Multibagger Stocks: टाटा ग्रुप (Tata Group) के शेयरों ने निवेशकों की झोली में ताबड़तोड़ बरसाए हैं। ऐसा ही एक शेयर Tata Elxsi का है। इसने 14 साल में महज 54 हजार रुपये के निवेश पर निवेशकों को करोड़पति बना दिया है। हालांकि अब ब्रोकरेज का कहना है कि इसके शेयरों का भाव बहुत महंगा हो गया है। ऐसे में मौजूदा लेवल से यह तेजी से नीचे लुढ़क सकता है। फिलहाल बीएसई पर 7022.75 रुपये के भाव (Tata Elxsi Share Price) पर है। पांच महीने में यह करीब 23 फीसदी मजबूत हुआ है। हालांकि मार्च तिमाही के नतीजे के बाद अब ब्रोकरेज ने इसे सेल रेटिंग दी है।
Tata Group के इस शेयर के लिए क्या है टारगेट प्राइस
Tata Elxsi के लिए मार्च तिमाही खास नहीं रही। ट्रांसपोर्टेशन वर्टिकल में गिरावट के चलते इसके रेवेन्यू में खास उछाल नहीं रही। ब्रोकरेज फर्म एचडीएफसी सिक्योरिटीज के मुताबिक आगे भी इसकी ग्रोथ सुस्त रह सकती है। वहीं वेतन में बढ़ोतरी के चलते जून तिमाही में कंपनी का मार्जिन प्रभावित हो सकता है। कंपनी के लिए एक और निगेटिव यह भी है पिछले दो साल से मुनाफे में उछाल के बावजूद कैश जेनेरेशन कमजोर है। वित्त वर्ष 2023 में ऑपरेटिंग कैश फ्लो (OCF) और EBITDA का रेश्यो 51 फीसदी रहा जबकि वित्त वर्ष 2020-22 में यह आंकड़ा 70 फीसदी पर था। ब्रोकरेज के मुताबिक इसके शेयर फिलहाल जिस भाव पर हैं, वह काफी महंगा है। ऐसे में ब्रोकरेज ने इसे 5535 रुपये के टारगेट प्राइस पर सेल रेटिंग दी है।
मल्टीबैगर साबित हुआ है Tata Elxsi
Tata Elxsi के शेयर 6 मार्च 2009 को 37.90 रुपये में मिल रहे थे। इसके बाद यह बेतहाशा ऊपर भागा और फिलहाल यह 18430 फीसदी ऊपर 7022.75 रुपये पर है। इसका मतलब हुआ कि टाटा ग्रुप के इस शेयर ने चौदह साल में निवेशकों के पैसे को 185 गुना से अधिक बढ़ाया है और महज 54 हजार रुपये के निवेश पर करोड़पति बना दिया है। हालांकि पिछले साल निवेशक और अधिक मुनाफे में थे जब इसके शेयर 17 अगस्त 2022 को 10,760.40 रुपये की रिकॉर्ड ऊंचाई पर थे।
इस रिकॉर्ड ऊंचाई से महज चार महीने में ही यह करीब 35 फीसदी फिसलकर 26 दिसंबर 2022 को 5,708.10 रुपये के भाव पर आ गया जो एक साल का निचला स्तर है। इस निचले स्तर से अब तक यह शेयर 23 फीसदी रिकवर हो चुका है लेकिन अभी भी रिकॉर्ड हाई से 35 फीसदी नीचे है। एक्सपर्ट के मुताबिक अभी यह 21 फीसदी नीचे और गिरेगा।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।