वित्त वर्ष 2018 से वित्त वर्ष 2023 के बीच 25 फीसदी की सीएजीआर से बढ़कर 2.5 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गया। इस दौरान इसके ग्राहक भी 2.6 करोड़ से बढ़कर 6.9 करोड़ पर पहुंच गए। घरेलू ब्रोकरेज फर्म का अनुमान है कि अब आगे की बात करें तो इसका एयूएम वित्त वर्ष 2023-25 में 28 फीसदी की सीएजीआर से बढ़कर 4 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच सकता। इसकी ग्रोथ को सबसे तगड़ा सपोर्ट मॉर्गेज से मिल सकता है जो पिछली पांच तिमाहियों में औसतन 28 फीसदी बढ़ रहा है और इसकी बजाज फाइनेंस के कारोबार में 31 फीसदी हिस्सेदारी है।
जून तिमाही में इसने कार के लिए फाइनेंस करना शुरू किया और अब इसका लक्ष्य मार्च तिमाही तक माइक्रोफाइनेंस और फिर उसके बाद ट्रैक्टर फाइनेंसिंग का है। ब्रोकरेज के मुताबिक इसका ग्रॉस एनपीए लेवल वित्त वर्ष 2024 और वित्त वर्ष 2025 में 1-1.3 फीसदी के बीच यानी 2 फीसदी के नीचे बना रहेगा। इन सब बातों को देखते हुए ब्रोकरेज ने 9105 रुपये के टारगेट प्राइस पर इसे खरीदारी की रेटिंग दी है।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।